
Fatty Liver Disease Symptoms: लिवर शरीर को हेल्दी बनाए रखने और सही ढंग से काम करने में मदद करने के लिए बहुत जरूरी होता है। लिवर शरीर में लगभग 500 से ज्यादा शारीरिक प्रक्रिया के लिए जिम्मेदार होता है। इसका काम भोजन को पचाने, बीमारियों के प्रति प्रतिक्रिया पैदा करने और खून की सफाई सफाई करना होता है। खानपान में गड़बड़ी और निष्क्रिय जीवनशैली के कारण लिवर से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। बहुत ज्यादा मात्रा में अनहेल्दी और फैटी चीजों का सेवन करने से आपको फैटी लिवर की समस्या हो सकती है। जब लिवर में फैट ज्यादा मात्रा में जमा होने लगता है, तो इसकी वजह से सूजन बढ़ती है और लिवर सही ढंग से अपना काम नहीं कर पाता है। इसकी वजह से आपको कई गंभीर परेशानियां हो सकती हैं। लंबे समय तक फैटी लिवर की समस्या का शिकार होने पर आपको लिवर फेलियर और लिवर सिरोसिस का भी खतरा बना रहता है। सही समय पर फैटी लिवर के लक्षणों को पहचानकर इलाज लेने से मरीज की जान बच सकती है। शरीर के कुछ अंगों में सूजन भी फैटी लिवर का लक्षण हो सकता है। आइये इस लेख में विस्तार से जानते हैं फैटी लिवर के लक्षणों के बारे में।
इन अंगों में सूजन हो सकता है फैटी लिवर का लक्षण- Swelling Can Be Sign of Fatty Liver Disease in Hindi
फैटी लिवर की समस्या में आमतौर पर कोई लक्षण नहीं दिखता है। जैसे-जैसे यह समस्या बढ़ती है, मरीज को कुछ परेशानियां होने लगती हैं। डॉक्टर के पास जाने पर मरीजों को सिटी स्कैन जैसे इमेजिंग टेस्ट कराने की सलाह दी जाती है। इसके अलावा कुछ मरीजों को ब्लड टेस्ट कराने की सलाह भी मिलती है। इन टेस्ट के माध्यम से लिवर की स्थिति का पता लगाया जाता है। फैटी लिवर होने पर आपके शरीर में कुछ बदलाव भी होने लगते हैं। इन बदलावों को सही समय पर पहचानकर उचित कदम उठाने से मरीज इसे ठीक कर सकता है। आमतौर पर लिवर से जुड़ी समस्या में मरीज को पेट में दर्द, पाचन में खराबी और थकान जैसी परेशानियों का अनुभव करना पड़ता है। बाबू ईश्वर शरण हॉस्पिटल के सीनियर फिजिशियन डॉ. समीर कहते हैं कि फैटी लिवर की स्थिति में लिवर जख्मी होने लगता है। इसकी वजह से आपको लिवर सिरोसि की समस्या का खतरा बढ़ जाता है। इसके कारण आपके शरीर के कुछ अंगों में सूजन भी हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: फैटी लिवर की समस्या में चेहरे पर दिखते हैं ये लक्षण, भूलकर भी न करें नजरअंदाज
शरीर के इन अंगों में सूजन फैटी लिवर का लक्षण हो सकता है-
1. पेट में सूजन
फैटी लिवर की समस्या में आपके लिवर का साइज बदलने लगता है। इसकी वजह से आपके पेट में सूजन हो सकती है। पेट में सूजन को पाचन या पेट में गैस से जुड़ा मानकर नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। फैटी लिवर के कारण भी आपके पेट में सूजन हो सकती है। पेट में सूजन होने पर आपको एक्सपर्ट डॉक्टर की सलाह लेकर इसकी जांच जरूर करानी चाहिए।
2. पैरों में सूजन
कुछ मरीजों में फैटी लिवर के कारण पैरों और टखनों में सूजन की समस्या हो सकती है। अक्सर लोग पैरों की सूजन को चोट या पैर से जुड़ी परेशानी मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। लंबे समय तक पैरों में सूजन फैटी लिवर का संकेत हो सकता है। जब आपका लिवर सही ढंग से काम नहीं कर पाता है, तो इसकी वजह से पैरों में ब्लड फ्लो प्रभावित होता है। यह लक्षण दिखने पर आपको डॉक्टर की सलाह और उचित इलाज लेना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: क्या फैटी लिवर थकान और कमजोरी का कारण बनता है? एक्सपर्ट से जानें
3. टखनों में सूजन या एडिमा
एडिमा एक खतरनाक बीमारी है, इसमें मरीज के हाथ-पैर में पानी भरने की वजह से सूजन होने लगती है। इस स्थिति को फ्लूइड रिटेंशन भी कहा जाता है। लिवर में खराबी आने पर भी आपको एडिमा के लक्षण दिख सकते हैं।
4. उंगलियों में सूजन
लिवर सिरोसिस और फैटी लिवर की समस्या में मरीज की उंगलियों में सूजन होने लगती है। इसकी वजह से आपकी उंगलियों की टिप में सूजन देखने को मिलता है। अगर आपको भी ये लक्षण दिख रहे हैं, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क लेना चाहिए।
फैटी लिवर की समस्या आज के समय में बहुत कॉमन हो गयी है। बहुत ज्यादा तला-भुना, फास्ट-फूड और मसालेदार भोजन करने की वजह से बुजुर्गों से लेकर बच्चे तक सभी में यह समस्या हो सकती है। फैटी लिवर से बचने के लिए डाइट में हरी सब्जियों और फलों को शामिल करना चाहिए। इसके अलावा बहुत ज्यादा तला-भुना और फैटी भोजन करने से बचना चाहिए। शराब का सेवन और स्मोकिंग करने वाले लोगों में इसका खतरा ज्यादा रहता है। सही समय पर फैटी लिवर के लक्षणों को पहचानकर उचित इलाज लेने से ठीक किया जा सकता है।
(Image Courtesy: Freepik.com)
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version