
Real Cinnamon vs Fake: सर्दियों के दिनों में दालचीनी का सेवन फायदेमंद माना जाता है। इसका सेवन करने से इम्यूनिटी बढ़ती है। दालचीनी का इस्तेमाल सर्दियों में काढ़ा और चाय बनाने के लिए किया जाता है। दालचीनी (Cinnamon) का सेवन करने से वायरल इंफेक्शन और सर्दी-जुकाम जैसी समस्याओं से छुटकारा मिलता है। लेकिन क्या आपने कभी पता लगाने की कोशिश की है कि जो दालचीनी आप खा रहे हैं वो असली है या नकली। बाजार में असली और नकली दोनों तरह की दालचीनी (Real vs Fake Cinnamon) बेची जाती है। ग्राहक दालचीनी के भ्रम में अमरूद की छाल तो कभी कैसिया बार्क ले आता है। इसके इस्तेमाल से सेहत बिगड़ सकती है। इस लेख में आगे हम आपको बताएंगे असली और नकली दालचीनी में अंतर समझने का तरीका। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के विकास नगर में स्थित प्रांजल आयुर्वेदिक क्लीनिक के डॉ मनीष सिंह से बात की।
नकली और असली दालचीनी में अंतर
नकली दालचीनी (Fake Cinnamon) बेचने के लिए कैसिया बार्क का इस्तेमाल किया जाता है। कैसिया बार्क को करीब से देखेंगे, तो उसकी बाहरी परत खुरदुरी नजर आएगी। वहीं दालचीनी की परत चिकनी होती है। असली दालचीनी को सीलोन दालचीनी (Ceylon Cinnamon) के नाम से जाना जाता है। इस दालचीनी में कुमेरिन नाम का तत्व कम होता है और इसलिए इसका सेवन फायदेमंद माना जाता है। कुमेरिन हमारे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है और ये तत्व नकली दालचीनी में पाया जाता है। नकली दालचीनी को कैसिया दालचीनी (Cassia Cinnamon) के नाम से जाना जाता है। ये दालचीनी ज्यादातर चीन और इंडोनेशिया में पाई जाती है। इसका दाम भी सस्ता होता है। लेकिन आपको इसका उपयोग करने से बचना चाहिए। कैसिया बार्क दिखने में जरूर दालचीनी जैसा हो सकता है। लेकिन असली दालचीनी की खुशबू और स्वाद के बारे में आपको पता है, तो आप असली और नकली दालचीनी के बीच का फर्क पकड़ लेंगे।
इसे भी पढ़ें- पुरुषों के लिए दालचीनी के फायदे: दालचीनी के सेवन से पुरुषों को इन 5 समस्याओं में मिलता है फायदा
असली दालचीनी की पहचान- Real Cinnamon
1. असली दालचीनी का रंग हल्का भूरा होता है। साथ ही जब आप दालचीनी को हाथ में लेंगे, तो हाथ पर भूरा रंग नहीं लगेगा। वहीं नकली दालचीनी पर कभी-कभी रंग की परत चढ़ाई जाती है। इससे आपको असली और नकली दालचीनी के बीच का फर्क पता चलेगा।
2. असली दालचीनी की बाहरी परत चिकनी होती है। दालचीनी को छूने पर आपको उसकी सतह चुभेगी नहीं। इससे आप पता लगा सकते हैं कि दालचीनी असली है।
3. असली दालचीनी का स्वाद और सुगंध मीठी होती है। दालचीनी को खाने पर आपको उसका स्वाद कढ़वा नहीं लगेगा। असली दालचीनी का स्वाद कसैला नहीं होता।
4. असली दालचीनी के रोल सिगार की तरह भरे होते हैं। दालचीनी के रोल के अंदर आप उंगली नहीं डाल पाएंगे।
5. दालचीनी पतली और नाजुक होती है। हाथ में लेने से वो आसानी से टूट जाएगी। यही असली दालचीनी की पहचान है।
नकली दालचीनी की पहचान- Fake Cinnamon
- नकली दालचीनी का रंग गहरा भूरा होता है।
- नकली दालचीनी की बाहरी परत खुरदुरी होती है।
- नकली दालचीनी का स्वाद मीठा नहीं होता और सुगंध तीखी होती है।
- नकली दालचीनी के रोल खोखले होते हैं।
- नकली दालचीनी मोटी और मजबूत होती है।
नकली दालचीनी का सेवन करने के नुकसान
कैसिया बार्क को दालचीनी समझकर खा लेने से शरीर पर बुरा असर पड़ता है। जैसे-
- लिवर को नुकसान पहुंच सकता है।
- पेट में दर्द और ऐंठन महसूस हो सकती है।
- पाचन तंंत्र खराब हो सकता है।
- मतली या उल्टी की समस्या हो सकती है।
How to Identify Real Cinnamon: असली दालचीनी का स्वाद मीठा होता है और उसके रोल भरे होते हैं। नकली दालचीनी के रोल खोखले होते हैं वहीं स्वाद तीखा होता है।
image credit: https://i.ytimg.com/vi/2jaMeACSaNk/maxresdefault.jpg