गर्मियों में पेट की समस्याएं सभी को होती हैं। पेट दर्द, बार-बार दस्त, पेट में गुड़गुड़, पेचिश, गैस, कब्ज, बदहजमी, पेट फूलना आदि ऐसी समस्याएं हैं, जो गर्मियों में अक्सर परेशान करती हैं। इन समस्याओं का मूल कारण यह है कि गर्मी के मौसम में हमारी पाचन क्षमता सर्दियों की अपेक्षा कमजोर हो जाती है। लेकिन अगर आप खाने-पीने के शौकीन हैं और गर्मी के मौसम में भी आप हमेशा खाते-पीते रहने के बाद भी स्वस्थ रहना चाहते हैं, तो हम आपको बता रहे हैं पाचन क्षमता को बढ़ाने के 5 ऐसे नियम, जिन्हें आज से ही आपको अपना लेना चाहिए।
सुबह पेटभर खाएं, रात में कम खाएं
गर्मियों में अगर आप स्वस्थ रहना चाहते हैं, तो आपको अपनी डाइट में एक नियम जरूर शामिल करना चाहिए। आप सुबह का नाश्ता पेटभर कर करें। फिर दिन का खाना भी अच्छे से खा लें। लेकिन रात का खाना अपनी भूख से थोड़ा कम ही खाएं। विशेष मौकों की बात अलग है क्योंकि तब आप खुद को खाने से रोक नहीं सकते हैं। इसके अलावा ये भी ध्यान रखें कि रात का खाना सोने से कम से कम 2 घंटे पहले जरूर खा लें।
इसे भी पढ़ें: इन 5 तरीकों से पहचानें इंजेक्शन लगाकर पकाया गया है तरबूज, जानें कितना खतरनाक है इंजेक्शन वाला तरबूज खाना
टॉप स्टोरीज़
पानी पीते रहें, पानी ही स्वस्थ जीवन का आधार है
पानी हमारे जीवन के लिए बहुत जरूरी है इसलिए हम सभी पानी पीते ही हैं। मगर स्वस्थ रहने के लिए जितना पानी पीने की जरूरत होती है, ज्यादातर लोग उतना पानी नहीं पीते हैं। एक्सपर्ट्स के अनुसार एक स्वस्थ व्यक्ति को एक दिन में में कम से कम 3 लीटर (10-12) ग्लास पानी पीना चाहिए। पानी शरीर की गंदगी को पेशाब के रास्ते बाहर निकाल देता है और भोजन को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ने में मदद करता है, जिससे पाचन जल्दी और अच्छी तरह होता है। इसलिए खाते भी रहें, लेकिन अपने शरीर का पानी का कोटा भी पीकर पूरा करते रहें।
प्रोबायोटिक्स वाले आहार खाएं, बढ़ाएं पाचन क्षमता
प्रोबायोटिक्स वो फूड्स होते हैं, जिनमें नैचुरल बैक्टीरिया होते हैं, जो आपकी आंतों में जाकर आपके भोजन को पचाने में मदद करते हैं। इसके अंग्रेजी नाम पर मत जाइये। ऐसी ढेर सारी देसी चीजें हैं, जिनमें प्रोबायोटिक्स पाए जाते हैं जैसे- दही, छाछ, योगर्ट, अचार, सिरका आदि। इसलिए गर्मियों में दही, छाछ और सिरका का सेवन करना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। इससे आपका पेट स्वस्थ रहेगा और आपको जरूरी पोषक तत्व भी मिलेंगे।
इसे भी पढ़ें: आयुर्वेद के अनुसार गर्म तासीर वाले हैं ये 7 आहार, गर्मियों में इनका ज्यादा सेवन हो सकता है नुकसानदायक
गर्मियों में आने वाले फाइबर से भरपूर फल-सब्जियां खाएं
गर्मी की सीजनल फल और सब्जियों में खीरा, ककड़ी, आम, तरबूज, खरबूजा, कद्दू, लौकी, तुरई, पालक, बैंगन, टमाटर आदि प्रमुख हैं। इसलिए इनका सेवन करें। इसके अलावा दूसरे फलों और सब्जियों का भी खूब सेवन करते रहें। इसका कारण यह है कि इन फूड्स में फाइबर की मात्रा अच्छी होती है। इसके अलावा ये एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन्स से भरपूर होते हैं। इसलिए आपके शरीर के लिए इन्हें खाना बहुत हेल्दी होता है।
जंक फूड्स और मसालेदार भोजन जरा कम खाएं
गर्मियों में तापमान बढ़ने के कारण पेट की पाचन क्षमता कम हो जाती है। इसलिए गर्मी में आप अपनी मनपसंद चीजें खा सकते हैं, लेकिन जंक फूड्स और स्पाइसी फूड्स को जरा कम खाएं। जंक फूड्स आसानी से पचते नहीं हैं इसलिए इन्हें ज्यादा खाने पर आपका पेट खराब हो सकता है। इसके अलावा मसालेदार भोजन शरीर की गर्मी बढ़ाते हैं, इसलिए इनका सेवन करने से भी आपके शरीर का सिस्टम कमजोर हो जाता है। इसलिए मसालेदार भोजन भी कम खाएं।
Read More Articles on Healthy Diet in Hindi