
Scientific Reason Behind White Hair: एक उम्र के बाद इंसान के बाल सफेद होने लगते हैं। आज के समय में तो कम उम्र में ही बाल सफेद होने शुरू हो जाते हैं। खानपान और जीवनशैली से जुड़े कारणों की वजह से छोटी उम्र के बच्चों में भी सफेद बाल की समस्या होने लगी है। आमतौर पर एक उम्र के बाद सभी के बाल सफेद होने लगते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आखिर बाल सफेद क्यों होते हैं? हाल ही में न्यूयॉर्क पोस्ट में प्रकाशित एक रिसर्च में वैज्ञानिकों ने दावा किया है कि अगर आप शरीर में कुछ स्टेम सेल्स को कंट्रोल कर लेते हैं, तो आपके बाल जीवनभर काले रह सकते हैं। वैज्ञानिक इसको लेकर अभी और रिसर्च कर रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश में हैं कि बालों को सफेद होने से कैसे रोका जा सकता है? आइये इस लेख में विस्तार से समझते हैं कि आखिर बाल सफेद क्यों होते हैं और इसके पीछे का वैज्ञानिक कारण क्या है?
बाल सफेद क्यों होते हैं?- Why Does Hair Become White in Hindi
आज के समय में खानपान और लाइफस्टाइल से जुड़ी समस्याओं के कारण बालों से जुड़ी परेशानियों से हर तीसरा व्यक्ति परेशान है। स्मोकिंग, तनाव भरी जीवनशैली, खानपान में गड़बड़ी के कारण बालों का कम उम्र में ही सफेद होना, बाल झड़ने की समस्या आदि आम हैं। खानपान और जीवनशैली ठीक होने के बावजूद भी एक उम्र के बाद लोगों के बाल सफेद होने लगते हैं। हार्वर्ड और साओ पाउलो विश्वविद्यालय द्वारा संयुक्त रूप से किये गए एक अध्ययन में बालों के सफेद होने की साइंस का खुलासा हुआ है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि शरीर में मौजूद मेलानोसाइट स्टेम सेल के कारण आपके बाल सफेद होने लगते हैं। ये स्टेम सेल्स शरीर में मेलेनिन का उत्पादन करते हैं, इससे बाल और स्किन का रंग बनता है। वैज्ञानिकों द्वारा किये गए इस अध्ययन में कहा गया है कि मेनेलिन के अलावा कई बाहरी कारण भी आपके बालों के सफेद होने का कारण हो सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: ये 5 गलतियां बालों में कम कर सकती हैं मेलेनिन प्रोडक्शन, जिससे बाल हो सकते हैं सफेद और बेजान
बाबू ईश्वर शरण हॉस्पिटल के सीनियर फिजिशियन डॉ. समीर कहते हैं कि खानपान, जीवनशैली से जुड़े कारणों के अलावा आपको माता-पिता से मिले जीन भी बालों का रंग तय कर सकते हैं। जीन यह निर्धारित करते हैं कि आपके बाल सफेद होने कब शुरू हो सकते हैं। इसके अलावा तनाव, नींद की कमी, स्मोकिंग और पोषक तत्वों की कमी के कारण भी आपके बाल कम उम्र में सफेद होने शुरू हो सकते हैं। तनाव बढ़ने से पिग्मेंट बनाने वाले स्टेम सेल्स नष्ट हो जाते हैं और इसकी वजह से आपकी स्किन और बालों का रंग बदलने लगता है।
बालों को सफेद होने से कैसे रोकें?
बालों को सफेद होने से बचाने के लिए आपको खानपान और जीवनशैली का विशेष ध्यान रखना चाहिए। इसके अलावा बालों के पोषण का भी ध्यान रखें। नियमित रूप से विटामिन, मिनरल्स और पोषक तत्वों से भरपूर डाइट का सेवन करें। समय-समय पर बालों में तेल लगाएं और सफाई का ध्यान रखें। बालों में मौजूद गंदगी के कारण भी आपके बाल कम समय में सफेद हो सकते हैं और झड़ना शुरू हो सकता है। इसके अलावा अगर आपके बाल कम उम्र में सफेद होने लगते हैं, तो डॉक्टर की सलाह ले सकते हैं।
(Image Courtesy: Freepik.com)