Habits For Healthy Eyes: आजकल लोगों की आंखें, समय से पहले कमजोर हो जाती हैं। इसके पीछे खराब लाइफस्टाइल मुख्य कारण है। पूरे दिन फोन चलाते रहना, स्क्रीन टाइम बढ़ना, लैपटॉप पर कई घंटे काम करना, अंधेरे में स्क्रीन देखना, हेल्दी डाइट का सेवन न करना आदि कारणों के चलते आंखें कमजोर हो जाती हैं। इन आदतों के चलते आंखों की नमी कम हो जाती है और आंखें, बीमारियों का शिकार हो जाती हैं। हेल्दी आदतों को न अपनाने के कारण आंखों से दिखना कम हो जाता है और पास की चीज देखने में भी कठिनाई महसूस होती है। आंखों को लंबे समय तक हेल्दी रखने के लिए कुछ अच्छी आदतों को रूटीन में शामिल करना चाहिए। ऐसी 5 आदतों के बारे में आगे बात करेंगे। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
1. जिंक, विटामिन सी और ई को डाइट में शामिल करें- Add Zinc, Vitamin C and E in Diet
- जिंक की कमी के कारण आंखों की दृष्टि, धुंधली हो जाती है। जिंक का सेवन करने से, आंखों को ऑक्सीडेटिव क्षति से बचाया जा सकता है। मोतियाबिंद से बचाव में भी जिंक का सेवन फायदेमंद होता है। अंडा, पनीर, मूंगफली, दही, सेम, लहसुन, मशरूम आदि में जिंक पाया जाता है।
- आंखों को फ्री रेडिकल डैमेज से बचाने के लिए विटामिन सी का सेवन करें। खट्टे फल जैसे संतरा, मौसंबी, नींबू आदि में विटामिन सी पाया जाता है।
- वहीं विटामिन ई रिच फूड्स जैसे सरसों के बीज, बादाम, मूंगफली, कद्दू, लाल शिमला मिर्च आदि का सेवन भी करना चाहिए। आंखों की रौशनी में सुधार के लिए, विटामिन ई फायदेमंद माना जाता है।
2. आंखों की एक्सरसाइज करें- Add Eye Workout in Routine
- आंखों को क्लॉकवाइज और एंटीक्लॉकवाइज घुमाएं। इस एक्सरसाइज को 10 बार करें। इससे आंखों का तनाव कम होगा। आंखों का हाइड्रेशन भी बरकरार रहेगा।
- दिन में कम से कम 10 बार पलकें झपकाएं। इससे आंखों की मांसपेशियां को मजबूती मिलती है और आंखों की रौशनी बढ़ती है।
- सुबह उठकर हाथों को रगड़कर, आंखों पर रखें। हाथों की गर्मी से आंखों की मसल्स को आराम मिलेगा। आंखों की सिंकाई करने से, आंखों की थकान कम होती है।
इसे भी पढ़ें- आंखों की रोशनी बढ़ाने के लिए जरूरी हैं ये 5 विटामिन्स, जानें इनके लिए क्या खाएं
3. मोरिंगा को डाइट में शामिल करें- Add Moringa in Diet
अपने निजी अनुभव के आधार पर मैं कह सकती हूं, कि मोरिंगा आंखों के लिए फायदेमंद होता है। लैपटॉप पर लगातार काम करने के कारण, कमजोर हो रही आंखों का चेकअप कराने जब मैं डॉक्टर के पास गई, तो उन्होंने मुझे मोरिंगा यानी सहजन की पत्तियों का सेवन करने की सलाह दी। सहजन को सांभर में मिलाकर खा सकते हैं। सहजन के रस का सेवन, काढ़े के रूप में कर सकते हैं। मोरिंगा में बीटा-कैरोटीन, जेक्सैंथिन और ल्यूटिन पाया जाता है। ये पोषक तत्व, आंखों को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।
4. पलक झपकाएं और आंखों को साफ करें- Blink and Wash Eyes Frequently
स्क्रीन पर लगातार काम करने के कारण आंखों में थकान और सूजन बढ़ जाती है। आंखों को आराम देने के लिए, समय-समय पर आंखों को ठंडे पानी से धोएं। इससे आंखों की थकान भी दूर होती है। आंखों में खुजली, जलन की समस्या दूर करने के लिए ठंडे पानी से आंखों को धोना फायदेमंद होता है। इसके साथ ही पलकों को झपकाने की आदत भी डालें। बार-बार पलकों को झपकाने से, आंखों में हाइड्रेशन बना रहता है और आंखें ड्राई नहीं होतीं।
5. आंखों की जांच करवाएं- Schedule Eye Exams
आंखों की बीमारियों से बचने के लिए समय-समय पर आंखों की जांच कराते रहना चाहिए। आंखें स्वस्थ हैं तो हर 6 महीने में एक बार चेकअप करवाएं। वहीं जिन लोगों की आंखें कमजोर होती हैं, उन्हें हर 3 महीने में एक बार आंखों का चेकअप जरूर कराना चाहिए।
ऊपर बताई इन 5 आदतों की मदद से आंखों को स्वस्थ रखा जा सकता है। लेख पसंद आया हो, तो शेयर करना न भूलें।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version