
Reduced Screen Time Benefits: अगर आप पुराना समय याद करें, तो दिनभर हमारे पास काफी खाली समय हुआ करता था। घर और बाहर के काम करने के बाद भी, सुकून के पल बिताने का समय होता था। लेकिन आज के समय में, काम पूरा करने के लिए भी घंटे कम पड़ जाते हैं। इसका कारण है बढ़ता स्क्रीन टाइम। लैपटॉप और मोबाइल फोन का ज्यादा इस्तेमाल करने के कारण, लोगों का स्क्रीन टाइम ज्यादा हो गया है। कुछ लोग 10-10 घंटे तक स्क्रीन पर आंखें टिकाकर रखते हैं। इससे आंखों पर बुरा प्रभाव पड़ता है। नजर कमजोर हो जाती है। स्क्रीन टाइम ज्यादा होने के कारण मानसिक तनाव, एंग्जाइटी जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। स्क्रीन टाइम का बुरा असर तो हम सब देख ही रहे हैं, लेकिन क्या हो अगर आप यह स्क्रीन टाइम कम कर लें। यानी दिनभर में मोबाइल और लैपटॉप या अन्य गैजेट्स पर बिताया हुआ समय कम हो जाए। आपको बता दें कि स्क्रीन टाइम कम करने से सेहत को कई फायदे मिलते हैं। इन फायदों पर आगे विस्तार से बात करेंगे।
1. अनिद्रा की समस्या दूर हो जाएगी- Sleep Will Improve
अगर स्क्रीन टाइम ज्यादा होगा, तो स्लीप साइकिल प्रभावित होगी। अनिद्रा की समस्या होगी। हमारे शरीर में सोने और उठने की एक नॉर्मल क्लॉक होती है। लेकिन स्क्रीन पर लगातार लगे रहने के कारण, वह क्लॉक बिगड़ सकती है। जैसे ही आप स्क्रीन टाइम कम कर देंगे, तो धीरे-धीरे अनिद्रा से निजात मिलेगा। रात की अच्छी नींद लेने से डोपामाइन का उत्पादन बढ़ता है। इसे हैपी हार्मोन भी कहा जाता है क्योंकि इससे मूड अच्छा होता है।
2. मोटापा घट सकता है- Weight Loss
स्क्रीन पर लगातार देखते रहने के कारण लोग कुछ और काम नहीं कर पाते। इस स्थिति में मोटापा बढ़ने लगता है। कुछ लोगों को स्क्रीन की लत के साथ-साथ बिंज ईटिंग की लत भी लग जाती है। इन दोनों आदतों से वजन कंट्रोल करना मुश्किल हो सकता है। वहीं स्क्रीन टाइम घट जाने से आप पहले से ज्यादा एक्टिव हो जाएंगे। इससे वॉकिंग स्टेप्स भी बढ़ेंगे और शरीर फिट हो जाएगा।
3. आंखों की दृष्टि और कम नहीं होगी- Improves Eyesight
जो लोग लैपटॉप या स्क्रीन पर ज्यादा समय बिताते हैं, उनके आंखों की रौशनी धीरे-धीरे कम होने लगती है। आजकल आप छोटे-छोटे बच्चों को भी चश्मा पहने देखते होंगे। इसका एक कारण कमजोर दृष्टि है। लेकिन जैसे ही आप स्क्रीन टाइम कम कर देंगे, तो आंखों से पानी आना, आंखों में खुजली आदि लक्षणों से निजात मिलेगा। स्क्रीन टाइम कम करने से आंखों की बीमारी- मायोपिया से भी बचाव होगा।
इसे भी पढ़ें- पेरेंट्स की ये 5 गलतियां बच्चे को बना सकती हैं स्क्रीन एडिक्शन का शिकार, आज ही करें सुधार
4. तनाव घटने लगेगा- Reduce Stress
जैसे ही स्क्रीन टाइम कम करेंगे, आपको शरीर में कई पॉजिटिव बदलाव देखने को मिलेंगे। इन बदलावों में से एक है तनाव कम होना। सोशल मीडिया पर चल रही चीजें, दिमाग में हर समय घूमती रहती हैं, इससे तनाव हो सकता है। इसके अलावा स्क्रीन की लाइट, हमारे दिमाग पर नकारात्मक प्रभाव छोड़ती है। इन प्रभाव से एंग्जाइटी, बेचैनी, तनाव जैसे लक्षण महसूस हो सकते हैं। स्क्रीन टाइम कम करने से, आपको खुद के लिए समय मिलेगा और आप खुशी का अनुभव करेंगे।
5. शरीर की एनर्जी बढ़ने लगेगी- Increases Energy
स्क्रीन टाइम घटाने से शरीर की एनर्जी बढ़ती है। स्क्रीन को लंबे समय तक देखने के लिए लोग बैठे या लेटे रहते हैं। इस कारण, शरीर आलस्य से भर जाता है। शरीर की ऊर्जा भी कम हो जाती है। खुद को एक्टिव रखने के लिए, समय-समय पर चलना या अपनी पोजिशन बदलना जरूरी है।
स्क्रीन टाइम कम करने से शरीर की एनर्जी बढ़ती है, अनिद्रा की समस्या दूर होती है, तनाव घटता है, मोटापा घटता है, आंखों की सेहत इंप्रूव होती है। उम्मीद करते हैं आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।