Side Effects of Drinking Very Hot Drinks: ज्यादा गर्म ड्रिंक पीने की आदत आपको बीमार बना सकती है। कुछ लोग खौलती हुई चाय, कॉफी, दूध, सूप, पानी या अन्य तरल पदार्थ पीना पसंद करते हैं। लेकिन आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इससे आपकी सेहत को कई तरह के नुकसान हो सकते हैं। कभी-कभी हम गलती से किसी अधिक गर्म चीज का सेवन कर लेते हैं, लेकिन उसका प्रभाव भी अस्थाई समय के लिए ही होता है। इसी तरह ठंड के दिनों में शरीर को गर्म रखने के लिए हॉट ड्रिंक्स का सेवन किया जाता है। लेकिन यह भी एक सामान्य बात है। जब आप लंबे समय तक ज्यादा गर्म ड्रिंक्स का सेवन करते हैं, तब शरीर पर इसका नकारात्मक प्रभाव दिखने लगता है। इस लेख में हम जानेंगे शरीर के लिए ज्यादा गर्म तरल पदार्थ पीने के नुकसान। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के विकास नगर की रहने वाली न्यूट्रिशनिस्ट और फिटनेस एक्सपर्ट पायल अस्थाना से बात की।
1. अंदरूनी अंगों में जलन और सूजन होती है- Damage To Internal Organs
अगर आपकी चाय, कॉफी, दूध, पानी या किसी अन्य गर्म ड्रिंक का तापमान 60 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा है, तो वह ज्यादा गर्म कहलाती है। जब आपकी ड्रिंक ज्यादा गर्म होती है, तो सेल्स डैमेज होने लगते हैं। इस वजह से अंदरूनी अंगों में सूजन या जलन हो सकती है।
2. ज्यादा गर्म पीने से थर्मल इंजरी होती है- Very Hot Beverage Cause Thermal Injury
ज्यादा गर्म भोजन या ड्रिंक का सेवन करने से गले या फूड पाइप में थर्मल इंजरी हो सकती है। गर्म ड्रिंक फूड पाइप या गले की लाइनिंग को नुकसान पहुंचाती है। मेरे कॉलेज में एक प्रोफेसर को थर्मल इंजरी हो गई थी। बचपन में ज्यादा गर्म दूध पीने के कारण उनकी जीभ के पीछे वाले हिस्से की स्किन डैमेज हो गई। इस वजह से वह अब कुछ भी ज्यादा गर्म नहीं खा पाते।
3. क्या ज्यादा गर्म ड्रिंक पीने से एसोफैगल कैंसर होता है?- Can Hot Drink Cause Esophageal Cancer
कुछ स्टडीज में ऐसा कहा गया है कि ज्यादा गर्म तापमान वाली ड्रिंक्स का सेवन करने से एसोफैगल कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। जर्नल ऑफ इंटरनेशनल कैंसर की स्टडी के मुताबिक गर्म ड्रिंक और एसोफैगल कैंसर का संबंध है। एसोफैगल में ट्यूमर बढ़ने से कैंसर फैलता है। फूड पाइप या भाेजन नली में असामान्य कोशिकाओं के बढ़ने से सेल्स अनियंत्रित तरीके से बढ़ते हैं। संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में हॉस्पिटल मैनेजमेंट के एचओडी डॉ राजेश हर्षवर्धन ने बताया कि इस बात पर कोई ठोस रिसर्च नहीं है कि ज्यादा गर्म ड्रिंक्स पीने से एसोफैगल कैंसर होता है। लेकिन अगर आप लंबे समय से ज्यादा गर्म तापमान वाली चीजों का सेवन कर रहे हैं, तो यह एसोफैगल कैंसर का एक रिस्क फैक्टर हो सकता है।
इसे भी पढ़ें- चाय और कॉफी, दोनों में क्या है सेहत के लिए ज्यादा हानिकारक?
4. हार्ट बर्न के लक्षण नजर आते हैं- Very Hot Beverage Cause Heartburn Symptoms
ज्यादा गर्म चीज पीने या खाने से हार्टबर्न की समस्या हो सकती है। हार्ट बर्न होने पर सीने में तेज जलन महसूस होती है। यह जलन भोजन नली में एसिड के वापस आने के कारण होती है। जो लोग अधिक चाय या कॉफी का सेवन करते हैं, उनमें हार्ट बर्न के लक्षण (Heartburn Symptoms in Hindi) ज्यादा नजर आते हैं।
5. पेट की लाइनिंग डैमेज होती है- Stomach Lining Damage
ज्यादा गर्म चीज खाने या पीने के बाद वह सीधे पेट में जाती है। इससे पेट की लाइनिंग डैमेज हो सकती है। जिन लोगों को पेट में अल्सर है, उन्हें ज्यादा गर्म ड्रिंक का सेवन करने से बचना चाहिए। इससे डाइजेशन बिगड़ता है और शरीर में आयरन भी एब्सॉर्ब नहीं हो पाता। इससे शरीर में आयरन की कमी हो जाती है। ऐसे लोगों को एनीमिया होने का खतरा ज्यादा होता है। इसी तरह ज्यादा गर्म ड्रिंक पीने से अन्य न्यूट्रिएंट्स को एब्सॉर्ब करने में भी अड़चन आ सकती है।
ज्यादा गर्म तरल पदार्थ पीने के नुकसान तो आपने जान ही लिए इसलिए चाय-कॉफी को पीते समय उसके तापमान को हल्का गर्म ही रखें। इससे ऊपर बताए नुकसान से बच सकते हैं। उम्मीद करते हैं आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।