
खाने से पहले और शौच के बाद हाथ धोने की हिदायत आपको बचपन से ही दी जाती रही है। फिर भी ऐसे बहुत से लोग हैं, जो खाने से पहले साबुन से हाथ धोना जरूरी नहीं समझते हैं या सादे पानी से हाथ धो लेते हैं। आपको ये जानकर हैरानी होगी कि आपके हाथ के सिर्फ एक वर्ग सेन्टीमीटर के हिस्से में 1500 से ज्यादा बैक्टीरिया होते हैं, जो आपको बीमार बना सकते हैं। ये कीटाणु और बैक्टीरिया आपको कई गंभीर बीमारियों का शिकार बना सकते हैं। इन बीमारियों से बचाव के लिए लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए ही हर साल 15 अक्टूबर को ग्लोबल हैंड वॉशिंग डे (Global Handwashing Day) के रूप में मनाया जाता है। हाथों के बैक्टीरिया के माध्यम से फैलने वाले रोगों का खतरा उन लोगों को ज्यादा होता है, जिनकी इम्यूनिटी यानी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है। आइए आपको बताते हैं कि अगर आप रोजाना ठीक से हाथ नहीं धोते हैं, तो आपको किन रोगों का खतरा होता है और क्या है हाथ होने का सही तरीका।
1. आंख और त्वचा का इंफेक्शन
लोग अक्सर दिन भर अपने बिना धुले, काटाणु भरे हाथों से अपनी आंखें, नाक और मुंह को छूते रहते हैं, और उन्हें इस बात को कोई अंदाजा भी नहीं होता। जिस कारण आंख, नाक व मुंह से होकर हाथों के कीटाणु शरीर के भीतर चले जाते हैं और संक्रमण का कारण बनते हैं। इसलिए हर 3 घंटे में कम से कम एक बार अपना हाथ जरूर धोएं। गंदी वस्तुओं के छूने के बाद तो हाथ धोना बेहद जरूरी है, वर्ना संक्रमण तेजी से फैलने लगता है।
इसे भी पढ़ें:- नाइट शिफ्ट में करते हैं काम, तो ऐसे रखें अपना ख्याल
2. डायरिया का खतरा
हाथों की ठीक से सफाई न रखने और गंदे हाथों से खाने-पीने से सबसे ज्यादा डायरिया का खतरा होता है। 2018 की सरकारी रिपोर्ट के अनुसार भारत में संक्रामक रोगों से होने वाली मौतों का दूसरा सबसे बड़ा कारण डायरिया है। आमतौर पर बच्चे हाथ धोने को लेकर ज्यादा संजीदा नहीं होते।खेलने के बाद सीधा खाने की मेज पर बैठ जाना तो बच्चों के मामले में आम बात है। ऐसे में बच्चों में सही तरीके से हाथ धोने की आदत विकसित करना बहुत जरूरी है।
3. निमोनिया
निमोनिया भी एक खतरनाक बीमारी है और भारत में संक्रामक रोगों से होने वाली मौतों में तीसरा सबसे बड़ा कारण है। सही तरीके से हाथ न धोने के कारण पेट में जाने वाली गंदगी और कीटाणु निमोनिया का कारण बन सकते हैं। इससे बचाव के लिए सही तरीके से खाने से पहले और शौच के बाद हाथ धोना बहुत जरूरी है।
4. ई कॉलि संक्रमण
टॉयलेट उपयोग करने के बाद हाथों को न धोने से ई कोली का खतरा होता है। ये मल में मौजूद कीटाणुओं से फैलने वाला एक संक्रमण है, जो कई बार खतरनाक हो सकता है। यदि संक्रमित व्यक्ति टॉयलेट का इस्तेमाल करने के बाद ठीक से हाथ नहीं धोता है तो ई कोलाई बैक्टीरिया टॉयलेट तथा अन्य लोगों में फैल सकता है। इस बैक्टीरिया से गंभीर दस्त और एक सप्ताह के लिए पीड़ादायक ऐंठन हो सकती है।
इसे भी पढ़ें:- लिवर के लिए खतरनाक हैं ये 7 चीजें, हमेशा रहें दूर
5. फूड प्वाइजनिंग
कच्चे चिकन (मांस) को गंदे हाथों से छूने पर उसमें साल्मोनेला पॉइजनिंग हो सकती है। और फिर इस संक्रमित चिकन को खाने से फूड पॉइजनिंग हो सकती है। साथ ही अन्य खाद्य पदार्थ भी विषाक्तता से प्रभावित हो सकते हैं। संक्रमित होने पर किसी व्यक्ति को पेट दर्द, दस्त व कभी-कभी मतली और उल्टी भी हो सकते हैं।
क्या है हाथ धोने का सही तरीका
अपने हाथों में सिर्फ साबुन लगाकर छोड़ देने से आपके हाथ साफ नहीं हो जाते, इसके लिए आपको लगभग 20-40 सेकण्डस तक अपने हाथो, उंगलियों, नाखुनों को ठीक प्रकार से साफ करना होता है। साबुन से अच्छी तरह झाग बनाकर करीब 20 सेकेंड तक हाथ धोना सही रहता है। जरूरी नहीं कि आप एंटी बैक्टीरियल साबुन का ही इस्तेमाल करें। कोई भी साबुन कीटाणुओं को मारने में कारगर हो सकता है।
Read More Articles On Miscellaneous in Hindi