
Fatty Liver in Hindi: लिवर हमारे शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने का काम करता है। लिवर की मदद से फैटी एसिड को तोड़ने में मदद मिलती है। इससे पाचन में सुधार होता है। लेकिन डाइट से जुड़ी गलत आदतों के कारण फैटी लिवर की समस्या हो जाती है। फैटी लिवर होने पर व्यक्ति को हर समय थकान महसूस होती है। ऐसे व्यक्ति जिसका लिवर हेल्दी नहीं है उसे उल्टी या जी मिचलाहट महसूस हो सकती है। फैटी लिवर से पीड़ित व्यक्ति को पेट में दर्द महसूस होता है। फैटी लिवर होने पर लिवर का आकार सामान्य से थोड़ा ज्यादा बढ़ जाता है। इस लेख में हम जानेंगे डाइट से जुड़ी 5 गलतियों जिसके कारण फैटी लिवर की समस्या होती है। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
1. सैचुरेटेड फैट्स और कॉर्ब्स ज्यादा खाना
जो लोग सैचुरेटेड फैट्स और कॉर्ब्स का ज्यादा सेवन करते हैं उनमें फैटी लिवर की समस्या होती है। शेक्स, जूस, मीठी चीजें, बेक्ड फूड्स, पिज्जा, बर्गर, फास्ट फूड आदि में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा ज्यादा होती है। इनमें मौजूद सैचुरेटेड फैट्स का सेवन करने से आपका वजन बढ़ सकता है और फैटी लिवर की समस्या हो सकती है।
इसे भी पढ़ें- फैटी लिवर की समस्या होने पर नहीं खानी चाहिए ये 5 चीजें, बढ़ सकती है समस्या
2. प्रोटीन रिच डाइट न लेना
अगर आप अपनी डाइट में प्रोटीन रिच फूड्स का सेवन नहीं करेंगे, तो जल्दी बीमार पड़ सकते हैं। साथ ही आपका लिवर फैटी बन जाएगा। सर्दियों में प्रोटीन का सेवन करने के लिए अंडे, दाल और पालक का भरपूर सेवन करें। लिवर इंटरनेशनल जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन में भी कहा गया है कि फैटी लिवर जैसे रोग,आहार में प्रोटीन के ज्यादा सेवन से होते हैं।
3. पैकेज्ड फूड्स का सेवन करना
रेडी टू ईट या पहले से पैक्ड फूड्स का सेवन करने से फैटी लिवर की समस्या बढ़ सकती है। आपको पैकेट में मिलने वाले चिप्स, बिस्किट्स, कुकीज, ब्रेड, इंस्टैंट नूडल्स, पास्ता, पैक्ड अचार आदि का सेवन करने से बचना चाहिए। इनमें फैट, नमक और हाई कैलोरीज होती हैं जो लिवर की सेहत के लिए अच्छी नहीं है।
4. एल्कोहल का ज्यादा सेवन करना
फैटी लिवर की समस्या से बचना है, तो एल्कोहल का सेवन न करें। लोग अक्सर वीकेंड पर जमकर शराब का सेवन करते हैं। इस बुरी आदत के कारण सेहत बिगड़ सकती है। शराब, शरीर में जाकर लिवर को फैटी बनाने का काम करती है।
5. हर दिन मीठी चीजों का सेवन करना
हर दिन खाने के बाद मीठा खाना पसंद है, तो आपके लिवर की सेहत बिगड़ सकती है। मीठी चीजों का सेवन करने से शरीर में ब्लड शुगर का स्तर बढ़ जाता है और लिवर फैटी बन जाता है। इसी तरह नमक का भी ज्यादा सेवन करने से बचना चाहिए। कई लोग वाइट ब्रेड का ज्यादा सेवन करते हैं, आपको बता दें कि इसमें मौजूद नमक के कारण फैटी लिवर की समस्या हो सकती है।
ऊपर बताई गई इन 5 गलतियों को ठीक कर लेंगे, तो फैटी लिवर की समस्या से बच सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से संपर्क करें।