
Excessive Gym Supplement Side Effects: युवा पीढ़ी में बॉडी बिल्डिंग और जिम जाने का क्रेज तेजी से बढ़ा है। जल्दी बॉडी बनाने के चक्कर में लोग प्रोटीन पाउडर और तमाम तरह के जिम सप्लीमेंट्स का सेवन करते हैं। कई बार लोग जल्दबाजी में इसका बहुत ज्यादा सेवन कर बैठते हैं, जो कि बहुत ज्यादा नुकसानदायक होता है। एक ऐसा ही मामला राजधानी दिल्ली में सामने आया है। जानकारी के मुताबिक 22 वर्षीय युवा ने जल्दी बॉडी बनाने के चक्कर में ज्यादा मात्रा में सप्लीमेंट्स का सेवन कर लिया जिसकी वजह से युवक की हालत बेहद गंभीर हो गयी। सप्लीमेंट्स ओवरडोज के कारण युवक बेहोश हो गया जिसके बाद उसे दिल्ली के पीएसआरआई हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक युवक के शरीर में ऑक्सीजन का लेवल बहुत कम था जिसकी वजह से वह बेहोश हो गया। हॉस्पिटल में युवक को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया जिसके बाद उसकी हालत ठीक न होने पर उसे ICU में भर्ती किया गया। हालांकि मरीज अभी ठीक है और डॉक्टरों ने उसे फ्यूचर में किसी भी तरह के सप्लीमेंट का सेवन न करने की सलाह दी है।
अब सवाल यह उठता है कि क्या बॉडी बिल्डिंग करने या शरीर को फिट बनाने के लिए जिम सप्लीमेंट या प्रोटीन पाउडर आदि का सेवन करना जरूरी है? दरअसल आज के समय में यह एक क्रेज बन चुका है कि जिम जाने पर आपको प्रोटीन पाउडर और तमाम अन्य तरह के बॉडी बिल्डिंग सप्लीमेंट का सेवन करना चाहिए। युवा जल्दी बॉडी बनाने के चक्कर में इसका ओवरडोज ले लेते हैं जिसकी वजह से कई जानें भी जा चुकी हैं। कई शोध और अध्ययन भी इस बात की पुष्टि करते हैं कि बहुत ज्यादा जिम सप्लीमेंट लेने के कारण युवाओं में हार्ट अटैक, स्ट्रोक जैसे मामले भी बढ़े हैं। आइए इस लेख में विस्तार से जानते हैं जिम सप्लीमेंट ओवरडोज करने के नुकसान और जरूरी सावधानियां।
जिम सप्लीमेंट ओवरडोज के गंभीर नुकसान- Gym Supplement Side Effects in Hindi
फिटनेस और जिम सप्लीमेंट का सेवन करने का चलन आज के समय में तेजी से बढ़ा है। लेकिन इसका ओवरडोज या बिना एक्सपर्ट की सलाह के इसका सेवन करने से आपको कई गंभीर नुकसान भी हो सकते हैं। कुछ मामलों में इसके सेवन की वजह से व्यक्ति को गंभीर न्यूरोलॉजिकल नुकसान होते हैं। पीएसआरआई हॉस्पिटल के न्यूरोलॉजी विभाग के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. कदम नागपाल ने इस 22 वर्षीय युवक के मामले पर बताया कि मरीज की स्थिति की जांच के बाद पाया गया कि उसकी मांसपेशियों में एंजाइम, क्रिएटिन फॉस्फोकाइनेज बहुत ज्यादा मात्रा में था और इसकी वजह से मांसपेशियों के ऊतकों की क्षति हुई थी। इसके अलावा जांच में पाया गया कि उसके शरीर में कैल्शियम का स्तर बेहद कम था। मरीज के शरीर में ऑक्सीजन का लेवल बहुत कम हो गया था और विषाक्ता के कारण उसे गंभीर परेशानियां हो रही थीं।
इसे भी पढ़ें: Muscle Gain: मसल्स बनाने के लिए कैसे चुनें बेस्ट प्रोटीन पाउडर? जानें एक्सपर्ट की राय
जिम सप्लीमेंट का सेवन करने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट की सलाह या सुझाव जरूर लेना चाहिए और बिना किसी एक्सपर्ट की देखरेख में इसका सेवन करने से बचना चाहिए। जिम और फिटनेस सप्लीमेंट में कई तरह के Steroids का भी इस्तेमाल किया जाता है। जल्दी बॉडी बिल्डिंग की चाहत रखने वाले लोग इन चीजों का खूब इस्तेमाल करते हैं। जिम और अन्य तरह के सप्लीमेंट का ज्यादा सेवन करने की वजह से आपको ये गंभीर नुकसान हो सकते हैं-
1. किडनी और लिवर जैसे अंगों के लिए बहुत ज्यादा मात्रा में जिम सप्लीमेंट लेना बहुत नुकसानदायक होता है। इसकी बहुत ज्यादा मात्रा आपकी आंतरिक अंगों ओ गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसकी वजह से आपको किडनी और लिवर फेलियर जैसी परेशानियां भी हो सकती हैं।
2. प्रोटीन पाउडर या जिम सप्लीमेंट लेने से आपकी मांसपेशियां तो तेजी से बन सकती हैं लेकिन इनका बहुत ज्यादा सेवन आपकी मांसपेशियों में विषाक्त पदार्थों को बढ़ाने का काम करता है। इसकी वजह से आपके शरीर को गंभीर परेशानी हो सकती है।
3. क्रिएटिन जिम और फिटनेस सप्लीमेंट में सबसे ज्यादा पॉपुलर है। इसका बहुत ज्यादा सेवन करने की वजह से आपके शरीर में वॉटर रिटेंशन, सूजन और वजन बढ़ने की समस्याएं हो सकती हैं। इसकी वजह से आपके पाचन तंत्र को भी गंभीर नुकसान हो सकता है।
4. बहुत ज्यादा मात्रा में जिम सप्लीमेंट का सेवन करने की वजह से आपके शरीर में न्यूट्रिशन इम्बैलेंस हो सकता है। इसके कारण आपको कई गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
5. कई अध्ययन और शोध इस बात की भी पुष्टि करते हैं कि बहुत ज्यादा मात्रा में जिम या वर्कआउट सप्लीमेंट का सेवन करने से हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसी गंभीर परेशानी भी हो सकती है। पिछले कुछ सालों में ऐसे कई मामले दुनियाभर में देखने को मिले हैं।
इसे भी पढ़ें: जिम जाने से पहले अगर आप भी लेते हैं सप्लीमेंट, तो जान लें इसके फायदे और नुकसान
जिम और फिटनेस सप्लीमेंट का बहुत ज्यादा सेवन करने से आपको कई गंभीर परेशानियों का खतरा रहता है। बिना डॉक्टर या एक्सपर्ट की सलाह के इन सप्लीमेंट का सेवन करने से आपको बचना चाहिए। इसके अलावा ध्यान रखें जल्दबाजी में बॉडी बनाने के लिए बहुत ज्यादा सप्लीमेंट का सेवन आपके लिए गंभीर हो सकता है।
(Image Courtesy: Freepik.com)