Eye Swelling in Morning Prevention Tips: कुछ लोगों को सुबह उठकर आंखों में सूजन महसूस होती है। इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं। जो लोग रात को देर से सोते हैं, देर से सोकर उठते हैं, रात में एल्कोहल का सेवन करते हैं या अनहेल्दी लाइफस्टाइल फॉलो करते हैं उन्हें इस समस्या का सामना ज्यादा करना पड़ता है। हमारी आंखों के आस-पास का हिस्सा पतला और संवेदनशील होता है। आंखों के आस-पास मौजूद त्वचा का ध्यान नहीं रखेंगे, तो डार्क सर्कल्स और सूजन की समस्या होने लगेगी। आंखों की सूजन वैसे तो कुछ समय में चली जाती है, लेकिन यह सूजन लंबे समय के लिए आंखों में दिख रही है, तो इसके पीछे कोई गंभीर समस्या हो सकती है। आंखों की सूजन से बचने के लिए कुछ आसान उपायों की मदद ले सकते हैं। इन उपायों को विस्तार से आगे जानेंगे। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
1. सोने से पहले पर्याप्त पानी पिएं- Drink Water Before Sleeping
सुबह उठकर आंखों में दर्द या सूजन महसूस होती है, तो ज्यादा पानी का सेवन करें। यह डिहाइड्रेशन का लक्षण हो सकता है। वॉटर रिटेंशन के कारण आंखें सूजी हुई नजर आती हैं। रात को पानी पीने का यह मतलब नहीं है कि केवल रात को पानी का सेवन कर लेने से आंखों की समस्या दूर हो जाएगी। इसके लिए आपको पूरे दिन हाइड्रेशन का ख्याल रखना है। दिनभर में 7 से 8 गिलास पानी का सेवन करें।
2. रात को जंक फूड न खाएं- Avoid Junk Food At Night
पहले के समय में लोग शाम होते ही खाना खाकर सो जाया करते थे। लेकिन आजकल लोग देर तक जागते हैं। देर तक जगने के कारण भूख लगना तो लाजमी है। कुछ पकाकर खाने बजाय लोग जंक फूड आर्डर करने का विकल्प ज्यादा पसंद कर रहे हैं। रात को जंक फूड खाने के कारण आंखों में सूजन आ जाती है। ऐसा इसलिए क्योंकि इस तरह के खाने में सोडियम की मात्रा जरूरत से ज्यादा होती है। सोडियम इंटेक बढ़ने से आंखों के नीचे और आईलिड्स के हिस्से में सूजन नजर आ सकती है।
3. आंखों की सूजन से बचने के लिए तनाव घटाएं- Reduce Stress To Prevent Eye Swelling
आंखों की सूजन से बचना चाहते हैं, तो तनाव कम करें। तनाव भी आंखों की सूजन का बड़ा कारण हो सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि तनाव के कारण शरीर में सोडियम का बैलेंस खराब हो जाता है और अनिद्रा के लक्षण नजर आने लगते हैं। इससे आंखों में सूजन आ जाती है।
4. एल्कोहल का सेवन करना छोड़ दें- Avoid Alcohol To Prevent Eye Swelling
आंखों की सूजन से बचना चाहते हैं, तो एल्कोहल का सेवन छोड़ दें। जो लोग ज्यादा एल्कोहल पीते हैं, उनकी ब्लड वैसल्स में सूजन नजर आने लगती है। सूजन के साथ-साथ आंखों में खुजली और जलन महसूस होने लगती है। एल्कोहल का सेवन करने से शरीर में डिहाइड्रेशन के लक्षण (Dehydration Symptoms) नजर आने लगते हैं। इससे आंखों में ड्राईनेस और सूजन होती है।
इसे भी पढ़ें- Health Tips: अच्छी सेहत के लिए फॉलो करें डॉक्टर के बताए ये 5 टिप्स, रहेंगे फिट और हेल्दी
5. आंखों को साफ रखें- Keep Your Eyes Clean
मेरी दूर की नजर कमजोर है इसलिए चश्मा लगाती हूं। पहले मेरी आदत यह थी कि मैं रात को फोन का इस्तेमाल करके चश्मा निकालकर सो जाती थी। सुबह उठकर चश्मा लगाकर फिर काम करने लगती थी। लेकिन इस दौरान न तो मेरी आंखें साफ रहती थीं और न ही चश्मा। जब आंखों में खुजली की समस्या हुई, तब डॉक्टर ने बताया कि रात को सोने से पहले आंखों को भी चेहरे की तरह साफ करके सोना चाहिए। इससे आंखों में जमा धूल-मिट्टी निकल जाती है और इन्फेक्शन से बचाव होता है। साथ ही चश्मे को भी समय-समय पर साफ करते रहें। रात को चश्मा निकालकर बॉक्स में रखें। इससे चश्मे पर धूल-मिट्टी नहीं चिपकेगी।
उम्मीद करते हैं आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।