Blind Pimples: पिंपल्स होने पर दर्द और सूजन महसूस होती है। लेकिन पिंपल्स, गांठ वाले हों तो तकलीफ का दोगुना होना तय है। गांठ वाले पिंपल्स आपके लुक को तो खराब करते ही हैं पर ये आपकी त्वचा पर भी बुरा प्रभाव छोड़ते हैं। ब्लाइंड या गांठ वाले पिंपल्स, त्वचा के उस हिस्से पर बनते हैं जहां तेल का स्राव ज्यादा होता है। इन पिंपल्स को नोचना या दबाना मुश्किल होता है क्योंकि ये अंदर से सख्त हो जाते हैं। ये त्वचा के नीचे होते हैं। इन्हें नोड्यूल्स भी कहा जाता है। आमतौर पर गांठ वाले पिंपल्स, चेहरे, छाती, गर्दन और पीठ आदि जगहों पर होते हैं। इस लेख में हम गांठे वाले पिंपल्स और उनके उपचार के बारे में जानेंगे।
गांठ वाले पिंपल्स क्या होते हैं?
गांठ वाले पिंपल्स में गांठ बन जाती है। ब्लाइंड पिंपल्स या गांठ वाले पिंपल्स- सीबम, गंदगी और बैक्टीरिया आदि के रोम छिद्र में फंस जाने के कारण होते हैं। ये गांठ दर्दनाक हो सकती है। ये बाहर से दिखने में लाल और सूजन से भरे हुए नजर आते हैं। इन पिंपल्स को फोड़ने या दबाने से बचना चाहिए।
इसे भी पढ़ें- पिंपल्स-एक्ने से बचना है, तो स्किन केयर रूटीन में करें ये 5 बदलाव
क्यों होते हैं ब्लाइंड पिंपल्स?
- हार्मोनल बदलाव के कारण ब्लाइंड पिंपल्स की समस्या हो सकती है।
- त्वचा में गंदगी के कारण ब्लाइंड पिंपल्स निकल सकते हैं।
- जो लोग पौष्टिक आहार नहीं लेते उन्हें ब्लाइंड पिंपल्स परेशान कर सकते हैं।
- वहीं कुछ ऐसे आहार भी हैं, जिनका सेवन करने से ब्लाइंड पिंपल्स हो सकते हैं जैसे ज्यादा तला-भुना खाना।
- उच्च ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले आहार का सेवन करने से ब्लाइंड पिंपल्स हो सकते हैं।
- चीनी का ज्यादा सेवन करते हैं, तो भी ब्लाइंड पिंपल्स की समस्या हो सकती है।
गांठ वाले पिंपल्स का उपचार
गांठ वाले पिंपल्स को ठीक करने के लिए कुछ आसान उपायों की मदद ले सकते हैं। जानते हैं 5 आसान उपाय।
1. नमक वाली पोटली से करें सिंकाई
गांठ वाले पिंपल्स का उपचार करने के लिए नमक का इस्तेमाल करें। नमक को कढ़ाई में डालकर भूनें या गरम कर लें। इसे एक सूती कपड़े में डालकर पोटली बना लें। इसे गांठ वाले पिंपल्स पर हल्के हाथ से रखकर सिंकाई करें। नमक की गरमाहट से सूजन कम हो जाएगी और गांठ में मौजूद मवाद गांठ से बाहर आ सकता है जिससे पिंपल्स ठीक हो जाएगा। दिन में 2 बार नमक की सिंकाई कर सकते हैं।
2. टी ट्री ऑयल का इस्तेमाल
ब्लाइंड पिंपल्स का इलाज करने के लिए टी ट्री ऑयल का इस्तेमाल कर सकते हैं। टी ट्री ऑयल को नारियल तेल, बादाम तेल या जैतून के तेल के साथ मिलाएंं। एक बार में 2 से 3 बूंदों का इस्तेमाल काफी होगा। टी ट्री ऑयल को प्रभावित हिस्से में लगाकर छोड़ दें। फिर 30 मिनट बाद चेहरे को धो लें।
3. हल्दी और अदरक का सेवन करें
गांठ वाले पिंपल्स का उपचार कई बार घरेलू नुस्खों से करना मुश्किल होता है। ऐसे में डॉक्टर सर्जिकल नीडल की मदद से गांठ वाले पिंपल का इलाज करते हैं। हालांकि गांठ वाले पिंपल्स में होने वाले दर्द और सूजन की समस्या से छुटकारा पाने के लिए कुछ आसान उपाय आजमां सकते हैं जिनमें से एक है हल्दी और अदरक का इस्तेमाल। हल्दी और अदरक में एंटीइंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं। हल्दी और अदरक का काढ़ा या चाय बनाकर पी सकते हैं।
4. एंटीबायोटिक क्रीम का इस्तेमाल
ब्लाइंड पिंपल्स की समस्या से छुटकारा पाने के लिए एंटीबायोटिक क्रीम का इस्तेमाल करें। ब्लाइंड पिंपल्स में सूजन और दर्द कम करने के लिए एंटीबायोटिक क्रीम दिन में दो बार लगा सकते हैं। जिन लोगों की त्वचा ज्यादा ऑयली या संवेदनशील होती है उन्हें क्रीम या लोशन का इस्तेमाल डॉक्टर की सलाह के बगैर नहीं करना चाहिए।
5. जायफल पाउडर का इस्तेमाल
आधा चम्मच जायफल पाउडर लें और उसमें शहद मिलाएं और इस मिश्रण को एक कप गुनगुने पानी में डालकर पी लें। दिन में एक बार इसका सेवन कर सकते हैं। जायफल में एंटीइंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट गुण मौजूद होते हैं। रक्त प्रवाह को ठीक करने में जायफल फायदेमंद माना जाता है।
Blind Pimple Treatment: गांठ वाले पिंपल्स का उपचार करने के लिए हल्दी, अदरक, जायफल का सेवन करें। टी ट्री ऑयल का इस्तेमाल और नमक वाली सिंकाई भी कर सकते हैं। डॉक्टर की सलाह पर एंटीबायोटिक क्रीम का इस्तेमाल करें।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version