दाल (Dal) एक ऐसा आहार है, जो भारतीय थाली में हर सीजन में देखा जा सकता है। ज्यादातर लोग रोजाना के खाने में दाल जरूर खाते हैं। आमतौर पर सभी दालें सेहत के लिए फायदेमंद होती हैं, मगर कुछ दालों को आप हर मौसम में नहीं खा सकते हैं। जैसे- उड़द की दाल में बादीपन होता है तो इसे बारिश में कम खाना चाहिए, चने और मटर की दाल गरिष्ठ होती है इसलिए इसे गर्मी में कम खाना चाहिए। लेकिन मूंग (Moong Dal) और मसूर (Masoor Dal) की दाल को मिक्स करके आप किसी भी मौसम में खा सकते हैं। इन दालों को मिक्स करने से आपका पेट स्वस्थ रहेगा, पाचनतंत्र की कोई समस्या नहीं होगी और शरीर को ढेर सारे लाभ मिलेंगे। आयुर्वेदिक डाइट में इन दालों को विशेष तौर पर फायदेमंद माना गया है। आइए आपको बताते हैं मूंग और मसूर की दाल को मिक्स करके खाने से मिलने वाले 4 जबरदस्त फायदे।
किसी भी मौसम में खा सकते हैं ये मिक्स दाल
आमतौर पर गर्मियों में आपको ठंडी तासीर वाली चीजें खाने की सलाह दी जाती है और सर्दियों में गर्म तासीर वाली चीजें खाने की। मूंग के दाल की तासीर ठंडी होती है, जबकि मसूर की दाल की तासीर गर्म होती है। इसलिए इन दोनों दालों को मिलाकर आप किसी भी मौसम में इस दाल को खा सकते हैं। इससे आपकी सेहत को कोई नुकसान नहीं होता है। बरसात के मौसम में अक्सर सुपाच्य चीजें खाने की सलाह दी जाती है क्योंकि इस मौसम में पाचन कमजोर हो जाता है। ऐस में मूंग और मसूर की मिक्स दाल आप बारिश के मौसम में भी खा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: रोजाना दाल खाने के 20 अद्भुत फायदे- प्रोटीन का पावर हाउस कही जाती हैं ये 5 दालें, शरीर को मिलते हैं कई लाभ
पचाने में आसान और पाचनतंत्र के लिए वरदान है ये दाल
पाचन खराब होने पर आपको पेट की कई समस्याएं होने लगती हैं। ऐसा तब होता है, जब आप उलूल-जुलूल खाना खाकर अपने पाचनतंत्र से ज्यादा मेहनत करवाते हैं। पाचन खराब होने पर उल्टी, दस्त, पेट दर्द, कब्ज, बहदहमी, गैस, पेट फूलने जैसी समस्याएं होती हैं। इस तरह की बीमारी में आयु्र्वेदिक डॉक्टर्स भी आपको मूंग और मसूर की दाल को मिक्स करके खाने की सलाह देते हैं। इसके अलावा ये दाल सुपाच्य होती है, इसलिए ये पेट को आराम पहुंचाती है।
प्रोटीन का भंडार हैं ये दालें
प्रोटीन शरीर के लिए बेहद जरूरी है। शरीर में नई कोशिकाएं, बाल, नाखून आदि प्रोटीन से ही बनते हैं। इसके अलावा प्रोटीन आपको सेहतमंद और स्वस्थ रखने के लिए भी जरूरी है। मूंग और मसूर की मिक्स दाल खाने से आपके शरीर की प्रोटीन की जरूरत भी पूरी हो जाती है। दरअसल सभी प्रकार की दालें प्रोटीन का बहुत अच्छा स्रोत मानी जाती हैं। इसलिए अगर आप सप्ताह में 4-5 दिन भी मूंग और मसूर की दाल को मिक्स करके खाते हैं, तो इससे आपके शरीर को अच्छी मात्रा में प्रोटीन मिल जाता है।
इसे भी पढ़ें: ये 5 सब्जियां दुनियाभर में मानी जाती हैं सबसे ज्यादा हेल्दी, जानें इनमें कौन से पोषक तत्व हैं खास और फायदे
कोलेस्ट्रॉल, डायबिटीज और हार्ट की बीमारियां रहती हैं दूर
मूंग और मसूर की मिक्स दाल खाने से आपके शरीर में कोलेस्ट्रॉल कम होता है, डायबिटीज का खतरा कम होता है और हार्ट की बीमारियां दूर रहती हैं। इसका कारण यह है कि ये दालें लो-फैट का अच्छा स्रोत होती हैं। इनमें मौजूद मिनरल्स जैसे आयरन और जिंक आपके शरीर में खून बढ़ाते हैं, मांसपेशियों को स्वस्थ रहते हैं। इसके अलावा दालें फाइबर से भरपूर होती हैं इसलिए इनके सेवन से शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल (LDL) कम होता है, जिससे हार्ट की बीमारियां दूर रहती हैं।
Read More Articles on Healthy Diet in Hindi