
Smartwatch Side Effects On Health: स्मार्टवॉच पहनना आज के समय में फैशन हो गया है। हर उम्र के लोगों में Smartwatch पहनने का क्रेज बढ़ रहा है। कुछ साल पहले तक लोगों की कलाई पर डायल वॉच का कब्जा था, लेकिन बढ़ती तकनीक ने डायल वॉच की जगह स्मार्टवॉच को दे दी है। स्मार्टवॉच के बढ़ते क्रेज के कारण अब कंपनियां हर महीने नयी तकनीक वाली घडियां लांच कर रही हैं। स्मार्टवॉच आपकी हार्ट बीट से लेकर ब्लड प्रेशर और स्टेप्स को काउंट करती हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बहुत ज्यादा स्मार्टवॉच का इस्तेमाल आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। दरअसल स्मार्टवॉच से निकलने वाला रेडिएशन आपकी सेहत पर बहुत नकारात्मक असर डालता है। दुनियाभर में स्मार्टवॉच के नुकसान को लेकर अलग-अलग बातें की जाती हैं। आइये इस लेख में विस्तार से जानते हैं, सेहत पर स्मार्टवॉच पहनने से पड़ने वाले प्रभावों के बारे में।
स्मार्टवॉच पहनने के नुकसान- Side Effects Of Smartwach in Hindi
स्मार्टवॉच के बढ़ते क्रेज के साथ ही इसको लेकर दुनियाभर में एक विवाद भी शुरू हो गया था। ऐसा माना जाता है कि स्मार्टवॉच का बहुत ज्यादा इस्तेमाल करने से आपकी सेहत पर इसके नकारात्मक प्रभाव भी पड़ते हैं। इससे निकलने वाले रेडिएशन को सेहत के लिए बहुत ज्यादा नुकसानदायक माना गया है। बाबू ईश्वर शरण हॉस्पिटल के सीनियर फिजिशियन डॉ. समीर स्मार्टवॉच पहनने को लेकर कहते हैं कि आज के समय में हर व्यक्ति की कलाई पर स्मार्टवॉच देखा जा सकता है। लगभग हर उम्र के व्यक्तियों में इसका क्रेज देखा जाता है। स्मार्टवॉच दरअसल इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड (EMF) रेडिएशन बनाती है और इसे सेहत के लिए नुकसानदायक माना जाता है। कई बार लोग सस्ती कंपनियों के स्मार्टवॉच इस्तेमाल करने लगते हैं, इन्हें बनाने में इस्तेमाल किये गए उपकरणों की गुणवत्ता खराब होने के कारण इससे रेडिएशन का खतरा ज्यादा बढ़ जाता है।
इसे भी पढ़ें: स्मार्ट वॉच और फिटनेस बैंड की ब्लड प्रेशर रीडिंग कितनी सही? जानें डॉक्टर से
जरूरी नहीं कि स्मार्टवॉच पहनते ही आपकी सेहत पर इसका असर शुरू हो जाता है। दरअसल इसका नुकसान ऐसे लोगों को ज्यादा रहता है, जो लंबे समय तक स्मार्टवॉच पहनते हैं। ऐसे लोग जो 24 घंटे स्मार्टवॉच पहनते हैं, उन्हें रेडिएशन की वजह से होने वाले नुकसान का खतरा ज्यादा रहता है।
स्मार्टवॉच पहनने पर ध्यान रखें ये बातें
- 24 घंटे लगातार स्मार्टवॉच पहनने से बचें, जब इसकी जरूरत हो तभी पहनें।
- देर रात तक स्मार्टवॉच का इस्तेमाल करने से बचें, ऐसा करने से आपकी नींद खराब हो सकती है।
- बार-बार स्मार्टवॉच का इस्तेमाल करने से बॉडी डिस्मोरफिया का खतरा रहता है।
स्मार्टवॉच का बहुत ज्यादा इस्तेमाल करने वाले लोगों में नींद के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों का खतरा ज्यादा रहता है। इसकी वजह से आपकी स्लीप साइकिल खराब हो सकती है और कई गंभीर परेशानियों का खतरा बना रहता है। स्मार्टवॉच पहनने पर मूड स्विंग, सिरदर्द जैसी परेशानी होने पर आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
(Image Courtesy: Freepik.com)