कई बार सुबह सोकर उठने के कुछ घंटों के बाद थकान, सुस्ती या बार-बार भूख लगने जैसी समस्याएं महसूस होने लगती हैं। नींद पूरी होने के बाद भी लोग अक्सर इस बात को लेकर कंफ्यूज रहते हैं कि सुबह उठने के बाद उन्हें ये समस्याएं क्यों हो रही हैं? ये समसयाएं सिर्फ नींद की कमी से नहीं, बल्कि आपकी नाश्ते की आदतों से भी जुड़ी हो सकती हैं। ब्रेकफास्ट दिन का पहला और सबसे जरूरी भोजन माना जाता है, क्योंकि यह शरीर को रातभर की उपवास के बाद एनर्जी देने का काम करता है। हालांकि, कुछ गलत आदतें आपके शरीर को पर्याप्त मात्रा में पोषण नहीं दे पाते हैं, जिसके कारण आपको शरीर में एनर्जी की कमी महसूस होती है। इसलिए, आइए दिल्ली की क्लिनिकल डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा से जानते हैं कि ब्रेकफास्ट की ऐसी कौन-सी आदतें हैं जो आपकी सुबह की एनर्जी को कम कर सकती हैं?
ब्रेकफास्ट से जुड़ी एनर्जी कम करने वाली आदतें
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा का कहना है कि सुबह के समय अपनी एनर्जी को बनाए रखने के लिए जरूरी है कि आप ब्रेकफास्ट से जुड़ी इन गलियों को करने से बचना चाहिए।
1. दिन की शुरुआत मीठे खाद्य पदार्थों से करना
कई लोग सुबह चाय के साथ बिस्कुट, केक, डोनट्स, शुगर से भरपूर ड्रिंक्स आदि का सेवन करते हैं। ऐसे फूड्स ब्लड शुगर लेवल को तेजी से बढ़ाते हैं, जिससे कुछ समय के लिए एनर्जी महसूस होती है, लेकिन थोड़ी देर बाद ब्लड शुगर लेवल अचानक कम हो जाता है। ऐसी स्थिति में व्यक्ति को थकान, चिड़चिड़ापन और भूख लगने की समस्या बढ़ जाती है। सुबह के नाश्ते में प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट्स से भरपूर फूड्स जैसे ओट्स, अंडे, फल, ड्राई फ्रूट्स और दही शामिल करना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: क्या रेगुलर ब्रेकफास्ट न करने से महिलाओं की हार्मोनल हेल्थ पर असर पड़ता है? समझें डॉक्टर से
2. नाश्ता छोड़ देना
कई लोग ऑफिस, कॉलेज या किसी काम से बाहर जाने के दौरान देर होने पर जल्दबाजी में नाश्ता करना ही छोड़ देते हैं। ऐसा करने से शरीर को दिन की शुरुआत के लिए सही तरह से एनर्जी नहीं मिल पाती है। ब्रेकफास्ट न करने से मेटाबॉलिज्म धीमा पड़ सकता है, फोकस में कमी हो सकती है और दिनभर अनहेल्दी स्नैक्स खाने की क्रेविंग हो सकती है। इसलिए, नियमित और संतुलित ब्रेकफास्ट करना आपके शरीर को सही पोषण देने और एनर्जी बनाए रखने के लिए जरूरी है।
-1782834797275.jpg)
3. जरूरत से ज्यादा कॉफी पीना
कई लोग अपने दिन की शुरुआत एक कप कॉफी के साथ करते हैं, जबकि कुछ लोग ऐसे भी होते हैं तो दिन की शुरुआत एक नहीं बल्कि कई कप कॉफी से करते हैं। हालांकि, सुबह खाली पेट या ज्यादा मात्रा में कॉफी पीना सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। ज्यादा मात्रा में कैफीन पीने से घबराहट, बेचैनी, डिहाइड्रेशन और बाद में एनर्जी क्रैश होने की समस्या हो सकती है। दिन की शुरुआत एक या दो कप से ज्यादा कॉफी से करने से बचना चाहिए। साथ ही, कॉफी पीने से पहले पानी पीना और पोषक तत्वों से भरपूर फूड्स खाने से करना चाहिए।
4. फास्ट फूड को नाश्ते का हिस्सा बनाना
ब्रेकफास्ट में बर्गर, तले हुए सैंडविच, पिज्जा या अन्य प्रोसेस्ड फूड्स का सेवन करना पसंद करते हैं, लेकिन ये चीजें शरीर को लंबे समय तक एनर्जी नहीं देती हैं। इनमें अक्सर अनहे्दी फैट्स, ज्यादा नमक और रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट होते हैं, जबकि फाइबर और जरूरी पोषक तत्वों की कमी होती है। इसलिए इसके स्थान पर घर का बना पोहा, उपमा, मूंग दाल का चीला, वेज सैंडविच या दलिया जैसे विकल्प चुनने चाहिए।
इसे भी पढ़ें: नाश्ते में इन चीजों के साथ मिलाकर खाएं अनार, दिल-दिमाग दोनों को मिलेंगे ढेर सारे फायदे
5. बहुत कम कैलोरी वाला नाश्ता करना
कुछ लोग सिर्फ एक फल या एक कप चाय पीने को अपना पूरा ब्रेकफास्ट मान लेते हैं। हालांकि, इससे उनके शरीर को पर्याप्त मात्रा में कैलोरी नहीं मिल पाती है, जो शरीर में एनर्जी की जरूरतों को पूरा नहीं कर पाता है। इससे कुछ ही समय में कमजोरी, थकान और बार-बार भूख लगने लगती है। इसलिए, संतुलित नाश्ते में प्रोटीन, साबुत अनाज, हेल्दी फैट और ताजे फल या सब्जियां शामिल करनी चाहिए, ताकि शरीर को लंबे समय तक एनर्जी मिल सकती है।
निष्कर्ष
सुबह का नाश्ता सिर्फ पेट भरने के लिए नहीं, बल्कि आपके शरीर को पूरे दिन एक्टिव रखने में भी अहम भूमिका निभाता है। अगर आप दिनभर एनर्जेटिक बना रहना चागहे हैं तो मीठे फूड्स या ड्रिंक्स से अपने दिन की शुरुआत करने से बचें, नाश्ता न छोड़े, जरूरत से ज्यादा कॉफी न पिएं, फास्ट फूड और बहुत कम कैलोरी से खाने से बचें। इनके स्थान पर संतुलित और पोषक तत्वों से भरपूर ब्रेकफास्ट लेने की कोशिश करें।
Image Credit: Freepik
FAQ
सुबह का सबसे पहला भोजन क्या होना चाहिए?
सुबह उठकर सबसे पहले गुनगुना पानी पीना चाहिए। इसके बाद शरीर को एनर्जी और पोषण देने के लिए भीगे हुए बादाम-अखरोट और ताजे फल खाने चाहिए।फिट रहने के लिए सुबह क्या पीना चाहिए?
फिट रहने के लिए दिन की शुरुआत खाली पेट 1 से 2 गिलास गुनगुना पानी पीकर करना चाहिए। इसके बाद आप अपनी जरूरत के अनुसार नींबू और शहद का पानी पी सकते हैं, जीरा या मेथी का पानी पी सकते हैं या ग्रीन टी पी सकते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jun 30, 2026 21:26 IST
Modified By : Katyayani Tiwari Jun 30, 2026 21:26 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dt Rakshita Mehra