
सर्दियां आते ही पकौड़ों और पराठों पर मन ललचाने लगता है। इस मौसम में चटपटी चीजें खाने का मन ज्यादा करता है। चटपटी जीभ को शांत करने के लिए चटनी से बेहतर कोई दूसरा हेल्दी और टेस्टी विकल्प नहीं हो सकता है। ज्यादातर चटनियां फलों और सब्जियों से बनाई जाती हैं इसलिए ये सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होती हैं। आमतौर पर घरों में लहसुन, टमाटर, धनिया की चटनियां तो बनती ही रहती हैं, लेकिन अगर आप इन सर्दियों में कुछ खास, अलग और मजेदार चटनियां चखना चाहते हैं, तो आज हम आपको बतायेंगे 4 ऐसी चटनी जिन्हें खास ठंड के दिनों में खाया जाता है और ये बनने में भी बहुत आसान हैं। इन्हें आप पराठे,पकौड़े या किसी भी चीज के साथ सर्व कर सकते हैं। इनका इस्तेमाल आप साइड डिश या डिप के रूप में भी कर सकते हैं। चलिये सीखते हैं सर्दी में बनने वाली चटपटी चटनी की रेसिपी।
1. गुड़ की चटनी (jaggery chutney)
ठंड के मौसम में गुढ़ हमारे शरीर के लिये बेहद फायदेमंद होता है। गुड़ में मौजूद फास्फोरस फेफड़ों की गंदगी साफ करता है और प्रदूषण से होने वाले नुकसान से बचाता है। इसे आप चीनी की जगह खायें तो शरीर में शुगर लेवल तेजी से नहीं बढ़ता। गुड़ की चटनी का स्वाद ठंड के दिनों में सबको भाता है तो चलिये सीखते हैं इसकी रेसिपी।
सामग्री
- -400 ग्राम गुड़
- - 250 ग्राम इमली
- - जीरा पाउडर
- - सौंठ पाउडर
- -गरम मसाला
- - लाल मिर्च पाउडर
- - सौंफ पाउडर
- - नमक
- - काला नमक
चटनी बनाने की विधि
गुड़ की खट्टी-मीठी चटनी बनाने के लिये सबसे पहले इमली को पानी में भिगोकर 1 घंटे लिये रख दें। उसके बाद इमली के बीज को अलग कर दें। कढ़ाई गरम करें उसमें इमली का पल्प और गुड़ डालकर चलायें। लगातार धीमी आंच पर चलाते रहें जिससे गुढ़ जलने न लगे। मिश्रण में सभी मसाले डालकर अच्छी तरह 2 मिनट तक पकायें। चटपटी चटनी तैयार है।
इसे भी पढ़ें: ये 2 देसी अचार बढ़ाएंगे आपकी इम्यूनिटी और रखेंगे कई बीमारियों को दूर, जानें घर पर स्वादिष्ट अचार बनाने का तरीका
2. आंवले की चटनी (amla chutney)
आंवला विटामिन सी से भरपूर होता है। आपके बालों और त्वचा के लिए तो आंवला को प्रकृति का वरदान माना जाता है। आंवला खाने से बुढ़ापा जल्दी नहीं आता है, आंखों की रोशनी तेज होती है, हड्डियां मजबूत होती हैं और बाल स्वस्थ रहते हैं। इसकी चटनी सर्दियों में बनाकर खायें तो खाने का स्वाद बढ़ जायेगा।
सामग्री
- - 5-6 आंवला
- - तेल
- - हिंग
- - मेथी दाना
- - करी पत्ता
- - सूखी लाल मिर्च
- - हल्दी
- - जीरा
- - नमक स्वादानुसार
चटनी बनाने की विधि
स्वादिष्ट आंवले की चटनी बनाने के लिये सबसे पहले आंवले को धोकर और उसे काटकर रख लें। अब कढ़ाई गरम करें और उसमें तेल डालकर सारे मसाले अच्छी तरह भूनें। आंवले को डालकर आंच धीमी कर दें। मिश्रण में हल्दी और नमक डालकर ढक्कन बंद कर दें। नरम होने तक पकायें। मिश्रण को गैस से हटाकर ठंडा करें और मिक्सी में चला लें। चटनी तैयार है। कुछ लोगों को आंवले की खटास पसंद नहीं होती तो वो इसमें गुड़ भी डाल सकते हैं।
3. करौंदे की चटनी
सर्दियों में करौंदे खाने का मजा ही कुछ अलग है और अगर साथ तीखी हरी मिर्च हो तो दिन ही बन जाता है। आप इसकी आसान चटनी बनाना मिनटों में सीख सकते हैं। इसको आप कई दिनों तक फ्रिज में स्टोर करके भी रख सकते हैं। करौंदे की चटनी जल्दी खराब नहीं होती।
सामग्री
- - 250 ग्राम करौंदा
- - 150 ग्राम हरी मिर्च
- - जीरा
- - हल्दी
- - धनिया पाउडर
- - सरसों का तेल
- - हींग
- - नमक स्वादानुसार
चटनी बनाने की विधि
करौंदे और मिर्च को अच्छी तरह धो लें। 1 कढ़ाई में तेल गरम करें और उसमें आधा चम्मच जीरा और चुटकी भर हींग मिलाकर भूनें। फिर इसमें करौंदे और मिर्च डालकर चलायें। मिश्रण में हल्दी पाउडर,धनिया पाउडर, नमक डालकर मिलायें। इसे ऐसे ही अचार की तरह खा सकते हैं या पीसकर चटनी भी बना सकते हैं। इसे गरम-गरम पराठों के साथ सर्व करें।
इसे भी पढ़ें: इम्यूनिटी बढ़ाने, शुगर कंट्रोल करने और कब्ज को ठीक करती है ये देसी चटनी, जानिए बनाने का तरीका
4. अमरूद की चटनी (guava chutney)
सर्दियों में अमरूद तो आपने बहुत बार खाया होगा पर क्या कभी अमरूद की चटनी बनाई है अगर नहीं तो इन सर्दियों में ये चटनी जरूर बनायें। जानकार कहते हैं कि अमरूद को रोज खाने से कब्ज की परेशानी दूर हो जाती है। अमरूद में भी विटामिन सी और फाइबर की अच्छी मात्रा होती है।
सामग्री
- - 2 हरे अमरूद
- - 4 हरी मिर्च
- - हरा धनिया
- - लहसुन
- - सफेद तिल
- - पानी
- - नमक स्वादानुसार
चटनी बनाने की विधि
अमरूद की चटनी बनाने के लिये ज्यादा पके हुए अमरूद न लें। हरे और ताजे अमरूद चटनी के लिये अच्छे रहेंगे। 2 अमरूद को काटकर उनके बीज अलग कर लें। अब इसमें एक चौथाई पानी डाल दें। मिश्रण में 4 हरी मिर्च, हरा धनिया, नमक, 4 से 5 लहसुन की कली और भुना हुआ तिल मिलाकर मिक्सी में चला लें। ताजी-ताजी चटनी सर्व करें।
आप भी ठंड के मौसम में घर पर इन झटपट बन जाने वाली चटनी की रेसिपी को बनाना न भूलें। मौसमी फल और सब्जियों को चटनी और अचार के फॉर्म में लंबे समय तक खाया जा सकता है।
Written by Yashaswi Mathur
Read More Articles on Healthy Diet in Hindi