योग करने से मन शांत होता है और शरीर के रोग दूर होते हैं। लेकिन योग करने के दौरान अनुशासन का पालन न किया जाए, तो ये आपके लिए नुकसानदायक हो सकता है। ज्यादा योग करने से होने वाले नुकसान से बचने के लिए, आपको कुछ सावधानियों पर गौर करना होगा। इस लेख में हम आपको बताएंगे योग को जरूरत से ज्यादा समय देने से आपके शरीर को क्या नुकसान हो सकते हैं। साथ ही कुछ टिप्स और ज्यादा योगा करने के लक्षणों पर भी बात करेंगे। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के रवींद्र योग क्लीनिक के योग एक्सपर्ट डॉ रवींद्र कुमार श्रीवास्तव से बात की।
ज्यादा योग करने के नुकसान (Risks of Doing Too Much Yoga)
- अगर योग को आप जरूरत से ज्यादा करेंगे, तो स्पाइन में समस्या हो सकती है। इसके अलावा आपकी पीठ या कमर में दर्द उठ सकता है।
- अगर आप आसन को ठीक ढंग से नहीं कर पाएंगे या आसन को ज्यादा समय देंगे, तो किडनी और अन्य अंगों पर इसका बुरा असर पड़ेगा।
- आपको बता दें कि योग, शरीर के तापमान को नियंत्रित करने का काम करता है। अगर आप गलत तरीके से योग करेंगे, तो आपका बीपी बढ़ सकता है।
- योग को सही अंतराल के लिए न किया जाए, तो आपको थकान हो सकती है।
- अगर आप जरूरत से ज्यादा देर के लिए योग करेंगे, तो कुछ देर बाद मन अशांत होने लगेगा। योग के लिए एकाग्र मन की जरूरत होती है।
ज्यादा योग करने के लक्षण (Overdoing Yoga Signs)
जरूरत से ज्यादा योग करेंगे, तो शरीर आपको कुछ संकेत दे सकता है जैसे-
- ज्यादा योग करेंगे तो चेहरा लाल होने लगेगा। योग सांसों पर आधारित होता है। ज्यादा देर सांस को रोकने के कारण ऐसा होता है। इसे सांस लेने और छोड़ने के दौरान होने वाली गलती का नतीजा भी कहा जा सकता है।
- शरीर के किसी भी अंग में दर्द महसूस हो, तो योग रोक दें। किसी मुद्रा को करने में होने वाली कठिनाई के कारण ऐसा हो सकता है।
- जरूरत से ज्यादा योग करने पर जी मिचलाना या थकान महसूस हो सकती है। इन लक्षणों के नजर आने पर रुक जाएं।
- सांस लेने में परेशानी महसूस होना भी ज्यादा योग करने का साइड इफेक्ट हो सकता है।
- इंजरी या शरीर के हिस्से में सूजन नजर आए, तो भी समझ जाएं कि आप जरूरत से ज्यादा योग कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें- रोजाना योग करने से शरीर, मन और मस्तिष्क को मिलते हैं ये 6 फायदे
कितनी देर योग करना चाहिए?
आप दिन में 20 से 30 मिनट योगा करें। एक दिन में इतना समय योग को देना ठीक है। अगर आप ज्यादा समय देना चाहते हैं तो उसमें वॉक या कोई अन्य फिजिकल वर्कआउट शामिल कर सकते हैं। जिन लोगों की सर्जरी हुई है उन्हें डॉक्टर की सलाह पर ही दोबारा योग शुरू करना चाहिए। कुछ लोग दिन में कई बार योग करते हैं। आपको बता दें कि किसी भी कार्य को बार-बार बेवजह दोहराने से उसका महत्व आपके लिए खत्म होने लगेगा। आप सुबह के समय योग करें। सुबह खाली पेट योगा करने से पाचन तंत्र ठीक से काम करता है और ब्लड सर्कुलेशन भी बेहतर होता है। अगर आपने कुछ खा लिया है, तो उसके 3 से 4 घंटे बाद ही योगा करें।
इन टिप्स को फॉलो करें
- कुछ देर के योग सेशन से शुरू करें और अपनी क्षमता के मुताबिक धीरे-धीरे समय बढ़ाएं।
- एक आसन को ज्यादा देर के लिए करने के बजाय 4 से 5 अलग-अलग योग आसन को रूटीन में शामिल करें।
- थकान, बुखार या अन्य बीमारी में योगा करने से बचें।
- अगर आपको योग के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, तो किसी कोच या गाइड की देखरेख में ही योगा करें।
आप अपनी क्षमता के अनुसार ही योग करें। जरूरी नहीं है कि किसी व्यक्ति से प्रभावित होकर आप एक घंटा योग कर पाएं। उत्साह में ज्यादा योग करना भी सेहत को बिगाड़ सकता है।