Doctor Verified

शराब कैसे पहुंचाती है लिवर को नुकसान, डॉक्टर से जानें कैसे करें बचाव

Alcohol And Liver Disease: शराब पीने वाले लोगों में अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज (AFLD), हेपेटाइटिस समेत कई गंभीर और जानलेवा बीमारियों का खतरा रहता है।
  • SHARE
  • FOLLOW
शराब कैसे पहुंचाती है लिवर को नुकसान, डॉक्टर से जानें कैसे करें बचाव

Alcohol And Liver Disease: शराब का सेवन शरीर के लिए नुकसानदायक होता है, यह जानते हुए भी लोग इसका सेवन करते हैं। आज के समय में युवाओं में शराब का चलन तेजी से बढ़ रहा है। शराब पीने वाले लोगों में लिवर और पाचन तंत्र से जुड़ी गंभीर बीमारियों का खतरा रहता है। इसकी वजह से फैटी लिवर, लिवर कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियों का खतरा रहता है। ऐसे लोग जो बहुत ज्यादा शराब पीते हैं, उन्हें डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, लिवर डिजीज समेत कई गंभीर परेशानियां हो सकती हैं। शराब पीने का सबसे बड़ा असर लिवर पर पड़ता है। आइए इस लेख में विस्तार से समझते हैं, आखिर शराब लिवर को कैसे नुकसान पहुंचाती है और इससे बचने के लिए क्या करना चाहिए।

शराब कैसे पहुंचाती है लिवर को नुकसान?- How Alcohol Damage Liver in Hindi

लिवर शरीर का एक महत्वपूर्ण अंग है। इसका काम खून को साफ करना, प्रोटीन का निर्माण, पाचन तंत्र को ठीक रखने और शरीर से विषाक्त पदार्थों को निकालना होता है। बहुत ज्यादा शराब पीने वाले लोगों में लिवर डिजीज का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। बाबू ईश्वर शरण हॉस्पिटल के सीनियर फिजीशियन डॉ समीर कहते हैं, "शराब पीने के कारण लिवर में विषाक्त पदार्थ जमा होने लग जाते हैं। इसकी वजह से फैट और अन्य हानिकारक तत्व भी लिवर में इकट्ठा होने लगते हैं। इसके कारण लिवर की कार्यक्षमता पर प्रभाव पड़ता है। शराब पीने वाले लोगों में अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज (AFLD), हेपेटाइटिस समेत कई गंभीर और जानलेवा बीमारियों का खतरा रहता है।"

How Alcohol Damage Liver in Hindi

इसे भी पढ़ें: क्या परिवार में किसी को लिवर डिजीज होने पर आपको भी यह बीमारी हो सकती है? जानें डॉक्टर से

शराब पीने से लिवर को इन बीमारियों का खतरा रहता है-

फैटी लिवर: शराब का अत्यधिक सेवन लिवर में वसा जमा होने का कारण बनता है। इसे अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज (AFLD) कहते हैं। यह लिवर की सामान्य कार्यक्षमता को प्रभावित करता है और लिवर की सूजन का कारण बन सकता है।

लिवर की सूजन (हेपेटाइटिस): जब लिवर में सूजन होती है, तो इसे हेपेटाइटिस कहते हैं। शराब का लगातार सेवन करने वाले लोगों में हेपेटाइटिस का खतरा रहता है। इस स्थिति को अल्कोहलिक हेपेटाइटिस कहा जाता है। यह स्थिति बहुत ही खतरनाक हो सकती है। सही समय पर इसका इलाज न होने पर यह लिवर सिरोसिस में बदल सकती है।

लिवर सिरोसिस: यह लिवर की सबसे गंभीर बीमारी है, जिसमें लिवर की कोशिकाएं नष्ट हो जाती हैं और उनके स्थान पर निशान बन जाते हैं। यह लिवर की कार्यक्षमता को गंभीर रूप से प्रभावित करता है और इसके कारण जीवन को खतरा हो सकता है। लिवर सिरोरिस के कारण लिवर फेलियर की समस्या भी हो सकती है।

शराब पीने से लिवर को इस तरह से नुकसान पहुंचता है-

  • ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस: शराब का सेवन लिवर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को बढ़ाता है, जिससे लिवर की कोशिकाओं को नुकसान होता है।
  • विषाक्त पदार्थों का निर्माण: शराब के मेटाबोलिज्म के दौरान शरीर में विषाक्त पदार्थ बनते हैं, जो लिवर की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाते हैं।
  • प्रतिरक्षा प्रणाली को नुकसान: शराब का अत्यधिक सेवन प्रतिरक्षा प्रणाली को कमजोर करता है, जिससे लिवर की सूजन और अन्य समस्याएं बढ़ जाती हैं।

लिवर को कैसे रखें हेल्दी?- Tips To Keep Liver Healthy in Hindi

लिवर को हेल्दी बनाए रखने के लिए इन चीजों का ध्यान रखें-

  • शराब का सेवन सीमित करें: यदि आप शराब का सेवन करते हैं, तो इसका सेवन सीमित मात्रा में ही करें। एक दिन में दो ड्रिंक से ज्यादा शराब पीने से बचना चाहिए।
  • हेल्दी डाइट का सेवन करें: फल, सब्जियां, साबुत अनाज और कम वसा वाले प्रोटीन युक्त फूड्स खाएं। यह लिवर को हेल्दी रखने में मदद करता है।
  • नियमित व्यायाम करें: व्यायाम न केवल आपके शरीर को फिट रखता है, बल्कि यह लिवर में जमा फैट को कम करने में भी मदद करता है।
  • हाइड्रेटेड रहें: पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, पानी पीने से शरीर में मौजूद विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद मिलती है।
  • विटामिन और सप्लीमेंट्स: विटामिन ई और अन्य एंटीऑक्सीडेंट्स लिवर की सूजन को कम करने में मदद करते हैं। लेकिन किसी भी सप्लीमेंट का सेवन करने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
  • संक्रमण से बचाव: हेपेटाइटिस बी और सी जैसे वायरस से बचने के लिए सावधानियां बरतें। हेपेटाइटिस बी के लिए वैक्सीन भी उपलब्ध है।
  • नियमित जांच कराएं: यदि आप नियमित रूप से शराब का सेवन करते हैं, तो अपने लिवर की स्थिति की जांच के लिए नियमित मेडिकल चेक-अप कराएं।

लिवर को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए सही समय पर जांच और इलाज बहुत जरूरी है। लिवर से जुड़ी बीमारियों के खतरे को कम करने के लिए इसके लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। अगर आपके परिवार में पहले से लिवर से जुड़ी बीमारियों की हिस्ट्री है, तो समय-समय पर डॉक्टर की सलाह लेकर जांच जरूर करानी चाहिए।

(Image Courtesy: freepik.com)

Read Next

क्या नाइट शिफ्ट करने से मोटापा या वजन बढ़ता है? जानें क्या कहते हैं एक्सपर्ट

Disclaimer