आजकल के समय में सभी लोग अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए कई तरीके अपनाते हैं। एक्सरसाइज भी बॉडी को फिट रखने का एक आसान उपाय है। एक्सरसाइज न केवल आपके शरीर की एनर्जी बढ़ाती है, बल्कि आपको अनेक स्वास्थ्य लाभ भी देती है। यदि रोजाना आधे घंटे तेजी से कसरत की जाए या रोजाना 1 घंटे मध्यम गति से कसरत की जाए तो आप कैंसर, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर जैसी बहुत सी बीमारियों का खतरा कम कर सकते हैं। एक्सरसाइज करने से मोटापे को भी कम किया जा सकता है। रोजाना एक्सरसाइज करने और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने से बॉवेल कैंसर यानी आंतों के कैंसर के खतरे को कम किया जा सकता है। साथ ही एक्सरसाइज से शरीर में एस्ट्रोजन के लेवल को कम करने में मदद मिलती है, जिससे ब्रेस्ट कैंसर का खतरा भी कम हो सकता है। आइए जानते हैं ऐसी एक्सरसाइज और एक्टिविटीज के बारे में, जिनसे कैंसर के खतरे को कम करने में सहायता मिल सकती है।
मध्यम गति की एक्सरसाइज
आप प्रतिदिन कम से कम एक घंटा मध्यम गति से एक्सरसाइज (मॉडरेट एक्सरसाइज) कर सकते है। यह कैंसर के रिस्क को कम करने में मदद कर सकती है। कुछ आसानी से किए जाने वाली मॉडरेट एक्सरसाइज-
- तेज वॉक
- योग
- स्लो साइकलिंग
- स्लो स्विमिंग
- मॉडरेट एक्सरसाइज करने में बेहद आसान होती है इसलिए आप इन्हें हफ्ते में तीन से पांच बार कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- वर्कआउट का पूरा फायदा उठाना है तो, अपनाएं ये 5 टिप्स
तेजी से की जाने वाली एक्सरसाइज
तेज एक्सरसाइज आपकी सांस और हृदय की गति को बढ़ाती है। इससे खूब सारी कैलोरीज बर्न की जा सकती हैं। अगर आपको कोई स्वास्थ्य समस्या हैत तो आप अपने डॉक्टर से इन एक्सरसाइज करने से पहले एक बार सलाह जरूर लें। जैसे-
- एरोबिक्स
- बास्केटबॉल
- फुटबॉल
- नेटबॉल
- जॉगिंग
- रनिंग
- स्क्वाश
- फुटबॉल
इस तरह की एक्सरसाइज में एरोबिक से पहले 5 से 10 मिनट तक का वार्मअप जरूर करें। आप एरोबिक एक्सरसाइज को 20 से 60 मिनट तक कर सकते हैं।
बेसिक एक्टिविटीज
रोजाना कसरत करना बेहद जरूरी है। लेकिन अगर आप किन्हीं कारणों की वजह से रोजाना एक्सरसाइज नहीं कर सकते, तो कुछ बेसिक एक्टिविटीज कर सकते हैं जैसे कि -
- कार धोना
- घर की सफाई करना
- बच्चों के साथ खेलना
- वॉक करना
- सीढ़ियां चढ़ना
इसे भी पढ़ें- रोजाना 1 घंटे की एक्सरसाइज के बाद भी आपको जरूर करने चाहिए ये 5 काम, सेहतमंद रहने के लिए है जरूरी
अन्य जरूरी एक्टिविटीज
लंबे समय तक बैठने से कई समस्याओं के साथ कैंसर का खतरा बढ़ता है। अगर आप एक्सरसाइज नहीं कर सकते हैं, तो इन आदतों से आप अपने स्वास्थ्य का ध्यान रख सकते हैं।
- ऐप के जरिए 10,000 कदमों का लक्ष्य रखें।
- लिफ्ट को छोड़कर सीढ़ियां चढ़ें।
- जितना हो सके चलने की कोशिश करें।
- लंबे समय तक ना बैठें, घंटों के बीच में कुछ मिनट के लिए टहलने की कोशिश करें।
- अपने करीबी लोगों को फोन करने की बजाय उनके घर जाएं और ज्यादा से ज्यादा पैदल चलें।
एक्सरसाइज शरीर को स्वस्थ और तंदुरुस्त बनाने के लिए बेहद जरूरी होती है। यह कई खतरनाक बीमारियों के खतरे को कम कर सकती है। कुछ एक्टिविटीज और एक्सरसाइज के रोजाना करने से फेफड़े, किडनी, ब्रेस्ट,बॉवेल कैंसर और कई तरह के कैंसर विकसित होने का खतरा कम हो सकता है।