गर्मी के मौसम में तरबूज खाना ज्यादातर लोगों को पसंद होता है। तरबूज में 92% पानी होता है, इसलिए ये गर्मियों में हाइड्रेट रहने के लिए बेस्ट फल माना जाता है। पानी के अलावा तरबूज में ढेर सारे विटामिन्स और मिनरल्स होते हैं, जो शरीर को हेल्दी रखते हैं। 100 ग्राम तरबूज में लगभग 30 कैलोरीज, 0.6 ग्राम प्रोटीन, 7.6 ग्राम कार्ब्स, 0.2 ग्राम फैट और 0.4 ग्राम फाइबर होता है। पानी, फाइबर और कार्ब्स के कारण ही तरबूज खाकर आपका पेट आसानी से भर जाता है और आपको भूख कम लगती है। यही कारण है कि तरबूज को वेट लॉस के लिए भी बहुत अच्छा माना जाता है। लेकिन कुछ लोग तरबूज को खाने से पहले फ्रिज में रखते हैं और ठंडा करके खाते हैं। अब सवाल ये उठता है कि क्या तरबूज को ठंडा करके खाना सही है? आइए जानते हैं इसका जवाब।
क्या तरबूज को ठंडा करके खाना चाहिए?
गर्मियों में अक्सर लोग हर फल को ठंडा करके खाते हैं क्योंकि इस मौसम में ठंडी चीजें ज्यादा अच्छी लगती हैं। लेकिन तरबूज के बारे में दुनियाभर में हुई कुछ रिसर्च में ये बात सामने आई है कि तरबूज को ठंडा करके खाने से इसके पोषक तत्व कम हो जाते हैं। ऐसी एक रिसर्च 'जर्नल ऑफ एग्रीकल्चर एंड फूड केमिस्ट्री' में साल 2009 में छापी गई थी। इस रिपोर्ट के अनुसार स्टडी में पाया गया कि तरबूज को ठंडा करने से इसके लाइकोपीन और बीटा-कैरोटीन तत्वों में कमी आती है। इस बारे में हमने न्यूट्रिपल्स की फाउंडर डायरेक्टर और डायटीशियन डॉ. अंजलि फाटक से बात की और उन्होंने हमें कई इंट्रेस्टिंग बातें बताईं।
इसे भी पढ़ें- इन 5 तरीकों से पहचानें इंजेक्शन लगाकर पकाया गया है तरबूज, जानें कितना खतरनाक है ऐसा तरबूज खाना
तरबूज को ठंडा करने से घट जाते हैं पोषक तत्व
डॉ. अंजलि के अनुसार तरबूज का छिलका बहुत मोटा होता है इसलिए तरबूज जल्दी खराब नहीं होता है। सामान्य तापमान पर भी तरबूज को बिना काटे 20-21 दिन तक रखा जा सकता है। इसलिए तरबूज को फ्रिज में रखने की जरूरत ही नहीं पड़नी चाहिए। लेकिन अगर आप इसे रख भी रहे हैं तो काटकर रखने के बजाय साबुत रखें और खाने से कुछ देर पहले बाहर निकालकर इसका तापमान सामान्य कर लें। फ्रिज में काटकर रखे गए तरबूज को कुछ देर बाद खाने से उसमें पोषक तत्व कम हो जाते हैं। तरबूज को ठंडा करने के बाद इसमें कैरोटेनॉइड लेवल 11% से 40% तक कम हो जाता है।
इसे भी पढ़ें- तरबूज खाने का सही समय क्या है? जानें किस समय तरबूज खाना हो सकता है नुकसानदायक
ठंडा तरबूज खाने के नुकसान
वैसे तो तरबूज को ठंडा करके खाने से पोषक तत्वों के कम हो जाने के अलावा कोई खास नुकसान नहीं होता है। लेकिन अगर आप बहुत ज्यादा ठंडा तरबूज खाते हैं, तो इससे आपका गला खराब हो सकता है। इसके अलावा अगर आप काफी टाइम पहले का कटा हुआ तरबूज खाते हैं, तो ये फूड पॉयजनिंग का भी कारण बन सकता है। कुछ लोगों के पास सुबह टाइम नहीं होता तो वो रात में तरबूज काटकर फ्रिज में रख देते हैं और अगले दिन स्कूल या ऑफिस ले जाते हैं। ये आदत अच्छी नहीं है।
इसलिए अगर आपको तरबूज खाना पसंद है, तो आप इसे ताजा काटकर खाएं और अगर आपने इसे फ्रिज में रखा हुआ है तो खाने से थोड़ी देर पहले इसे फ्रिज से बाहर निकालकर रख लें और तापमान सामान्य हो जाने के बाद ही खाएं।