Doctor Verified

शरीर में एलर्जिक रिएक्शन किन कारणों से हो सकता है? जानें डॉक्टर से

Causes of Allergic Reactions in Body : बॉडी में एलर्जिक रिएक्शन की समस्या किन कारणों से होती है? आइए इस सवाल का जवाब डॉक्टर से जानते हैं।
  • SHARE
  • FOLLOW
शरीर में एलर्जिक रिएक्शन किन कारणों से हो सकता है? जानें डॉक्टर से

Causes of Allergic Reactions in Body :  लोगों को कई तरह अलग-अलग तरह की चीजों से एलर्जी होती है। इस स्थिति में कई लोग बहुत ज्यादा छींकने लगते हैं, तो कई लोगों की स्किन पर कई समस्याएं नजर आती हैं। बॉडी में एलर्जी रिएक्शन की समस्या बहुत आम होती है।हालांकि, यहां सवाल यह उठता है कि यह आम समस्या भी किन कारणों से उत्पन्न हो सकती है? आइए इस सवाल का जवाब डॉ. कनिष्क कुमार, कंसल्टेंट इंटरवेंशन पल्मोनोलॉजिस्ट और कंसल्टेंट पल्मोनरी क्रिटिकल केयर एंड स्लीप मेडिसिन, मेट्रो हॉस्पिटल, नोएडा (Dr. Kanishka Kumar, Consultant Intervention pulmonologist & Consultant Pulmonary Critical Care & Sleep Medicine, Metro Hospital, Noida) से जानते हैं।

एलर्जिक रिएक्शन क्या है?- What is an Allergic Reaction

allergic reaction

अगर एलर्जिक रिएक्शन को आसान शब्दों में समझने की कोशिश करें, तो यह स्थिति तब उत्पन्न होती है, जब शरीर का इम्यून सिस्टम किसी हानिरहित पदार्थ यानी एलर्जेन को हानिकारक समझकर उस पर बहुत ज्यादा प्रतिक्रिया करता है। इस स्थिति में शरीर के अंदर कई लक्षण नजर आ सकते हैं। अब अगर आपके मन में यह सवाल उठ रहा है कि एलर्जेन क्या होता है, तो एलर्जेन शरीर में एलर्जी पैदा करने वाले पदार्थों को कहा जाता है। इन पदार्थों में पराग, धूल, कुछ खाद्य पदार्थ, पालतू जानवरों की रूसी या कीड़े के डंक जैसी चीजें शामिल होती हैं। इनसे व्यक्ति की एलर्जी ट्रिगर कर सकती है।  

इसे भी पढ़ें- बार-बार साइनस इंफेक्शन होने के हो सकते हैं ये 4 कारण, जानें बचाव के तरीके

किस कारण शुरू हो सकती है एलर्जी?- What can Cause Allergy

एलर्जिक रिएक्शंस की शुरुआत टाइप-1 हाइपरसेंसिटिविटी से हो सकती है। इसे तत्काल अतिसंवेदनशीलता (Immediate Hypersensitivity) भी कहा जाता है। यह एक प्रकार की एलर्जी प्रतिक्रिया है, जो IgE एंटीबॉडी की वजह से होती है। इसमें हिस्टामाइन जैसे केमिकल तेजी से रिलीज होते हैं, जिससे खुजली, सूजन और अन्य समस्याएं हो सकती हैं। बता दें कि टाइप-1 हाइपरसेंसिटिविटी को कई कुछ फेज में बांटा जाता है। आइए इन फेज के बारे में भी जानते हैं:

संवेदीकरण चरण- Sensitization Phase

  • टाइप-1 हाइपरसेंसिटिविटी के पहले फेज में जब कोई व्यक्ति पहली बार किसी एलर्जेन (Allergen) के संपर्क में आता है, तो शरीर IgE एंटीबॉडी बनाता है।
  • ये IgE एंटीबॉडी मास्ट कोशिकाओं (Mast Cells) और बेसोफिल्स (Basophils) की सतह पर बंध जाते हैं। इस प्रक्रिया को संवेदीकरण चरण कहा जाता है।

अर्ली फेज रिएक्शन- Early Phase Reactions

  • इस चरण में अगर कोई व्यक्ति दोबारा उसी एलर्जेन के संपर्क में आता है, तो IgE एंटीबॉडी मास्ट कोशिकाओं और बेसोफिल्स को एक्टिव करते हैं।  
  • बता दें कि एक्टिव मास्ट कोशिकाएं (Mast Cells) और बेसोफिल (Basophils) हिस्टामाइन और अन्य केमिकल्स को रिलीज करते हैं।  
  • ये केमिकल्स ही शरीर में एलर्जिक प्रतिक्रियाओं के लक्षणों जैसे कि खुजली, लालिमा, सूजन, छींकने और सांस लेने में कठिनाई का कारण बन सकते हैं।

लेट फेज रिएक्शन- Late Phase Reactions

  • यह फेज प्रारंभिक प्रतिक्रिया के 4-12 घंटे बाद शुरू होता है।  
  • इसमें मास्ट कोशिकाओं से जारी कीमोटैक्टिक कारकों (जैसे, ईोसिनोफिल कीमोटैक्टिक फैक्टर) के कारण ईोसिनोफिल्स, न्यूट्रोफिल्स और लिम्फोसाइट्स जैसे सेल्स को अट्रैक्ट किया जाता है।  
  • इन कोशिकाओं के सक्रिय होने से ज्यादा केमिकल्स रिलीज होते हैं। इससे टिशू डैमेज और सूजन की समस्या हो सकती है।    
  • इस चरण में व्यक्ति को त्वचा की लालिमा और सूजन, नाक से स्राव, वायु मार्ग का सिकुड़ना, छींकना, खांसना और घरघराहट जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

एलर्जिक रिएक्शन के प्रकार- Types of Allergic Reactions

एलर्जी रिएक्शन 4 प्रकार के होते हैं। आइए इनके बारे में जानते हैं:

  • त्वचा में एलर्जी रिएक्शन होता है। इसमें त्वचा पर खुजली, लालिमा और सूजन की समस्या हो सकती है।
  • श्वसन एलर्जी रिएक्शन में व्यक्ति को सांस लेने में समस्या, खांसी और छींक आना जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
  • पाचन से जुड़े एलर्जी रिएक्शन में पेट में दर्द, उल्टी और दस्त हो सकते हैं।
  • कार्डियोवैस्कुलर एलर्जी रिएक्शन में दिल की धड़कन बढ़ सकती है, ब्लड प्रेशर कम हो सकता है और सांस लेने में समस्या हो सकती है।

एलर्जिक रिएक्शन के कारण- Causes of Allergic Reaction

  1. पर्यावरणीय कारक: पर्यावरणीय कारकों में धूल, प्रदूषण और धुंआ शामिल हैं। ये एलर्जी को ट्रिगर कर सकते हैं।
  2. भोजन: कुछ खाद्य पदार्थ जैसे कि मूंगफली, दूध, अंडे और ग्लूटेन, एलर्जी को ट्रिगर कर सकते हैं।
  3. धूल और मिट्टी: धूल और मिट्टी में मौजूद एलर्जन, जैसे कि धूल के कण और मिट्टी के जीवाणु, एलर्जी को ट्रिगर कर सकते हैं।
  4. पालतू जानवर: पालतू जानवरों के बाल और त्वचा के कण एलर्जी को ट्रिगर कर सकते हैं।
  5. दवाएं: कुछ दवाएं जैसे कि एंटीबायोटिक्स और एनेस्थेटिक्स, एलर्जी को ट्रिगर कर सकती हैं।

इसे भी पढ़ें- कैसे पता चलेगा कि खांसी एलर्जी के कारण है? डॉक्टर से जानें ये कब तक रहती है और किन बातों का रखें ध्यान

इन कारणों से एलर्जी रिएक्शन की समस्या हो सकती है। अगर आप शरीर में किसी भी तरह की एलर्जी को महसूस कर रहे हैं, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इससे शरीर को कई अन्य समस्याओं से बचाया जा सकता है।

Read Next

वैरिकोज वेन्स की समस्या में बैठने और सोने का सही तरीका, एक्सपर्ट से जानें

Disclaimer