Postpartum Tips For Women: ऐसा माना जाता है कि प्रेग्नेंसी के बाद डिलीवरी सामान्य हुई हो या ऑपरेशन से, महिला के शरीर को रिकवर होने में 6 महीने का समय लग जाता है। यह एक तय सीमा नहीं है। अगर डिलीवरी के दौरान किसी तरह के कॉम्प्लिकेशन्स का सामना किया है, तो महिला को रिकवरी में ज्यादा समय लग सकता है। ज्यादातर हम बात करते हैं कि डिलीवरी के तुरंत बाद या कुछ हफ्तों तक अपना ख्याल कैसे रखा जाए। लेकिन आज हम बात करेंगे उन सावधानियों और जरूरी टिप्स के बारे में जो आपको डिलीवरी के 1 साल बाद भी काम आएंगे। डिलीवरी के 1 साल बाद ज्यादातर महिलाएं अपनी नई जिम्मेदारी के साथ खुद को ढाल लेती हैं और वहीं कुछ महिलाएं एक साल बाद भी मां बनने की जिम्मेदारी में खुद का ख्याल नहीं रख पातीं। इस लेख में हम जानेंगे कुछ टिप्स जो आपको डिलीवरी के 1 साल बाद भी हेल्दी रखने में मदद करेंगे। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के झलकारीबाई अस्पताल की गाइनोकॉलोजिस्ट डॉ सीमा यादव से बात की।
शिशु को स्तनपान करवाना न भूलें- Breastfeed Your Child
कुछ महिलाएं डिलीवरी के कुछ समय बाद ही शिशु को स्तनपान करवाना बंद कर देती हैं। लेकिन शिशु को कम से कम 6 महीनों तक मां का दूध पिलाना चाहिए। इसके बाद शिशु को ठोस आहार के साथ स्तनपान करवाना चाहिए। शिशु को स्तनपान करवाने से स्तन के कैंसर के खतरे से बचा जा सकता है। मां और शिशु दोनों को स्वस्थ रखने के लिए स्तनपान की अहमियत को नजरअंदाज न करें।
स्ट्रेस फ्री रहने का प्रयास करें- Keep Yourself Stress Free
डिलीवरी के बाद मैटरनिटी लीव खत्म होने के बाद जब महिलाएं दोबारा काम पर लौटती हैं, तो वह समय उनके लिए स्ट्रेस भरा हो सकता है। नई जिम्मेदारी और पुरानी जिम्मेदारियों के बीच महिलाएं खुद को तनाव में पाती हैं। आपके लिए जरूरी है कि खुद को स्ट्रेस फ्री रखने के लिए योग करें, डीप ब्रीदिंग एक्सरसाइज करें और अपनी हॉबी के लिए समय निकालें।
कैल्शियम रिच फूड्स का सेवन करें- Eat Calcium Rich Foods
डिलीवरी के बाद कुछ महिलाओं में कैल्शियम की कमी नजर आने लगती है। इसे पूरा करने के लिए कैल्शियम रिच फूड्स को अपनी डाइट में शामिल करें। महिलाएं डिलीवरी के 1 महीने के बाद सामान्य डाइट लेने लगती हैं। भले ही आपका शरीर डिलीवरी के कुछ वक्त बाद सामान्य अवस्था में आ जाए, लेकिन पूरी तरह से शरीर को रिकवर होने में समय लगता है। जो महिलाएं शिशु को स्तनपान करवाती हैं, उन्हें खासतौर पर बैलेंस्ड डाइट का सेवन करना चाहिए। दूध, पालक, तिल के बीज, पनीर और बादाम आदि को डाइट में शामिल करें।
पोस्टपार्टम केयर में इन टिप्स को फॉलो करें- Postpartum Self Care Tips
- महिलाओं को डिलीवरी के 6 महीने के बाद या 1 साल बाद अपना आई चेकअप करवाना चाहिए। कुछ महिलाएं डिलीवरी के बाद आंखों में कमजोरी की शिकायत करती हैं इसलिए चेकअप जरूरी है।
- डिलीवरी के 1 साल बाद दोबारा गर्भवती होने का ख्याल न लाएं। 2 बच्चों के बीच करीब 2 साल का अंतर होना चाहिए। मां के शरीर को पूरी तरह से रिकवर होने में समय लगता है इसलिए 2 साल का गैप जरूर रखें।
- शिशु के 1 साल के हो जाने के बाद आपकी जिम्मेदारियां कम होने के बजाय बढ़ सकती हैं, ऐसे में अनिद्रा से बचें। हर दिन 7 से 8 घंटे की नींद लेने का प्रयास करें।
- अगर आप शिशु को स्तनपान करवाती हैं, तो बर्थ कंट्रोल पिल खाने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह लेना न भूलें।
- पेल्विक मसल्स को मजबूत बनाने के लिए एक्सरसाइज करना न भूलें। आप कीगल एक्सरसाइज की मदद ले सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- पोस्टपार्टम डिप्रेशन क्या है और क्यों होता है? 29 वर्षीय सान्या शर्मा की कहानी से समझें इस बीमारी को
वजन कंट्रोल करें- Weight Management After Delivery
वजन घटाने के लिए डिलीवरी के 1 साल बाद का समय बिल्कुल सटीक है। क्योंकि डिलीवरी के बाद, 6 महीनों तक डॉक्टर महिलाओं को इंटेंस वर्कआउट करने की सलाह नहीं देते हैं। हालांकि 1 साल बाद आप हाई इंटेंस वर्कआउट, एरोबिक्स, कार्डियो और अन्य वर्कआउट कर सकती हैं। यह सही समय है जब आप एक्सरसाइज के जरिए, डिलीवरी के बाद बढ़े वजन को कंट्रोल कर सकती हैं।
उम्मीद करते हैं आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।