यह तो हम सभी जानते हैं कि हेल्दी रहने के लिए रात को अच्छी नींद लेना बेहद जरूरी है। लेकिन आज के समय में तनाव, एंग्जाइटी और बैड स्लीप हैबिट्स के कारण ज्यादातर लोग नींद से जुड़ी परेशानियों से जूझते हैं। कुछ लोगों को देर रात तक नींद नहीं आती तो कुछ लोग सोने के बाद रात में उठ जाते हैं और फिर जागते रहते हैं। जिसके कारण व्यक्ति को कई तरह की शारीरिक और मानसिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
जरा सोचिए, कि आप काम से थककर लौटे हों और चाहकर भी आपको नींद ना आए तो यह स्थिति कितनी अधिक खराब होगी। ऐसे में व्यक्ति गुस्सा होकर या परेशान होकर आखिर में नींद की गोली का सेवन करता है और फिर धीरे-धीरे यह उसकी आदत बन जाती है जो किसी भी लिहाज से उचित नहीं है। लेकिन अगर आप चाहते हैं कि आप नेचुरल तरीके से अच्छी और बेहतर नींद ले सकें तो इससे आपको बहुत कुछ करने की जरूरत नहीं है। बस आप कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर ऐसा आसानी से कर सकते हैं। तो चलिए जानते हैं इन बातों के बारे में-
बनाएं एक शेड्यूल
रात को समय पर नींद ना आने का एक मुख्य कारण व्यक्ति का कोई स्लीप शेड्यूल ना होना भी होता है। आपको शायद पता ना हो लेकिन हमारे शरीर में एक आंतरिक घड़ी होती है, जिसे सर्केडियन रिदम कहा जाता है। जब यह बाहर प्रकाश होता है तो हमारे शरीर को जागृत और सक्रिय होने के लिए आंतरिक संकेत प्राप्त होता है और जैसे ही सूर्य अस्त होता है, हम आंतरिक संकेत प्राप्त करते हैं कि यह आराम करने का समय है। लेकिन आज के समय में लोगों का काम करने और आराम करने का कोई सुनिश्चित समय नहीं है, जिसके कारण यह घड़ी भी सही तरह से काम नहीं करती। इसलिए अपना एक स्लीप शेड्यूल बनाएं। हर दिन नियत समय पर बेड पर चले जाएं। भले ही पहले दिन आपको नींद ना आए, लेकिन लगातार ऐसा करने से आपको उसी समय पर नींद आने लग जाएगी।
इसे भी पढ़ें: महज 11 मिनट में अनिद्रा को दूर भगाए कुंडलिनी योग
टॉप स्टोरीज़
मेडिटेशन
मेडिटेशन भी बेहतर नींद लाने का एक अच्छा उपाय है। दरअसल, जब आप प्रतिदिन मेडिटेशन करते हैं तो इससे आपके मन का तनाव व एंग्जाइटी कम होती है और रात में ठीक से नींद ना आने के यह दो मुख्य कारण है। ऐसे में प्रतिदिन कुछ देर तक ध्यान अवश्य करना चाहिए। वैसे ध्यान के अलावा आप एक्सरसाइज या नियमित रूप से कुछ देर तक फिजिकल एक्टिविटी करके भी अपनी स्लीप क्वालिटी को बेहतर बना सकते हैं।
कैफीन से दूरी
कुछ लोगों को रात में चाय या कॉफी पीने की आदत होती है, लेकिन इसमें मौजूद कैफीन आपकी नींद को खराब करता है। इसलिए बेहतर होगा कि आप रात में इन चीजों से दूरी बनाएं। अगर संभव हो तो रात में एक गिलास गरम दूध का सेवन करें। यह आपके नर्वस सिस्टम को रिलैक्स करता है, जिससे आपको काफी अच्छी नींद आती है।
गुड स्लीप हैबिट्स
अगर आप सच में नेचुरल तरीके से बेहतर नींद पाना चाहते हैं तो आपको सबसे पहले अपनी स्लीप हैबिट्स को सुधारना होगा। अमूमन कुछ लोग रात को बिस्तर पर तो चले जाते हैं, लेकिन टीवी या फोन में लगे रहते हैं, जिससे उन्हें नींद नहीं आती। इसलिए बेड पर जाते ही फोन व टीवी से दूर हो जाए। कमरे में अंधेरा रखें। इससे आपके मन को संकेत मिलता है कि यह सोने का समय है। रात को सोते समय जितना हो सके, खुद को रिलैक्स रखें। इसके लिए आप कोई किताब पढ़ सकते हैं या फिर रिलैक्स करने वाला म्यूजिक सुन सकते हैं। इससे रात में काफी अच्छी नींद आती है।
इसे भी पढ़ें: शरीर में इन 4 चीजों की कमी से आंखों के नीचे आ जाते हैं डार्क सर्कल, जानें कैसे पूरी करें कमी
अन्य टिप्स
- इन सभी उपायों के अलावा अन्य कुछ ऐसे उपाय भी हैं, जिसकी मदद से रात में अच्छी नींद प्राप्त की जा सकती है। जैसे-
- रात को बेड पर जाने से पहले वार्म बाथ लें। अगर यह संभव ना हो तो भी गुनगुने पानी में कुछ देर के लिए पैरों को रखें। इससे आपका तनाव काफी हद तक दूर होता है और अच्छी नींद आती है।
- हर दिन सुबह जल्दी उठने की आदत डालें। जब आप सुबह जल्दी उठेंगे तो रात को खुद ब खुद समय पर नींद आएगी। इसके अलावा डे टाइम में नैपिंग की आदत से बचें।
- कमरे के तापमान पर भी फोकस करें। अगर ठंड के दिनों में कमरा बहुत अधिक ठंडा और गर्मी के दिनों में गर्म होगा तो इससे आपको सोने में परेशानी होगी और आप करवटें ही बदलते रहेंगे। वैसे कमरे के तापमान के अलावा आपका बेड भी कंफर्टेबल होना चाहिए।
Read more articles on Home Remedies in Hindi