
सर्दियों में अक्सर लोग धूप में बैठकर मूंगफली का सेवन करते हैं। वहीं कुछ लोग परिवार या दोस्तों के साथ मूंगफली का आनंद उठाते हैं। कुछ लोगों के लिए मूंगफली का सेवन केवल टाइम पास करने का जरिया है तो वहीं पड़ोस के लोग मिलकर मूंगफली को खाते-खाते अपनी पुरानी यादों को ताजा करते हैं। वहीं अगर इसके पोषक तत्वों की बात की जाए तो मूंगफली के अंदर ऊर्जा, प्रोटीन, फाइबर, विटामिन ई, सोडियम, पोटेशियम, कैल्शियम, कॉपर, आयरन, मैग्नीशियम, फास्फोरस, जिंक आदि पाए जाते हैं जो सेहत के लिए बेहद उपयोगी हैं। लेकिन लोगों के मन में अक्सर मूंगफली से जुड़े कई सवाल पैदा हो जाते हैं। जैसे मूंगफली का सेवन खाली पेट करना चाहिए या नहीं? कितनी मात्रा में मूंगफली का सेवन किया जा सकता है? आज का हमारा लेख उन्हीं सवालों पर है। आज हम आपको अपने इस लेख के माध्यम से बताएंगे मूंगफली से जुड़े कुछ सवालों के जवाब। इसके लिए हमने न्यूट्रिशनिस्ट और वैलनेस एक्सपर्ट वरुण कत्याल ( Nutritionist and wellness expert varun katyal) से भी बात की है। पढ़ते हैं आगे...
1 - क्या खाली पेट कर सकते हैं मूंगफली का सेवन?
डॉक्टर के मुताबिक, खाली पेट मूंगफली का सेवन नहीं करना चाहिए। वरना इससे पेट से संबंधित समस्याएं हो सकती हैं। इससे अलग व्यक्ति को एलर्जी का सामना भी करना पड़ सकता है। यदि व्यक्ति खाली पेट मूंगफली का सेवन करना चाहता है तो वह इन्हें भिगोकर इनका सेवन कर सकता है। ऐसा करने से न केवल मूंगफली के पचाने में आसानी होगी बल्कि मूंगफली को भिगोकर खाने से इसके फायदे भी बढ़ जाते हैं।
2 - भीगी हुई मूंगफली के फायदे?
भीगी हुई मूंगफली आपकी सेहत के लिए बेहद लाभदायक हो सकती हैं। इसमें कैलोरी के साथ-साथ जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं। ऐसे में यह बॉडी बिल्डिंग में मदद कर सकती है। इसके अंदर एंटीऑक्सीडेंट और फ्लेवोनॉइड जैसे तत्व भी होते हैं। ऐसे में ये कई समस्याओं को दूर करने में उपयोगी है।
इसे भी पढ़ें- मूंगफली भिगोकर खाने से मिलती है बादाम से ज्यादा ताकत, मसल्स बनाने वालों के लिए है रामबाण
3 - दिन में मूंगफली का सेवन कब करना चाहिए?
मूंगफली खाने के समय वैज्ञानिकों द्वारा कोई शोध मौजूद नहीं है। ऐसे में डॉक्टर की मानें तो व्यक्ति हेल्दी स्नैक्स के रूप में भुनी हुई मूंगफली या भीगी हुई मूंगफली का सेवन कर सकता है। लेकिन खाली पेट मूंगफली का सेवन करने से बचना चाहिए।
4 - कितनी मात्रा में करना चाहिए मूंगफली का सेवन?
इससे संबंधित एक रिसर्च हमारे पास है, जिसके द्वारा व्यक्ति रोज पीनट का सेवन कर सकता है। वहीं एक मुट्ठी पीनट को रोजाना खाने से सेहत को कई फायदे मिल सकते हैं। इससे संबंधित रिसर्च पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
5 - मूंगफली को सुरक्षित कैसे रखें?
बता दें कि मूंगफली को लंबे समय तक स्टोर करना है तो आप एयर टाइट जार में मूंगफली के दानों को स्टोर करके रख सकते हैं। वहीं अगर इन्हें ठंडी और अंधेरी जगह पर रखा जाए तो कई महीनों तक आपका साथ दे सकता है। ध्यान रहे कि मूंगफली में कीड़े भी पड़ जाते हैं। ऐसे में समय-समय पर इनकी जांच करते रहें। लंबे समय तक इन्हें स्टोर करने से बचें।
6 - जरूरत से ज्यादा मूंगफली खाने पर क्या होता है?
जो लोग मूंगफली का जरूरत से ज्यादा सेवन कर लेते हैं उन्हें सीने में जलन यानी एसिडिटी की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। इससे अलग मूंगफली की तासीर बेहद ही गर्म होती है ऐसे में इसके अधिक सेवन से शरीर के तापमान पर भी प्रभाव पड़ सकता है। इसके अलावा व्यक्ति को एलर्जी की समस्या का भी सामना करना पड़ सकता है।
इसे भी पढ़ें- जरूरत से ज्यादा ना करें मूंगफली का सेवन, वरना हो सकता है नुकसानदायक
नोट - ऊपर बताए गए बिंदुओं से पता चलता है कि मूंगफली के सेवन से सेहत को कई फायदे मिल सकते हैं। हालांकि उससे पहले व्यक्ति को यह पता होना चाहिए कि मूंगफली का सेवन कितनी मात्रा में करना है और व्यक्ति किसी समय मूंगफली का सेवन कर सकता है। जो व्यक्ति स्पेशल डाइट फॉलो कर रहे हैं या किसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त हैं वे मूंगफली को अपनी डाइट में जोड़ने से पहले एक बार जरूर लें।
इस लेख में फोटोज़ Freepik और pixabay से ली गई हैं।