
मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ शरीर में कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं जिनमें से एक है बैक पेन। पीठ या कमर में होने वाले दर्द का कारण ठंडक हो सकती है। ठंडी हवा के कारण मांसपेशियों में खिंचाव महसूस होता है। ये दर्द अचानक (sudden back pain) से महसूस हो सकता है। हालांकि कई अन्य कारण हैं जिनके कारण बैक पेन (back pain) अचानक से होता है। अगर आपको भी बैक पेन महसूस हो रहा है, तो उसके लिए जिम्मेदार कारणों को समझ लें। इस लेख में हम आपको बताएंगे कि अचानक से होने वाला बैक पेन कब खतरनाक हो सकता है और इससे बचने के लिए आपको क्या करना चाहिए। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
1. झटके से उठना या बैठना
अचानक से उठने या बैठने के कारण बैक पेन महसूस हो सकता है। झटके से कोई भी काम करेंगे, तो मांसपेशियों में खिंचाव होगा और आपको दर्द महसूस होगा। किसी भारी सामान को उठाने के कारण भी बैक में दर्द महसूस होता है। ये दर्द पीठ से लेकर नीचे कूल्हों तक हो सकता है।
इसे भी पढ़ें- इन 8 घरेलू उपायों से दूर हो सकता है कमर दर्द, आयुर्वेदाचार्य से जानें इन्हें इस्तेमाल करने का तरीका
2. गलत मुद्रा में बैठना या खड़ा होना
अगर आप गलत मुद्रा में बैठे हैं या खड़े हो रहे हैं, तो दर्द महसूस हो सकता है। एक ही पोजिशन में ज्यादा देर बैठने के कारण भी बैक पेन महसूस हो सकता है। वहीं अगर बैक के सहारे से बैठे या लेटे हैं, तो नस सुन्न हो जाने के कारण अचानक से उठने वाला दर्द परेशान कर सकता है।
3. चोट या एक्सीडेंट होना
अगर आपको चोट लग गई है या एक्सीडेंट हो जाने के कारण अचानक तेज बैक पेन हो सकता है। ये बैक पेन कई दिनों से लेकर हफ्तों तक बना रह सकता है। कई लोगों को तनाव के कारण भी अचानक से बैक पेन का एहसास होता है। चोट लगने के बावजूद अगर आप भारी वस्तु उठा लेंगे, तो भी दर्द हो सकता है।
4. विटामिन्स की कमी होना
शरीर में विटामिन सी, विटामिन डी, विटामिन ई, विटामिन बी12 आदि की कमी होने से भी हड्डी और मांसपेशियों में दर्द महसूस हो सकता है। कोशिश करें कि इन विटामिन्स की कमी को दूर करने के लिए आप फल और सब्जियों का सेवन करें। विटामिन्स के सप्लीमेंट्स खाना उतना फायदेमंद साबित नहीं होगा।
डॉक्टर को कब दिखाएं?
- अगर दर्द एक हफ्ते के अंदर ठीक न हो, तो डॉक्टर से संपर्क करें।
- अगर दर्द कमर या पीठ से नीचे या ऊपर की ओर बढ़ने लगे तो डॉक्टर से इलाज करवाएं।
- चलने या उठने में दर्द महसूस हो, तो चिकित्सा सहायता लेने में जरा भी देर न करें।
- दर्द के कारण सोने में कठिनाई महसूस हो या सूजन नजर आए, तो डॉक्टर से कारण जानें।
अचानक से होने वाले बैक पेन से कैसे बचें?
- हेल्दी डाइट लें। डाइट में पोषक तत्वों की कमी के कारण मांसपेशियों में अचानक से दर्द उठता है।
- उठते या बैठते समय शरीर को झटका न दें। आराम से उठें या चलें।
- कैल्शियम युक्त भोजन का सेवन करें। इससे मांसपेशियों और हड्डियों को मजबूती मिलती है।
- वजन को कंट्रोल में रखें। वजन बढ़ने के कारण अचानक से बैक पेन महसूस हो सकता है।
- ज्यादा भारी चीजों को न उठाएं, ऐसा करने से भी अचानक से दर्द होता है।
Sudden Back Pain: अचानक से होने वाले बैक पेन से बचने के लिए ऊपर बताए उपायों की मदद ले सकते हैं। लेख पसंद आया हो, तो शेयर करना न भूलें।