
क्या आप शुगर के मरीज हैं और आप अपनी इम्यूनिटी मजबूत करना चाहते हैं? तो यह लेख आपके लिए है
कोरोना महामारी की इस लहर में फ्लू का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। इस खतरे से निपटने के लिए सबसे ज्यादा इस बात पर जोर दिया जा रहा है कि शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाई जाए। हालांकि शोध भी कहते हैं कि स्ट्रॉन्ग इम्यूनिटी आपको अंदर और बाहर दोनों तरफ से मजबूती करती है और रोगों से लड़ने की क्षमता देता है। अब सवाल ये है कि जिन्हें डायबटीज है वो अपनी इम्यूनिटी कैसे बढाएं? दरअसल शुगर एक ऑटोइम्यून बीमारी मानी जाती है, विशेष रूप से डायबिटीज टाइप 1 क्योंकि इस में शरीर किसी भी इंसुलिन का उत्पादन करने में असक्षम होता है। टाइप 2 में, शरीर या तो पर्याप्त इंसुलिन का उत्पादन नहीं करता है या इसका सही उपयोग नहीं करता। शुगर हमारी इम्यूनिटी को कमजोर बनाती है। जिसके कारण शुगर वाले लोग बहुत जल्दी बीमार और संक्रमित हो सकते हैं। इसलिए डायबिटिक लोगों के लिए और भी जरूरी हो जाता है अपनी डाइट का ख्याल रखना।
मधुमेह यानी की डायबिटीज से पीड़ित व्यक्ति को पैर में संक्रमण, यीस्ट इंफेक्शन, मूत्र पथ के संक्रमण और सर्जिक्ल साइट संक्रमण का खतरा भी होता है। संक्रमण के जोखिम को कम करने और अपनी इम्यूनिटी को बूस्ट करने का सबसे अच्छा तरीका है समय पर दवा लेना और स्वस्थ जीवन शैली को अपनाना। स्वस्थ जीवनशैली का मतलब है पर्याप्त नींद लेना, लगातार व्यायाम और स्वस्थ भोजन करना। विभिन्न प्रकार के पोषक तत्वों के साथ अपने इम्यून सिस्टम को बूस्ट करना बहुत ही जरूरी है खासकर तब, जब आपको डायबिटीज हो। अगर आपको डायबिटीज है तो आप इन पांच प्रतिरक्षा-बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थों को अपनी डेली डाइट में शामिल कर सकते हैं। तो आइए जानते हैं इन फूड के बारे में।
शुगर रोगियों के लिए 5 इम्यूनिटी-बूस्टर फूड (Immunity Booster Food)
कैसे बढ़ेगी इम्यूनिटी- डायबटीज के मरीजों को अब असमंजस में रहने की कोई जरूरत नहीं है कि वो इम्यूनिटी बढ़ाने के लिया क्या खाएं और क्या नहीं. चलिए जानते हैं कुछ ऐसे इम्यून-बूस्टिंग फूड्स के बारे में जो आपके बड़े काम आने वाले हैं।
इसे भी पढ़ेंः मछली खाने वाले आंख मूंद कर न खाएं हर किस्म की मछली, कहीं हो न जाएं आप फिश पॉइजनिंग के शिकार
गाजर के सेवन से इम्यूनिटी बढ़ती है (Use Carrot To Boost Immunity)
शायद ही कोई ऐसा होगा जिसे गाजर पसंद ना हो। सर्दियों में गाजर की डिमांड भी खूब होती है। जो शरीर के स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद है। गाजर फाइबर, बीटा कैरोटीन, एंटीऑक्सिडेंट और पोटेशियम से भरपूर होती है। जो इम्यून सिस्टम के लिए बहुत जरूरी है। ये कोलेस्ट्रॉल कम करने, वजन कम करने और आंखों की सेहत के लिए मददगार है। गाजर में पेक्टिन भी होता है। इसलिए गाजर डायबटीज रोगियों के लिए सबसे अच्छा इम्यूनिटी फूड्स में से एक है।
अखरोट से बढ़ायें इम्यूनिटी (Walnuts For Strong Immunity)
अखरोट शरीर में शुगर के स्तर को नियंत्रित करने और टाइप 2 मधुमेह के खतरे को कम करने में कारगार है। इसमें विटामिन ई होता है। इसमें भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सिडेंट हैं। जो हमारे शरीर को रोगों से लड़ने के लिए मजबूत बनते हैं। अखरोट के सेवन से फाइबर भी भरपूर मिलता है। बता दें अखरोट पचने में बहुत समय लेता है इसलिए ये शरीर में डायबटीज को काबू में रखता है।
मसूर की दाल इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए (Lentils To Boost Immunity)
देखा जाए तो दाल में प्रोटीन, फाइबर, फोलेट, मैग्नीशियम, एंटीऑक्सिडेंट और कार्बोहाइड्रेट का खजाना होता है। जो ब्लड में शर्करा के स्तर को नियंत्रित करने में सहायक होते हैं। इसके अलावा कोलेस्ट्रॉल को भी मसूर की दाल कंट्रोल करती है। जिससे टाइप 2 मधुमेह के खतरा कम हो जाता है। अगर आप हर रोज 1 कटोरी दाल खाते हैं तो इससे दिल की बिमारी का खतरा भी कम हो जाता है और कब्ज की समस्या भी नहीं होती। अपने खाने में दाल को शामिल करना शुगर पेशेंट के लिए बहुत फायदेमंद है।
इसे भी पढ़ेंः सलाद ही नहीं, हेल्दी खीरा खाने के हैं कई और तरीके, जानें मजेदार रेसिपीज और फायदे
बेल मिर्च है फायदेमंद (Use Bell Pepper In Your Diet)
शिमला मिर्च की प्रजाति में शामिल ये सब्जी बेहद लाभकारी है। खासकर डायबटीज के मरीजों के लिए। जो हमारे शरीर को कई रोगों से बचाती है। इसमें दो पाचक एंजाइम लाइपेज और अल्फा-ग्लूकोसाइड होते हैं। जो लिपिड और कार्बोहाइड्रेट के डाइजेशन को धीमा करने में प्रभावी हैं। ये डायबटीज की कम करने में सहायक हैं। इसमें शक्तिशाली एंटीऑक्सिडेंट होते हैं जो हमें रोगों से लड़ने में मदद करता है। क्योंकि हमारे शरीर में डायबटीज की वजह से कई बीमारियां हो सकती हैं।
सफेद चना का सेवन मधुमेह में फायदेमंद (Chickpea Control Sugar)
भारतीय खाने में बेहद पसंद किया जाने वाला सफ़ेद चना जिसे छोले भी कह सकते हैं, में प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और खनिजों का अच्छा तालमेल होता है। लगभग 150 ग्राम सफेद चने का सेवन शरीर की दैनिक प्रोटीन जरूरतों का आधा हिस्सा कवर करता है। जिससे हमारे शरीर में पोषक तत्वों की कमी भी पूरी होती है। जो डायबटीज के मरीजों के लिए फायदेमंद है। इससे हड्डियों को मजबूती भी मिलती है। ब्लड प्रेशर के साथ दिल का हाल भी अच्छा रहता है।
दुनिया भर में डायबिटीज से पीड़ित लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है और यह आजकल एक आम बीमारी बन गई है। फिलहाल आप हमारे द्वारा बताये गये इम्यूनिटी फूड्स को अपने आहार में शामिल करके अपनी इम्यूनिटी बढ़ाने के साथ डायबटीज पर भी कंट्रोल कर सकते हैं।
Read more articles on Healthy-Diet in Hindi
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।