
What To Do in Bloated Stomach: पेट फूलने की समस्या कई कारणों से हो सकती है। असंतुलित खानपान और खराब जीवनशैली के कारण पेट और पाचन से जुड़ी परेशानियां होती है। पेट फूलने को मेडिकल टर्म में ब्लोटिंग की समस्या भी कहते हैं। इस स्थिति में मरीज को कई गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल खानपान और जीवनशैली में गड़बड़ी की वजह से पेट में मौजूद ग्रंथियों से जरूरी एसिड और एंजाइम कम मात्रा में निकलता है। इसकी वजह से आपका पेट सही ढंग से भोजन नहीं पचा पाता है। भोजन सही ढंग से न पचने पर आपके पेट में गैस और ब्लोटिंग की समस्या होती है। ब्लोटिंग या पेट फूलने पर आपको सावधानियों का ध्यान रखना चाहिए, इस स्थिति में खानपान या जीवनशैली से जुड़ी गड़बड़ी करने से आपकी परेशानी बढ़ जाती है। आइए इस लेख में विस्तार से जानते हैं पेट फूलने पर आपको क्या करना चाहिए?
पेट क्यों फूलता है?- What Causes Stomach Bloating in Hindi
असंतुलित खानपान और निष्क्रिय जीवनशैली के कारण आपको पेट फूलने की समस्या हो सकती है। ऐसे लोग जो बहुत ज्यादा तला-भुना या जंक फूड का सेवन करते हैं, उन्हें ब्लोटिंग का खतरा आमतौर पर ज्यादा रहता है। ब्लोटिंग या पेट फूलने की समस्या के कुछ प्रमुख कारण इस तरह से हैं-
- कब्ज और अपच के कारण
- बहुत ज्यादा भोजन करने की वजह से
- पेट में दर्द और दस्त की वजह से
- छोटी आंत में बैक्टीरिया के बढ़ने के कारण
- पेट में पानी भरने की वजह से
- पेट में ट्यूमर होने पर

पेट फूलने पर क्या करना चाहिए?- What To Do in Bloated Stomach in Hindi
खानपान से जुड़ी गलत आदतों की वजह से आपको ब्लोटिंग और पाचन से जुड़ी परेशानियों का खतरा ज्यादा रहता है। ऐसे लोग जो सुबह के समय खाली पेट रहते हैं और लंच में हैवी मील का सेवन करते हैं, उन्हें ब्लोटिंग का खतरा ज्यादा रहता है। इसके अलावा सुबह खाली पेट बहुत ज्यादा तला भुना या जंक फूड का सेवन करने से भी आपको इस समस्या का खतरा रहता है। पेट फूलने पर कुछ लोग ओवर द काउंटर दवाओं का सेवन करते हैं। इस समस्या में ओवर द काउंटर दवाओं का सेवन करने की जगह आप कुछ घरेलू नुस्खों को अपनाकर इस परेशानी से छुटकारा पा सकते हैं। पेट फूलने पर सबसे पहले आपको इन बातों का ध्यान रखना चाहिए-
- पेट पर हीट पैड का इस्तेमाल करें, इससे आपको तुरंत आराम मिलेगा
- गैस निकालने और पाचन ठीक करने के लिए अजवाइन का पानी पिएं
- फाइबर की पर्याप्त मात्रा वाले फूड्स का सेवन करें
- पेट फूलने पर बहुत ज्यादा टाइट कपड़े न पहनें
- पेट फूलने पर थोड़ी देर वॉक करें
पेट फूलने पर क्या नहीं करना चाहिए?- What to Avoid in Bloated Stomach?
पेट फूलने की समस्या में कई बार लोग कुछ गलतियाँ कर बैठते हैं, जिसकी वजह से उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। पेट फूलने की समस्या में आपको इन चीजों का ध्यान जरूर रखना चाहिए-
- पेट फूलने की समस्या में बहुत ज्यादा गर्म पानी का सेवन न करें
- संतुलित मात्रा में ही गुनगुना पानी पीने से आपको फायदा मिलेगा
- पेट फूलने की समस्या में आपको घी का सेवन करने से बचना चाहिए
- अचार और सिरके वाली चीजों का सेवन करने से बचना चाहिए
- चाय और कॉफी का सेवन करने से बचें
- जंक फूड्स और सॉफ्ट ड्रिंक्स का सेवन न करें
पेट फूलने की समस्या से बचने के लिए आपको सही समय पर संतुलित मात्रा में भोजन जरूर करना चाहिए। लंबे समय तक खाली पेट रहने की वजह से भी आपको ब्लोटिंग का खतरा रहता है। ब्लोटिंग की समस्या अगर बार-बार हो रही है, तो डॉक्टर से जरूर संपर्क करें।
(Image Courtesy: Freepik.com)