How To Keep Respiratory System Healthy During Monsoon: मानसून सीजन में भले ही आपको उमस भरी गर्मी और चिलचिलाती धूप से राहत मिलती हो, लेकिन इस मौसम की शुरुआत होते ही कई गंभीर बीमारी और संक्रमणों का खतरा बढ़ जाता है। इस मौसम में जगह-जगह पानी भरने की वजह से मच्छर ज्यादा पनपते हैं और इसकी वजह से मच्छरों से होने वाली बीमारियां बढ़ती हैं। बारिश शुरू होते ही डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इस मौसम में वातावरण में नमी बढ़ती है और इसकी वजह से एलर्जी, हवा में पराग, फफूंदी आदि बढ़ जाते हैं। इस मौसम में सांस से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित लोगों को गंभीर परेशानियां हो सकती हैं। ऐसे लोग जो पहले से सांस से जुड़ी बीमारी जैसे अस्थमा आदि से पीड़ित हैं, उन्हें गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। मानसून के सीजन में सांस से जुड़ी बीमारियों से बचने और श्वसन तंत्र को हेल्दी बनाए रखने के लिए कुछ चीजों का ध्यान रखना चाहिए। आइये इस लेख में विस्तार से जानते हैं बारिश के दौरान सांस से जुड़ी बीमारियों से बचाव कैसे करें।
मानसून में सांस से जुड़ी बीमारियों से बचाव के टिप्स- Respiratory Diseases Prevention in Monsoon in Hindi
मानसून के दौरान सांस से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ट्रॉपिकल मेडिसिन एंड इंटरनेशनल हेल्थ जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन में भी यह कहा गया है कि भारत में मानसून के दौरान श्वसन संक्रमण पीक पर होता है। इस दौरान इन्फ्लूएंजा, अस्थमा, निमोनिया और ब्रोंकाइटिस जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। बारिश या मानसून के दौरान घनी आबादी वाले क्षेत्रों में सांस से जुड़ी बीमारियों का खतरा सबसे ज्यादा रहता है। इंफ्लूएंजा समेत कई इन्फेक्शन घनी आबादी वाले क्षेत्रों में ज्यादा फैलते हैं।
इसे भी पढ़ें: बच्चों में भी हो सकती हैं सांस से जुड़ी ये 6 गंभीर बीमारियां, जानें इनके बारे में
बारिश या मानसून सीजन में सांस से जुड़ी बीमारियों के खतरे को कम करने के लिए इन बातों का ध्यान रखें-
1. हाइजीन का विशेष ध्यान रखें
बारिश और मानसून के दौरान सांस से जुड़ी बीमारियों के खतरे को कम करने के लिए आपको हाइजीन यानी साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। इस मौसम में साबुन से हाथ समय-समय पर धोना चाहिए। खांसने के बाद चेहरा या नाक छूने से बचना चाहिए। बाहर जाते समय मास्क लगाने से आप संक्रमण की चपेट में आने से बच सकते हैं।
2. शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता करें बूस्ट
शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने के कारण आप आसानी से बीमारियों के संपर्क में आ सकते हैं। शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता या इम्यूनिटी बूस्ट करने के लिए विटामिन सी वाले फूड्स का सेवन करना चाहिए। इस मौसम में ताजे फलों का सेवन करें और खानपान का विशेष ध्यान रखें।
3. बहुत ज्यादा नमी और भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें
बारिश और मानसून के दौरान सांस से जुड़ी बीमारियों का जोखिम कम करने के लिए आपको भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचना चाहिए। इसके अलावा ऐसी जगहों पर न जाएं जहां पर पानी भरा हो या नमी ज्यादा हो। इन जगहों पर जाने से संक्रमण फैलने का खतरा ज्यादा रहता है।
4. शरीर को हाइड्रेटड रखें
बारिश के मौसम में पानी कम पीने से भी शरीर को नुकसान पहुंचता है। इस मौसम में शरीर में पानी की कमी होने से आपके श्वसन तंत्र में नमी कम हो जाती है और इसकी वजह से सांस लेने में परेशानियां हो सकती हैं। 24 घंटे में कम से कम चार से पांच लीटर पानी जरूरी पीना चाहिए।
5. स्मोकिंग करने से बचें
स्मोकिंग के कारण सांस से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसकी वजह से आपको अस्थमा, फेफड़ों का कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। इस मौसम में बीमारियों से बचने के लिए सेकेंड हैंड स्मोकिंग से भी बचना चाहिए।
बारिश या मानसून के दौरान कई तरह की एलर्जी और इन्फेक्शन का खतरा बढ़ जाता है। इस मौसम में बीमारियों से बचने के लिए खानपान और जीवनशैली का विशेष ध्यान रखना चाहिए। अगर आप पहले से बीमारियों की चपेट में हैं, तो डॉक्टर की सलाह समय-समय पर जरूर लें और टीके लगवाएं।
नोट: यह लेख मेडीबडी की मेडिकल ऑपरेशन डिपार्टमेंट की हेड डॉ. गौरी कुलकर्णी से Onlymyhealth को मिले इनपुट्स पर आधारित है।
(Image Courtesy: Freepik.com)