आमतौर पर लोग पानी तभी पीते हैं, जब उन्हें प्यास लगती है। जीवित रहने के लिए तो पानी जरूरी है लेकिन किसी भी समय पानी पी लेना कई बार सेहत पर बुरा असर भी डाल सकता है। स्वस्थ रहने के लिए सिर्फ पानी पी लेना पर्याप्त नहीं, बल्कि सही समय पर पानी पीना जरूरी है। आपको जानकर हैरानी हो सकती है कि आपकी रोजाना से जुड़ी कई समस्याओं का कारण गलत समय पर पानी पीना या पर्याप्त पानी न पीने की आदत हो सकती है। जैसे- रात में सोते समय पानी पीने की आदत आपको कई तरह की समस्याएं दे सकती है। इस लेख में हम आपको बता रहे हैं कि गलत समय पर पानी से आपको क्या नुकसान हो सकते हैं और क्या है पानी पीने का सही समय।
पानी शरीर के लिए क्यों जरूरी है? (Importance of Water for Body)
हमारे शरीर में करोड़ों सेल्स और टिशूज हैं। शरीर के तापमान को नियंत्रित करने के लिए और बॉडी फंक्शन्स को सुचारू रूप से करने के लिए शरीर को पानी की जरूरत पड़ती है। आपको कभी हैरानी नहीं होती कि आप जितना पानी पीते हैं, पेशाब उससे कम मात्रा में क्यों निकालते हैं? दरअसल हमारा शरीर सांस लेने के दौरान, खाना पचाने के दौरान और पसीना बनाने में पानी का कुछ हिस्सा इस्तेमाल कर लेता है। बाकी का पानी आपके शरीर में खून के साथ घूमकर टॉक्सिन्स को इकट्ठा करता है और फिर किडनी इसे फिल्टर करके पेशाब के रूप में बाहर निकाल देती है। यही कारण है कि इंसान का शरीर लगभग 70% सिर्फ पानी से ही बना होता है। अब आप समझ गए होंगे कि पानी पीते रहना कितना जरूरी है।
इसे भी पढ़ें: ये 5 संकेत बताते हैं कि आपके मस्तिष्क (Brain) को तुरंत है पानी की जरूरत, संकेत पहचानें और पिएं 1 ग्लास पानी
टॉप स्टोरीज़
रात को सोने से पहले पानी पीना सही है या गलत? (Drinking Water Before Bed is Good or Bad?)
रात को सोने से तुरंत पहले बहुत ज्यादा पानी पीने की आदत गलत समझी जाती है। इसके पीछे कोई मेडिकल कारण नहीं है, बल्कि बेहद सामान्य कारण है। दरअसल रात में सोने से तुरंत पहले अगर आप ज्यादा मात्रा में पानी पी लेते हैं, तो ये पानी शरीर में रेगुलेट होने के बाद आपको जल्द ही पेशाब लग सकती है। रात में पेशाब के लिए उठने से आपकी नींद खराब होती है। अगर आपको अक्सर नींद के बीच में पेशाब के लिए उठना पड़ता है, तो ये आदत आपकी सेहत के लिए बहुत खतरनाक हो सकती है। दरअसल अधूरी नींद में उठने से शरीर में हार्मोन्स का असंतुलन होने की संभावना बढ़ जाती है।
इसके अलावा नींद की गड़बड़ी से ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। सिर्फ इसी वजह से रात में सोने से तुरंत पहले पानी न पीने की सलाह दी जाती है।
पानी पीने का सही समय क्या है? (Right Time to Drink Water)
- सुबह उठने के बाद 1 ग्लास गुनगुना पानी पीना चाहिए।
- दोपहर के खाने से 30-35 मिनट पहले एक ग्लास नॉर्मल पानी पीना चाहिए।
- रात के खाने से 30-35 मिनट पहले भी एक ग्लास नॉर्मल पानी पीना चाहिए।
- भरपेट भोजन करने के तुरंत बाद पानी नहीं पीना चाहिए। भोजन के बाद पानी कम से कम 45 मिनट बाद ही पिएं।
- रात का खाना जल्दी खाएं और खाने के 45-50 मिनट बाद ही पानी पिएं और सोने से पहले पेशाब जरूर कर लें।
- इसके अलावा दिन में थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें, ताकि रोजाना के 3 लीटर पानी पीने का कोटा आप पूर कर सकें।

गलत समय पर पानी पीने के नुकसान?
अगर आप गलत समय पर पानी पीते हैं, तो इसके कई नुकसान हो सकते हैं। जैसे- खाना खाने के बाद तुरंत पानी पीने से पाचन पर असर पड़ता है। अगर आपका खाना ठीक से पचेगा नहीं, तो खाने के पोषक तत्व आपको नहीं मिलेंगे। इससे आपका शरीर और इम्यून सिस्टम दोनों कमजोर होते हैं। खाने के तुरंत बाद पानी पीने से आपको आलस भी हो सकती है। कई बार अपच और गैस की समस्या भी इसी कारण से होती है। इसके अलावा आप किसी भी समय पानी पी सकते हैं।
Read More Articles on Mind and Body in Hindi