
Causes Of Blood Clots in Deep Leg Veins: पैर की नसों में खून का थक्का जमने की समस्या बहुत खतरनाक होती है। इस समस्या को नजरअंदाज करना शरीर पर भारी पड़ सकता है। सर्दी के मौसम में यह समस्या ज्यादा लोगों में देखने को मिलती है। शरीर में खून नसों के माध्यम से सर्कुलेट होता है। खून का थक्का जमने के पीछे भी कई कारण होते हैं। शरीर के अलग-अलग अंगों में अलग-अलग कारणों से खून का थक्का जम सकता है। पैर की नसों में खून का थक्का जमने को डीप वेन थ्राम्बोसिस कहते हैं। यह समस्या ज्यादा पैर के निचले हिस्से या जांघ में होती है। शुरुआत में इसका इकाज दवाओं से किया जा सकता है, लेकिन गंभीर रूप से इसका शिकार होने पर आपको सर्जरी की भी आवश्यकता पड़ सकती है। आइए विस्तार से जानते हैं इस समस्या का कारण और बचाव।
पैर के नसों में खून क्यों जमता है?- What Causes Blood Clots in Deep Leg Veins?
डीप वेन थ्राम्बोसिस या डीवीटी की समस्या कई कारणों से होती है। बाबू ईश्वर शरण हॉस्पिटल के सीनियर फिजिशियन डॉ. समीर कहते हैं कि डीप वेन थ्राम्बोसिस की समस्या सर्जरी के दौरान होने वाली दिक्कतों की वजह से भी हो सकती है। इसके अलावा बहुत ज्यादा आराम करने से भी इस समस्या का खतरा बढ़ता है। ऐसे लोग जो गतिहीन रहते हैं या निष्क्रिय रहते हैं उन्हें इस समस्या का खतरा बहुत ज्यादा रहता है। कुछ दवाओं के दुष्परिणाम से भी इस समस्या का खतरा रहता है। गर्भनिरोधक गोलियां या हॉर्मोन थेरेपी के कारण भी इस समस्या का खतरा ज्यादा रहता है।
इसे भी पढ़ें: OCD के मरीजों के लिए डीप ब्रेन स्टिमुलेशन है कारगर इलाज, जानें इसके बारे में
पैर के नसों में खून जमने के लक्षण- Symptoms of Blood Clots in Deep Leg Veins
पैर के नसों में खून का थक्का जमने पर आपकी नसों का रंग बदल जाता है और इसकी वजह से गंभीर दर्द होता है। इस समस्या में दिखने वाले कुछ प्रमुख लक्षण इस तरह से हैं-
- पैर में सूजन
- गंभीर दर्द
- मांसपेशियों में कमजोरी
- बहुत ज्यादा पसीना आना
- कमजोरी और थकान
- सांस लेते समय सीने में दर्द
- खांसी में खून आना
- हृदय की गति अनियंत्रित होना
पैर की नसों में खून जमने का इलाज और बचाव- Blood Clots in Deep Leg Veins Treatment And Prevention
इस समस्या में जांच के बाद ही डॉक्टर मरीज को दवा का सेवन करने की सलाह देते हैं। इसके अलावा जिन लोगों में यह समस्या गंभीर रूप से होती है उन्हें सर्जरी की भी आवश्यकता पड़ सकती है। डीप वेन थ्राम्बोसिस की समस्या से बचने के लिए आपको हेल्दी डाइट और जीवनशैली का विशेष ध्यान रखना चाहिए। धूम्रपान और शराब आदि का सेवन करने से भी इसका खतरा ज्यादा रहता है, इसलिए इन चीजों को दूरी बनाकर रखनी चाहिए। इसके अलावा नियमित रूप से व्यायाम और एक्सरसाइज करने से इस समस्या का खतरा कम होता है।
(Image Courtesy: Freepik.com)