Main Types of Conjunctivitis: कंजंक्टिवाइटिस की समस्या इन दिनों काफी फैली हुई है। बारिश के मौसम में कंजंक्टिवाइटिस का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। कंजंक्टिवाइटिस होने पर व्यक्ति काफी परेशान होने के साथ चिड़चिड़ा भी हो जाता है। कंजंक्टिवाइटिस होने पर आंखों में कई तरह की समस्याएं होने लगती हैं जैसे खुजली, जलन, धुंधला दिखना, आंखों से पानी आना, लाल होना और आंखों में भारीपन। इस मौसम में ह्यूमिडिटी के कारण वायरस आसानी से वातावरण में फैल जाते हैं। इस कारण कंजंक्टिवाइटिस की समस्या ज्यादा होती है। कंजंक्टिवाइटिस एक तरह का संक्रमण होता है, इसमें आंखों के सफेद भाग की झिल्ली पर सूजन आ जाती है। इस कारण कंजंक्टिवाइटिस की समस्या होती है। कंजंक्टिवाइटिस होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए। आजकल जब कंजंक्टिवाइटिस के मामले काफी बढ़ गए है, तो आपको बता दें कि यह समस्या 5 तरह की होती है। इन 5 प्रकारों को जानने के बाद आप समझ सकते हैं कि आपको कौन सी कंजंक्टिवाइटिस हुआ है। इस विषय पर जानकारी के लिए हमने बात की शारदा क्लीनिक के फिजिशयन डॉक्टर केपी सरदाना से।
एलर्जिक कंजंक्टिवाइटिस
एलर्जिक कंजंक्टिवाइटिस लोगों में काफी देखने को मिलता है। यह आसपास की चीजों से फैलता है जैसे धूल, मिट्टी, पालतू जानवरों की बाल फफूंद या धुआं इत्यादि से हो सकता है। एलर्जिक कंजंक्टिवाइटिस होने पर आंखों में सूजन,लाल आंखें, आंसू और खुजली होती हैं। इस तरह का कंजंक्टिवाइटिस होने पर परफ्यूम, मेकअप प्रोडक्ट्स, आंखों की देखभाल करने वाले उत्पाद और दवाएं इसको ट्रिगर कर सकती हैं।
बैक्टीरियल कंजंक्टिवाइटिस
बैक्टीरियल कंजंक्टिवाइटिस भी एक तरह का आंखों का इंफेक्शन होता है, जो बैक्टीरिया के इंफेक्शन के कारण होता है। यह होने पर आंखों में दर्द, लाल आंख, आंखों से गाढ़ा पीला स्राव और पलकें चिपकने जैसे लक्षण नजर आते हैं। यह हाथ से आँख के संपर्क से या हाथ से नाक के संपर्क में आने से फैल सकता है। इस तरह का इंफेक्शन छूने से भी आसानी से फैलता है।
वायरल कंजंक्टिवाइटिस
वायरल कंजंक्टिवाइटिस एडेनोवायरस के कारण फैलता है। यह एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में छूने से आसानी से फैलता है, जिससे कारण यह स्कूलों और पब्लिक प्लेस में फैल जाता है। वायरल कंजंक्टिवाइटिस का बच्चे भी आसानी से शिकार हो जाते हैं। यह होने पर सर्दी, जुकाम, आंखों में जलन और बुखार जैसे लक्षण नजर आते हैं।
इसे भी पढ़ें- Conjunctivitis Symptoms: आँख आने (कंजंक्टिवाइटिस) के इन लक्षणों को सामान्य समझकर न करें नजरअंदाज
कैमिकल कंजंक्टिवाइटिस
कैमिकल कंजंक्टिवाइटिस के मामले कम दिखने को मिलते हैं। लेकिन यह कई बार डिटर्जेंट या अन्य कैमिकल के संपर्क में आने के कारण हो सकता है। कैमिकल कंजंक्टिवाइटिस होने पर आंखें लाल होना, जलन, खुजली और आंखों में दर्द जैसे लक्षण नजर आते हैं।
जाइंट पैपिलरी कंजंक्टिवाइटिस
जाइंट पैपिलरी कंजंक्टिवाइटिस आमतौर पर कॉन्टैक्ट लेंस पहनने वालों को प्रभावित करती है। जाइंट पैपिलरी कंजंक्टिवाइटिस होने पर खुजली, भारी स्राव,आंखों में दर्द और कॉन्टैक्ट लेंस पहनने में परेशानी जैसी लक्षण नजर आते हैं। यह होने पर कॉन्टैक्ट लेंस पहनना कुछ समय के लिए बंद कर देना चाहिए।
कंजंक्टिवाइटिस होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए और सार्वजनिक जगहों पर जाने से बचना चाहिए।
All Image Credit- Freepik