रोज पिएं मोरिंगा (सहजन) की चाय, सेहत को मिलेंगे ये 5 जबरदस्त फायदे

Moringa Tea Benefits: सहजन की पत्तियों से बनी चाय पीने से सेहत को कई लाभ मिलते हैं। जानें फायदे और बनाने का तरीका -

Priya Mishra
Written by: Priya MishraUpdated at: Mar 27, 2023 12:19 IST
रोज पिएं मोरिंगा (सहजन) की चाय, सेहत को मिलेंगे ये 5 जबरदस्त फायदे

मलेरिया और डेंगू दिवस 2023: बुखार के कारण, लक्षण और रोकथाम गाइड - Onlymyhealth

Moringa Tea Benefits In Hindi: मोरिंगा यानी सहजन औषधीय गुणों से भरपूर होता है। इसका सेवन करने से सेहत को कई लाभ मिलते हैं। आमतौर पर लोग सहजन की फली (ड्रमस्टिक) को सांभर, करी या दाल बनाने के लिए इस्तेमाल करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सहजन के पत्ते भी सेहत के लिए बहुत लाभकारी होते हैं? आयुर्वेद में सहजन के पत्तों का उपयोग कई तरह की बीमारियों का इलाज करने के लिए किया जाता है। सहजन के पत्तों में विटामिन ए, विटामिन बी कॉम्प्लेक्स, विटामिन सी, प्रोटीन, कैल्शियम, आयरन और मैग्नीशियम प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। मोरिंगा के पत्तों से बनी चाय पीने से  वजन घटाने से लेकर बीपी को कम करने तक में मदद मिल सकती है। रोजाना सुबह मोरिंगा की चाय पीने से इम्यूनिटी बूस्ट होती है और कई गंभीर बीमारियों का जोखिम कम होता है। आज इस लेख में हम आपको सहजन की चाय पीने के फायदे (Sahjan Ki Chai Ke Fayde) और बनाने का तरीका बता रहे हैं -

सहजन की चाय पीने के फायदे - Moringa Tea Benefits In Hindi

दिल के लिए फायदेमंद

सहजन की चाय का सेवन दिल की सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है। एक अध्ययन के अनुसार, सहजन की पत्तियों में भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट पाया जाता है। यह शरीर में सूजन के कारण होने वाली समस्याओं को दूर करने का काम करता है। रोज सहजन की पत्तियों की चाय पीने से दिल से जुड़ी बीमारियों का जोखिम कम करने में मदद मिलती है।

ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल करे

डायबिटीज रोगियों के लिए सहजन की चाय बहुत लाभकारी होती है। एक स्टडी से पता चलता है कि सहजन की पत्तियों में एंटी-डायबिटीक गुण पाए जाते हैं। यह ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल रखने में मदद करती है। डायबिटीज के मरीज डॉक्टर की सलाह लेकर सहजन की चाय का सेवन कर सकते हैं।

Benefits-Of-Moringa-Tea

बॉडी को डिटॉक्स करे

सहजन की पत्तियों में मौजूद गुण शरीर को डिटॉक्स करने का काम करते हैं। रोज सुबह सहजन की चाय पीने से शरीर में मौजूद विषाक्त पदार्थ बाहर निकल जाते हैं। इससे बॉडी डिटॉक्स होती है और किडनी फंक्शन को बेहतर बनाने में भी मदद मिलती है। 

इसे भी पढ़ें: लिवर को हेल्दी रखने के लिए पिएं सिंहपर्णी (डंडेलियन) की चाय, जानें बनाने का तरीका

वजन घटाने में मददगार

सहजन की चाय शरीर में जमा एक्स्ट्रा फैट को हटाने का काम करती है। दरअसल, इसमें एंटी-ओबेसिटी गुण मौजूद होते हैं, जो वजन कम करने में आपकी मदद कर सकते हैं। साथ ही, इसमें कैलोरी की मात्रा भी कम होती है। रोज सहजन की चाय पीने से वजन कंट्रोल में रहता है और मोटापा नहीं बढ़ता है।

हड्डियों को मजबूत बनाए

सहजन की चाय पीने से हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद मिलती है। इसमें मौजूद कैल्शियम और फास्फोरस हड्डियों को मजबूत बनाते हैं और हड्डियों में होने वाली समस्याओं को दूर करने में मदद करते हैं। इसको पीने से ऑस्टियोपोरोसिस का जोखिम भी कम होता है।

इसे भी पढ़ें: खाली पेट पिएं करेले की चाय, सेहत को मिलेंगे ये 5 फायदे

सहजन की चाय कैसे बनाएं? - Moringa Tea Recipe In Hindi

मोरिंगा टी यानी सहजन की चाय बनाना बहुत ही आसान है। इसके लिए सहजन की ताजी पत्तियों को छाया में सुखा लें। फि‍र इन पत्तियों को ग्राइंडर में बारीक पीस लें। चाय बनाने के लिए सहजन का पाउडर तैयार है। चाय बनाने के लिए एक चम्‍मच सहजन पाउडर को एक कप पानी में उबाल लें। फिर इसे छानकर इसका सेवन करें। आप चाहें तो सहजन की पत्तियों को पानी में उबालकर भी चाय बना सकते हैं।

Disclaimer