सर्दियों का मौसम कई लोगों को खूब पसंद आता है लेकिन सुहाने मौसम के साथ ये मौसम अपने साथ कई बीमारियां भी लेकर आता है। इन दिनों सर्दी-खांसी और वायरल फीवर की समस्या आम होती है। साथ ही शरीर को बाहर के तापमान के अनुसार गर्म रखने के लिए स्वस्थ आहार की जरूरत भी होती है। ऐसे में कई लोग सुबह का नाश्ता तो हल्का करना चाहते है लेकिन दोपहर के खाने में कुछ सेहत और स्वाद से भरा भोजन लेना पसंद करते हैं। दरअसल यह आपके स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद है और कई बीमारियों को भी दूर करने में मदद करता है। आज हम आपको ऐसे ही कुछ चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें सर्दियों में आप अपने दोपहर के खाने में खा सकते हैं। इसके फायदे और खाने के तरीके के बारे में विस्तार से बता रही है डाइट क्लीनिक और डॉक्टर हब क्लीनिक की डायटीशियन अर्चना बत्रा।
सर्दियों में लंच में शामिल करें इन चीजों को
1. साग
सर्दियों में मौसम में हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन काफी फायदेमंद होता है। साथ ही स्वाद में भी बेहतरीन होती है। सर्दियों में ही आप सबसे अधिक साग का मजा ले पाते हैं। अलग-अलग तरह के साग में कैल्शियम, आयरन, फाइबर, पोटैशियम, फॉलिक एसिड और मैग्नीशियम पाया जाता है। इसकी मदद से आपको एनीमिया, हाई ब्लड प्रेशर और हीमोग्लोबिन कम होने की शिकायत भी नहीं होती है। इसे आप कई तरीके से अपने लंच में शामिल कर सकते हैं।
Image Credit- Bharatzkitchen
टॉप स्टोरीज़
2. मोटे अनाज
सर्दियों में मक्के की रोटी और सरसों का साग तमाम लोगों को पसंद आता है। इस मौसम में साग के साथ अलग-अलग तरह के मोटे अनाज का भी मजा आप ले सकते हैं। जैसे मक्का, बाजरा, रागी और जौ की रोटी भी आप खा सकते हैं। इससे भरपूर मात्रा में एनर्जी मिलती है और पाचन तंत्र भी सही रहता है। मोटे अनाज में कैल्शियम, प्रोटीन, फाइबर और कार्बोहाइड्रेट भरपूर मात्रा में पाया जाता है। रागी का सेवन डायबिटीज के रोगियों के लिए अच्छा होता है।
3. सलाद
सर्दियों में ढेरो हरी सब्जियां हमें खाने को मिलती है। ऐसे में अगर आप अपना वजन कम करना चाहते हैं या सलाद खाना पसंद करते हैं, तो आप अपने लंच में कई तरह के सलाद को जोड़ सकते हैं। इससे आपके दोपहर का खाना हेल्दी और मजेदार बन जाता है। आप सलाद में चुकंदर, टमाटर, खीरा, ब्रोकली, पत्तागोभी, पालक और सेलेरी मिला सकते हैं। इसमें विटामिन सी, ई, ए, बीटा कैरोटीन और जिंक जैसे आवश्यक पोषक तत्व शामिल होते हैं। ये आंखों की रोशनी को बढ़ाने में भी मदद करते हैं।
इसे भी पढ़ें- सर्दियां आने से पहले डाइट और लाइफस्टाइल में करें ये 8 बदलाव, सीजनल एलर्जी और बीमारियों से होगा बचाव
4. रायता
रायता भोजन का स्वाद बढ़ा देता है। दरअसल सर्दियों में आप कई तरह के रायता का सेवन कर सकते हैं। दही, साग-सब्जियों और प्याज से बना रायता लोगों को खूब पसंद आता है। साथ ही यह भोजन को पचाने में भी मदद करता है। रायता के अलावा आप छाछ का सेवन भी कर सकते हैं। इससे विटामिन्स, पोटैशियम, आयोडीन, जिंक, फाइबर और फोलिक एसिड की भरपूर मात्रा आपको मिलती है। इसमें आप स्वाद के लिए नींबू या एप्पल साइडर विनेगर का इस्तेमाल कर सकते हैं।
5. चावल या रोटी
चावल या रोटी दोपहर के खाने के मुख्य भाग होते हैं। हालांकि कई लोग किसी समस्या या वजन कम करने की चाहत में दोपहर के खाने में चावल लेने से परहेज करते हैं लेकिन सर्दियों में आप सब्जियों में भरपूर चावल फ्राई के साथ साग का रायता खा सकते हैं। इसके अलावा आप रोटी और हरी सब्जियों का भी मजा ले सकते हैं। इससे स्वाद के साथ शरीर को जरूरी पोषक तत्व भी मिलते हैं।
Image Credit- Freepik
6. मीठा
सर्दियों में खाने के बाद गाजर का हलवा या मूंग दाल का हलवा खाने का अलग ही मजा होता है। ऐसे में आप अपने आहार में मीठे के रूप में गाजर का हलवा या कोई अन्य चीज भी खा सकते हैं, जो आपको पसंद हो। इससे मन खुश रहता है और पूरे दिन आप तरोताजा भी अनुभव करते हैं।
इसे भी पढ़ें- सर्दियों में जमकर खाएं ये 6 साग, शरीर को होंगे कई लाभ
नॉनवेज में इन चीजों का करें सेवन
सर्दियों में शरीर को गर्म रखने के लिए आप नॉनवेज का संतुलित मात्रा में सेवन कर सकते हैं। इससे शरीर को प्रोटीन, ओमेगा 3 फैटी एसिड, विटामिन और विभिन्न प्रकार के खनिजों का फायदा मिलता है। आप अपने आहार में चिकन करी , फिश करी या बिरयानी भी खा सकते हैं। इसका सेवन आप हफ्ते में दो बार ही करें, तो बेहतर होगा।
Image Credit- Freepik
सर्दियों में ऐसे बनाएं लंच डाइट प्लान
1. सर्दियों में लंच में आप एक कटोरी अपने पसंद की साग और मक्के की रोटी खा सकते हैं।
2. इसके साथ ही आप बाजरे की रोटी, एक कटोरी हरी सब्जियां और चुकंदर का रायता खा सकते हैं।
3. लंच में दो रोटी के साथ पालक कॉर्न की सब्जी खा सकते हैं।
4. चुकंदर कबाब के साथ वेजिटेबल सूप पी सकते हैं। इससे शरीर को गर्म रखने में भी मदद मिलती है।
5. दो मेथी पराठे के साथ एक कटोरी सब्जी ले सकते हैं। मेथी का सेवन सर्दियों में काफी फायदेमंद माना जाता है।
6. अगर आप दोपहर के खाने में नॉनवेज खाना पसंद करते हैं, तो दो रोटी और सलाद के साथ अंडा करी या चिकन करी खा सकते हैं।
7. इसके अलावा सर्दियों में दोपहर के खाने में शलगम की सब्जी, सलाद और रोटी खा सकते हैं।
8. वेजिटेबल राइस के साथ बथुआ रायता आप अपने लंच में खा सकते हैं।
9. शकरकंद की चाट भी आप खा सकते हैं।
10. एक कटोरी सब्जी के साथ आप दो रोटी और रायता खा सकते हैं। इसके साथ आप गाजर का हलवा या गाजर दूध भी ले सकते हैं।