
सर्दियों में दिनोंं में संक्रामक और वायरल बीमारियों का बुरा असर शरीर पर पड़ता है। खासकर गर्भवती महिलाओं को सर्दियों के दिनों में सेहत का खास ख्याल रखने की जरूरत होती है। प्रेगनेंसी में शरीर की इम्यूनिटी कमजोर हो जाती है और आप जल्दी बीमार पड़ सकती हैं। प्रेगनेंसी में बीमार पड़ने का मतलब है जोखिम बढ़ जाना। शरीर कमजोर होने का बुरा असर गर्भस्थ शिशु पर भी पड़ता है। प्रेगनेंसी में स्वस्थ्य रहने के लिए रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाना जरूरी है। ओनलीमायहेल्थ की 'How to Series' के तहत हम जानेंगे कुछ आसान डाइट टिप्स जिनकी मदद से नई मांएं सर्दियों के दिनों में अपने शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ा सकती हैं। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने Holi Family Hospital, Delhi की डायटीशियन Sanah Gill से बात की।
सर्दियों में गर्भवती महिलाएं खाएं मूंगफली
मूंगफली का सेवन करने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। सर्दियों के दिनों में आप मूंगफली खा सकती हैं। मूंगफली में प्रोटीन, फोलेट और फोलिक एसिड से भरपूर होती है। प्रेगनेंसी में गर्भवती महिलाओं को फोलेट और फोलिक एसिड लेने की सलाह डॉक्टर देते हैं। गर्भस्थ शिशु के मस्तिष्क के विकास के लिए फोलेट और फोलिक एसिड जरूरी होता है। जन्म दोषों से बच्चे को बचाने के लिए भी मूंगफली का सेवन फायदेमंद होता है।
इसे भी पढ़ें- आयुर्वेद के अनुसार गर्भावस्था की पहली, दूसरी और तीसरी तिमाही में क्या खाना चाहिए? बता रही हैं डॉ. चंचल शर्मा
गुड़ का सेवन करें
प्रेगनेंसी में गुड़ का सेवन फायदेमंद होता है। इसका सेवन करने से इम्यूनिटी तो बढ़ती ही है साथ ही शरीर में खून की कमी भी दूर होती है। प्रेगनेंसी के दौरान एनीमिया या खून की कमी एक आम समस्या है। इससे छुटकारा पाने के लिए गुड़ का सेवन कर सकते हैं। गुड़ में जिंक और सेलेनियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। हालांकि डॉक्टर सीमित मात्रा में ही गुड़ का सेवन करने की सलाह देते हैं। रोजाना गुड़ खाने के बजाय हफ्ते में 2 से 3 बार ही गुड़ का सेवन करें।
हरी पत्तेदार सब्जियां खाएं
प्रेगनेंसी के दौरान शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन करें। हरी सब्जियो में भरपूर मात्रा में पोषक तत्व मौजूद होते हैं। इनमें एंटीऑक्सीडेंट्स, बीटा कैरोटीन और विटामिन सी आदि गुण मौजूद होते हैं। हरी सब्जियों में पालक, सरसों का साग खा सकते हैं। इसके अलावा प्रेगनेंसी में सब्जियों का सूप या रस पीने से भी शरीर बीमारियों से बच सकता है।
खजूर का सेवन करें
शरीर की इम्यूनिटी मजबूत करने के लिए सर्दियों के दिनों में खजूर का सेवन कर सकते हैं। खजूर का सेवन करने से जोड़ोंं और मांसपेशियों के दर्द से छुटकारा मिलता है। खजूर में फाइबर, खनिज और विटामिन्स की अच्छी मात्रा होती है। प्रेगनेंसी में शरीर कमजोर हो जाता है। गर्भस्थ शिशु मां के शरीर से ही कैल्शियम की पूर्ति करता है इसलिए होने वाली मां के शरीर में कैल्शियम की कमी हो जाती है। खजूर का सेवन करने से शरीर में कैल्शियम की कमी को दूर कर सकते हैं।
इम्यूनिटी बढ़ाने वाले फल खाएं
प्रेगनेंसी में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए सर्दियों में अमरूद का सेवन करें। अमरूद में विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट्स की भरपूर मात्रा होती है। अमरूद में फाइबर भी पाया जाता है जिससे प्रेगनेंसी में बीपी कंट्रोल में रहता है। सर्दियों में अनार कर सेवन भी कर सकते हैं। अनार में आयरन, फाइबर, ओमेगा-6 फैटी एसिड और विटामिन सी की अच्छी मात्रा पाई जाती है। प्रेगनेंसी में केला, संतरा या सेब आदि का सेवन भी कर सकते हैं।
इन टिप्स की मदद से प्रेगनेंसी के दौरान सर्दियों में शरीर की इम्यूनिटी बढ़ा सकती हैं। लेख पसंद आया हो, तो शेयर करना न भूलें।