Reasons Why You Are Not Losing Fat: शरीर में फैट होना बहुत जरूरी होता है। क्योंकि यह अंगों को सुरक्षित रखने के लिए कोशिकाओं और टिशू के ऊपर एक सुरक्षात्मक परत बनाता है। साथ ही इससे कुछ अंगों को बेहतर फंक्शन करने में मदद मिलती है। लेकिन जब शरीर में फैट की मात्रा अधिक हो जाती है, तो यह सेहत के लिए नुकसानदायक हो जाता है और शरीर में कई गंभीर बीमारियों को जन्म देने लगता है। अक्सर हम देखते हैं, कुछ लोगों के पेट के हिस्से में भी काफी चर्बी जमा हो जाती है और उनकी तोंद निकल जाती है। यह भी बीमारियों का घर है। लोग शरीर में जमा चर्बी को कम करनी की बहुत कोशिश करते हैं। वे संतुलित आहार लेते हैं, डाइटिंग करते हैं और नियमित एक्सरसाइज भी करते हैं। इसके बावजूद कुछ लोगों के शरीर की चर्बी कम नहीं होती है। फिटनेस कोच और न्यूट्रिशनिस्ट अक्षय एस शेट्टी की मानें, तो लोग कुछ ऐसी गलतियां करते हैं, जिसकी वजह से उनकी चर्बी कम नहीं होती है। अपनी एक इंस्टाग्राम पोस्ट उन्होंने ऐसी 5 गलतियों के बारे में बताया है, जिन्हें आपको अपनी फैट लॉस जर्नी के दौरान करने से बचना चाहिए।
डाइटिंग और एक्सरसाइज के बाद भी शरीर की चर्बी न कम होने के 5 कारण- Reasons Why You Are Not Losing Fat in hindi
1. फैट कम करने के लिए सिर्फ वर्कआउट पर निर्भर रहना
ज्यादातर लोग इस बात को समझ नहीं पाते हैं कि वर्कआउट से बहुत अधिक कैलोरी बर्न नहीं होती है। आप एक घंटे की कसरत करके सिर्फ 400-500 कैलोरी ही बर्न करते हैं। आपकी दैनिक कैलोरी की खपत के अनुसार यह देखने में बहुत अधिक लग सकता है, लेकिन वास्तव में यह बहुत कम होता है। ऐसे में आपको N.E.A.T को फॉलो करने की जरूरत होती है। यह कुछ और नहीं बल्कि वह कैलोरी है जिसे आप वर्कआउट के अलावा बर्न करते हैं। इसे बढ़ाने के लिए रोजाना 8-12 हजार कदम पैदल चलना चाहिए।
2. वीकेंड्स पर ओवरईटिंग करते हैं
बहुत से लोगों के साथ यह समस्या देखने को मिलती है कि वे सप्ताह में 6 दिन तो कम कैलोरी खाते हैं, लेकिन सप्ताह के अंत में वे अधिक खा लेते हैं। इससे अगले दिन आप अपना वजन बढ़ा हुआ नोटिस करते हैं, क्योंकि वॉटर रिटेंशन काफी हो जाता है। ऐसे में हमेशा ध्यान रखें कि आपको अपनी कैलोरी इनटेक पर कुछ समय तक लगातार बने रहना है।
इसे भी पढ़ें: प्रोटीन शेक पीने से UK में एक टीनएजर की मौत, जानें क्या वाकई प्रोटीन होता है नुकसानदायक?
3. बार-बार रेस्तरां से खाना ऑर्डर करना
कुछ लोगों के लिए खुद से खाना पका पाना काफी मुश्किल होता है, ऐसे में वे बाहर से खाना ऑर्डर करते हैं। भले ही आप बाहर से स्वस्थ खाना ऑर्डर कर रहे हैं, लेकिन इसमें अस्वस्थ तेल का काफी अधिक प्रयोग किया जाता है। इनमें कैलोरी की मात्रा बहुत अधिक होती है। ऐसे में जितना हो सके कोशिश करें कि घर का बना खाना ही खाएं।
View this post on Instagram
4. वास्तविकता को न समझना
आपको अपनी फैट लॉस जर्नी से ज्यादा उम्मीद नहीं रखनी चाहिए। अगर आप स्वस्थ डाइट का पालन नहीं कर रहे हैं, वर्कआउट और स्टेप्स नहीं कर रहे हैं, ऐसे में आपका वजन कम नहीं होता है, तो इसमें निराश होने का कोई मतलब नहीं है। आप भले ही फिटनेस कोच से ट्रेनिंग क्यों न लें, अगर आप स्वस्थ जीवनशैली फॉलो नहीं करते हैं, तो आपको वजन घटाने में मदद नहीं मिल सकती है।
इसे भी पढ़ें: क्या मोरिंगा (सहजन) के पत्ते सेहत के लिए नुकसानदायक होते हैं? खाने से पहले जरूर जानें
5. धैर्य न रखना
फैट लॉस करना कोई 2-4 दिन का खेल नहीं है। इसमें समय लगता है। आपको कुछ दिन बहुत अच्छे परिणाम देखने को मिल सकते हैं, लेकिन संपूर्ण शरीर का फैट कम होने में काफी समय लगता है। आपको कुछ दिन बाद ऐसा भी लग सकता है कि अब परिणाम मिलना बंद भी हो सकते हैं और आपका वेट एक जगह रुक सकता है। लेकिन लगातार प्रयास करते रहने से आपको परिणाम मिल सकते हैं।
All Image Source: Freepik