
Vitamin D Supplement During Winter in Hindi: शरीर को हेल्दी रखने और बीमारियों से बचाने के लिए विटामिन डी की पर्याप्त मात्रा बहुत जरूरी है। शरीर में विटामिन डी की कमी होने पर कई गंभीर बीमारियों का खतरा रहता है। इसकी कमी से आपकी हड्डियां कमजोर हो सकती हैं और शरीर में कैल्शियम की मात्रा भी असंतुलित हो सकती है। सर्दी के मौसम में विटामिन डी की कमी अक्सर लोगों में हो जाती है। सर्दियों में विटामिन डी की कमी से बचने के लिए लोग सप्लीमेंट का सेवन करते हैं। दरअसल सर्दियों में धूप की कमी के कारण आपको इसकी जरूरत पड़ सकती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जरूरत से ज्यादा विटामिन डी सप्लीमेंट का सेवन करने से आपको कई गंभीर नुकसान हो सकते हैं। आइए इस लेख में विस्तार से जानते हैं क्या सर्दियों में विटामिन डी सप्लीमेंट लेना सही है? इस मौसम में किन लोगों को विटामिन डी सप्लीमेंट की सबसे ज्यादा जरूरत पड़ती है।
क्या सर्दियों में विटामिन डी सप्लीमेंट लेना सही है?- Do You Need Vitamin D Supplements in Winter?
सर्दी के मौसम में धूप की कमी के कारण आपका शरीर विटामिन डी को सही ढंग से अवशोषित नहीं कर पाता है। शरीर में विटामिन डी की कमी होने पर आपको हाइपरटेंशन,ऑटोइम्यून डिजीज समेत हड्डियों में कमजोरी और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा रहता है। इसके कारण आपके शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी कमजोर हो सकती है। पब्लिक हेल्थ इंग्लैंड की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि सर्दियों के मौसम में गंभीर समस्याओं से बचने के लिए आपको विटामिन डी सप्लीमेंट की जरूरत पड़ सकती है। लेकिन बिना डॉक्टर की सलाह के खुद से इसका डोज लेना आपके लिए नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे लोग जिनके शरीर में विटामिन डी की कमी के लक्षण नहीं दिखते उन्हें सप्लीमेंट लेने से बचना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: शरीर में विटामिन डी की कमी क्यों होती है? जानें कैसे करें बचाव
कब करना चाहिए विटामिन डी सप्लीमेंट का सेवन?- When Should You Take Vitamin D Supplements?
विटामिन डी सप्लीमेंट का सेवन सर्दियों के मौसम में बिना डॉक्टर की सलाह के नहीं करना चाहिए। बाबू ईश्वर शरण हॉस्पिटल के सीनियर फिजिशियन डॉ. समीर कहते हैं कि जब आप नेचुरल सोर्स से शरीर में विटामिन डी की कमी पूरा नहीं कर पाते हैं, तब आपको इसकी जरूरत पड़ सकती है। ऐसे लोग जिनके शरीर में विटामिन डी की कमी के लक्षण दिखते हैं, वे भी डॉक्टर की सलाह के आधार पर इसका सेवन कर सकते हैं। विटामिन डी दरअसल एक फैट-सॉल्यूबल विटामिन है, इसलिए इसका सेवन हेल्दी फैट वाले मील के साथ ही करना चाहिए।
शरीर में विटामिन डी की कमी के लक्षण- Vitamin D Deficiency Symptoms in Hindi
शरीर में विटामिन डी की कमी होने पर आपको ये लक्षण प्रमुखता से दिखते हैं-
- हड्डियों में दर्द और कमजोरी
- थकान और कमजोरी
- वजन बढ़ना
- मूड स्विंग
- जोड़ों में दर्द
- बाल झड़ना
विटामिन डी सप्लीमेंट लेते समय ध्यान रखें ये सावधानियां
शरीर में विटामिन डी की कमी से बचने के लिए आपको विटामिन डी का सप्लीमेंट लेने की जरूरत होती है। जब आपके शरीर में नेचुरल फूड सोर्स के जरिए विटामिन डी की कमी नहीं पूरी हो पाती है, तब आपको डॉक्टर इसके सप्लीमेंट का सेवन करने की सलाह देते हैं। लेकिन विटामिन डी सप्लीमेंट का सेवन हमेशा डॉक्टर द्वारा बताये गए तरीके से ही करनी चाहिए। इसका ओवरडोज होने पर आपको कई गंभीर नुकसान पहुंच सकते हैं। इसका ओवरडोज होने पर आपको मतली, उल्टी और भूख में असंतुलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। बच्चे, बूढ़े और गर्भवती महिलाओं को विटामिन डी सप्लीमेंट लेते समय सावधानियों का ध्यान रखना चाहिए। विटामिन डी सप्लीमेंट का ओवरडोज होने पर आपके ब्लड में कैल्शियम की मात्रा बढ़ सकती है और इसकी वजह से हाइपरकैल्सीमिया (Hypercalcemia) की बीमारी भी हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: विटामिन D के बारे में पॉपुलर हैं ये 5 मिथक, डॉक्टर से जानें इनकी सच्चाई
शरीर में विटामिन डी की कमी से बचने के लिए रोजाना कुछ देर धूप में रहना चाहिए। इसके अलावा डाइट में दूध, पनीर और मिल्क या डेयरी प्रोडक्ट्स जरूर शामिल करने चाहिए। इसके अलावा मछली, अंडा और फिश ऑयल में भी विटामिन डी की मात्रा होती है। डाइट में मशरूम शामिल करने से भी आपके शरीर में विटामिन डी की कमी नहीं होती है।
(Image Courtesy: Freepik.com)