जिम जाएं और पुश अप न करें, ऐसा हो नहीं सकता। लेकिन पुश अप करने के लिए जरूरी नहीं है कि आप जिम जाएं। पुश अप्स की खास बात ये है कि इसे कहीं भी और कभी भी किया जा सकता है। आजकल यंगस्टर्स में मजबूत डोले और मसल्स का क्रेज बढ़ रहा है। इसमें लड़कों के साथ-साथ लड़कियां भी शामिल हैं। कंधों की मजबूती और मसल्स बनाने के लिए पुश अप बहुत अच्छी एक्सरसाइज माना जाता है। लेकिन पुश अप्स का फायदा तभी मिलता है जब इसे ठीक तरह से किया जाए। कई लोग इसे गलत तरीके से करते हैं, जिसके कारण उन्हें उनकी मेहनत का कोई फायदा नहीं मिलता बल्कि कई बार मांसपेशियों में खिंचाव के कारण समस्याओं का सामना अलग करना पड़ता है। आइए आपको बताते हैं पुश अप एक्सरसाइज के बारे में सबकुछ।
ऐसे करें शुरुआत
पुश अप्स की खास बात ये है कि इसे करने के लिए किसी भी मशीन की जरूरत नहीं पड़ती है। इसे आप कभी भी और कहीं भी कर सकते हैं। हालांकि पुश अप्स करने में भी कुछ बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। पुश अप्स की संख्या धीरे-धीरे बढ़ानी चाहिए। अगर शुरुआत में आपको परेशानी होती है, तो जबरदस्ती न करें बल्कि 4-5 पुश अप्स से ही शुरुआत करें। बाद में आप एक बार में 50 से 100 पुश अप्स भी कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें:- जिम में पसीना बहाने से पहले जान लें आपको कितनी देर करना चाहिए व्यायाम
टॉप स्टोरीज़
क्यों फायदेमंद है पुश अप
पुश अप करने के पहले सप्ताह से ही आपको अपने शरीर में बदलाव दिखने लगेगा। ये ऐसा वर्कआउट है जो आपको स्थिर रखने में मदद करता है। पहले सप्ताह में आपको एहसास होगा कि आपके हाथ और सीने की मांसपेशियां स्थिर और मजबूत होने लगी हैं। दूसरे सप्ताह पुश-अप्स करने में आपको अधिक समस्या नहीं होगी। तीसरे सप्ताह आप बिना रुके आसानी से अपना लक्ष्य पूरा कर लेंगे। वहीं चौथे सप्ताह इसे करने में आपको मजा आने लगेगा और यह आपको एक्टिव रखेगा। आप खुद को पहले से अधिक एक्टिव और मजबूत महसूस करेंगे।
आसान है पुश अप्स करना
पुश अप्स करने के लिए सबसे पहले जमीन पर मैट बिछा लें और फिर पेट के बल लेट जायें और अपने पूरे शरीर का भार हथेली और पंजों पर डालें। हाथ सीधा रखते हुए शरीर को ऊपर उठायें और ध्यान रखें इस स्थिति में आपका शरीर एकदम सीधा होना चाहिए। अपने हाथों को भी समानांतर रखें। कोहनियों को भीतर की तरफ रखें, लेकिन उनको शरीर से सटायें नहीं। नीचे आते वक्त सांस अंदर लें, गर्दन हल्की सी ऊपर रखें और पूरा ध्यान चेस्ट पर लगाएं। जब आपका चेस्ट हल्का सा जमीन को छुए तब सांस छोड़ते हुए ऊपर की तरफ आयें। नीचे आराम से जायें और ऊपर थोड़ा तेजी से जा सकते हैं। शुरूआत में इसे करने में थोड़ी समस्या हो सकती है लेकिन बाद में इसे आसानी से कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें:- मजबूत और सुडौल ट्रेपेजियस मसल्स बनाना है, तो रोज करें ये 5 एक्सरसाइज
कितना फायदेमंद है पुश अप
शरीर के ऊपरी हिस्से को बढ़िया शेप देने के लिए पुश अप्स कमाल की एक्सरसाइज है। साथ ही पुश-अप आपकी बाहों का वजन कम करने का कारगर तरीका है। आप नजदीकी लाकर सख्त पकड़ वाली पुश-अप कर अपनी बाहों पर अधिक दबाव डाल सकते हैं। पुश अप्स करने से शरीर बेहतर और चुस्त महसूस करता है और दूसरा इसकी हाई इंटेसिटी आपकी कसरत करने की क्षमता को आगे ले जाती है क्योंकि ये पावर एक्सरसाइज है।
ऐसे अन्य स्टोरीज के लिए डाउनलोड करें: ओनलीमायहेल्थ ऐप
Read More Articles On Sports & Fitness In Hindi