हम सभी चाहते हैं कि हम फिट रहें और हमेशा स्वस्थ रहें। इसके लिए हममें से कुछ लोग एक्सरसाइज करते हैं तो कुछ लोग डाइटिंग फॉलो करते हैं। आपको फिट रखने में सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण आपका खाना होता है। मगर हम में से ज्यादातर लोग इस बात को लेकर कंफ्यूज रहते हैं कि हमें क्या खाना चाहिए और कितना खाना चाहिए। अक्सर हमें लगता है कि इन सवालों का जवाब कोई एक्सपर्ट दे पाता, तो अच्छा होता। तो आपके लिए अच्छी खबर है कि करीना कपूर और तमाम बॉलीवुड सेलेब्स की फिटनेस और न्यूट्रीशन एक्सपर्ट के तौर पर काम कर चुकी न्यूट्रीशनिस्ट रिजुता दिवेकर ने आपकी डाइट और खानपान से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवालों का जवाब दिया है। तो आइए जानते हैं कि कैसे खाएं और कितना खाएं।
खाना खाते समय इन बातों का रखें ध्यान
रिजुता बताती हैं कि क्वारंटाइन के दौरान आप ज्यादा कैलोरीज नहीं बर्न करते हैं, इसलिए आपको खाने का एक विशेष तरीका अपनाना चाहिए, जिससे कि आप अपने शरीर की जरूरत के अनुसार खाएं, न कि बहुत ज्यादा। इसके लिए रिजुता मेंटल मील प्लान का तरीका बताती हैं। इस मेंटल मील प्लान में रिजुता 3S का जिक्र करती हैं आइए आपको बताते हैं, ये क्या है।
- साइलेंस- शांति के साथ खाएं। यानी अगर आप टीवी देखते हुए या कुछ काम करते हुए खा रहे हैं, तो ऐसा न करें। बल्कि खाना हमेशा शांति के साथ खाएं और उस दौरान कोई काम न करें।
- सेंसेंस- अपनी सभी इंद्रियों का प्रयोग करें। यानी आपको खाना खाते समय आंखों, नाक, कान, त्वचा और जीभ सभी इंद्रियों का प्रयोग करना चाहिए। इससे पेट जल्दी भरता है।
- सिट डाउन- बैठ कर खाना खाएं। आपको हमेशा सही तरीके से और शांति से बैठकर ही खाना खाना चाहिए। खड़े होकर खाना या चलते-फिरते हुए खाने की आदत ठीक नहीं है।
View this post on Instagram
Answering the most commonly asked question about food. #worldhealthday
कैसे खाना चाहिए खाना?
रिजुता बताती हैं कि खाना जरूरत से ज्यादा न खाएं, इसके लिए आपको एक खास तरीका अपनाना चाहिए। जैसा रिजुता ने बताया, हम उसे आपको विस्तार से बता रहे हैं।
अपनी भूख का आधा खाना लें- अगर आपको 2 रोटी की भूख है, तो आपको पहले सिर्फ 1 रोटी लेनी चाहिए। इस रोटी को बिल्कुल धीरे-धीरे आनंद लेकर चबाते हुए खाएं और सामान्य से दोगुना समय इसे खाने में लगाएं। इसके बाद भी अगर आपको भूख लगी हुई है, तो बची हुई 1 रोटी का आधा यानी आधी रोटी लीजिए और इसे भी धीरे-धीरे चबाते हुए खाइये। जब ये भी खत्म हो जाए, तो भी अगर भूख बच जाए, तो आपको बची हुई आधी रोटी भी इसी तरही के से खानी चाहिए।
इसे भी पढ़ें:- दूध या अंडा, किसका प्रोटीन है ज्यादा हेल्दी? क्या आप एक साथ अंडे और दूध का सेवन कर सकते हैं?
इस तरह खाने के क्या फायदे हैं?
जब हम खाना खाते हैं, तो हमारे मस्तिष्क को पेट भरने का संकेत कुछ मिनटों के बाद मिलता है। रिजुता बताती हैं कि जल्दी-जल्दी खाना खाने के कारण हम हमारी भूख से ज्यादा खाना खा लेते हैं। इसलिए इस तरीके से खाना खाने से आपका पेट पर्याप्त भोजन खा लेने पर मस्तिष्क को संकेत भेज देता है, जिससे कि आप ज्यादा खाना नहीं खाते हैं।
कितना खाना खाना चाहिए आपको?
कैसे खाना चाहिए के बाद आपको जानना है कितना खाना चाहिए। तो रिजुता इस सवाल के जवाब में बताती हैं कि आपको अपना खाने की प्लेट को 3 भागों में बांटना चाहिए। इसे इस तरह समझें-
- 50% मोटे अनाज- आपके खाने का आधा हिस्सा मोटे अनाज से भरपूर होना चाहिए। जैसे- रोटी, पराठा, चावल (गेंहूं, जौ, मक्का, बाजरा, ज्वार आदि से बने हुए)।
- 35% सब्जी, दाल या चिकन- अगर आप शाकाहारी हैं तो आपको अपने खाने की प्लेट का 35% हिस्सा दाल या सब्जी से भरा रखना चाहिए। इसमें पकी हुई सब्जियां, दालें, चिकन, करी आदि शामिल हैं।
- 15% सलाद, पापड़, अचार- आपके थाली के 15% हिस्से में आपको सलाद अचार और पापड़, यानी साइड ईटिंग्स को रखना चाहिए।3
- इस तरह आपको हर दिन अपने खाने की थाली में यही प्रपोर्शन रखना है, ताकि आपका खाना संतुलित रहे और आपको सभी पोषक तत्व मिल सकें।
इसे भी पढ़ें:- अंडा ही नहीं, इन 5 शाकाहारी आहारों में भी होता है भरपूर प्रोटीन
क्या खाना चाहिए?
अब सबसे महत्वपूर्ण सवाल कि आपको क्या खाना चाहिए। इसके लिए रिजुता ने 7 दिनों का एक खास मील प्लान और वर्कआउट प्लान तैयार किया है, जिसे उन्होंने इंस्टाग्राम पर डाला हुआ है। आप इस मील प्लान को देखकर ही अपने दिनभर का खाना तय कर सकते हैं।