Kariveppilia Soup Recipe: करी पत्ते से बना सूप अपने सेहतमंद गुणों के कारण दक्षिण भारत में बेहद प्रसिद्ध है। करी पत्ते से बने सूप को दक्षिण भारत में 'करुवेप्पिलई' सूप कहा जाता है। इस सूप की खासियत इसके औषधीय गुणों में छिपी है, जो न केवल रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है, बल्कि पाचन से लेकर त्वचा और बालों तक के लिए भी फायदेमंद होता है। करी पत्ता में विटामिन-ए, बी, सी, ई, आयरन, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो शरीर को जरूरी पोषण प्रदान करते हैं। आयुर्वेदिक और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों में करी पत्ते का इस्तेमाल पेट से जुड़ी समस्याओं, लिवर की सेहत और त्वचा संबंधी रोगों के इलाज में किया जाता है। बारिश के दिनों में सर्दी-खांसी, वायरल इन्फेक्शन और फंगल इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है। करी पत्ते के एंटीबैक्टीरियल, एंटीवायरल और एंटीऑक्सीडेंट गुण इम्यून सिस्टम को मजबूत करते हैं, जिससे ये बीमारियां दूर होती हैं। बारिश के दिनों में, पाचन की समस्याएं बढ़ जाती हैं, जिसे दूर करने के लिए करी पत्ते से बना सूप फायदेमंद होता है। करी पत्ता सूप एनर्जी को बढ़ाने में मदद करता है, जिससे शरीर को ताजगी और स्फूर्ति मिलती है। इस लेख में जानेंगे 'करुवेप्पिलई' या करी पत्ता सूप की रेसिपी और फायदे। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने Holi Family Hospital, Delhi की डाइटीशियन सना गिल (Sanah Gill) से बात की।
करुवेप्पिलई सूप की रेसिपी- Kariveppilia Soup Recipe
करी पत्तों से बना यह सूप स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है। यह पाचन को मजबूत बनाता है और साथ-साथ इम्यूनिटी को भी बढ़ाता है। इसे बनाने का तरीका आसान है-
सामग्री:
- 1 कप करी पत्ते
- 1 छोटा चम्मच घी
- 1 छोटा चम्मच जीरा
- 1/2 छोटा चम्मच राई
- 1 चुटकी हींग
- 1 प्याज
- 2-3 लहसुन की कलियां
- 1 हरी मिर्च
- 1 टमाटर
- 1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- 1/2 छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
- स्वादानुसार नमक
- हरा धनिया
विधि:
- सबसे पहले एक पैन में घी या तेल गर्म करें।
- इसमें जीरा, राई और हींग डालकर तड़का लगाएं।
- अब इसमें प्याज, लहसुन और हरी मिर्च डालकर प्याज के सुनहरा होने तक भूनें।
- कटे हुए टमाटर डालकर इसे नरम होने तक पकाएं।
- हल्दी पाउडर, काली मिर्च पाउडर और नमक डालें और अच्छी तरह मिलाएं।
- अब करी पत्ते डालें और हल्का सा भूनें ताकि उसका स्वाद सूप में अच्छे से मिल जाए।
- इसके बाद 2 कप पानी डालें और इसे 15 मिनट तक धीमी आंच पर उबलने दें।
- सूप को एक बार चखें और स्वाद के अनुसार नमक या मसाले डालें।
- जब सूप तैयार हो जाए, तो इसे गैस से उतार लें और ऊपर से थोड़ा हरा धनिया डालकर सजाएं।
- पौष्टिक और स्वादिष्ट करुवेप्पिलई सूप तैयार है। इसे गरम-गरम परोसें।
इसे भी पढ़ें- सेब का सूप पीने से शरीर को मिलते हैं कई फायदे, जानें आसान रेसिपी
करुवेप्पिलई सूप पीने के फायदे- Kariveppilia Soup Health Benefits
करी पत्ता, जिसे दक्षिण भारत में करुवेप्पिलई भी कहा जाता है, भारतीय खाने में स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इसके सूप के सेवन से कई स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं-
- करी पत्ते के सूप का सेवन मेटाबॉलिज्म को तेज करता है, जिससे शरीर में फैट बर्निंग प्रोसेस तेज हो जाता है और वजन घटाने में मदद मिलती है।
- करी पत्ते में फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो पाचन तंत्र को स्वस्थ रखते हैं और गैस, अपच और एसिडिटी जैसी समस्याओं को कम करते हैं।
- करी पत्ते के पोषक तत्व इंसुलिन के उत्पादन को बढ़ावा देते हैं, जिससे ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल में रहता है। यह डायबिटीज के मरीजों के लिए फायदेमंद है।
- करी पत्ते के नियमित सेवन से शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल (LDL) को कम करने में मदद मिलती है, जिससे हार्ट की बीमारियों का खतरा कम होता है।
- करी पत्ते में आयरन और फॉलिक एसिड होते हैं, जो शरीर में खून की कमी (एनीमिया) को दूर करने में मदद करते हैं।
- करी पत्ते में विटामिन-सी, विटामिन-ए और एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं, जो शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाते हैं और सर्दी-खांसी जैसी बीमारियों से बचाव करते हैं।
- करी पत्ते में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स लिवर को डिटॉक्स करने में मदद करते हैं और लिवर को बीमारियों से बचाते हैं। यह लिवर की कार्यक्षमता को बढ़ाने में मदद करता है।
उम्मीद करते हैं कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।
image credit: vaya.in, ytimg.com