Myths and Facts About Bone Health: हड्डियां हमारे शरीर का सबसे अहम हिस्सा है। हड्डियां शरीर को एक स्ट्रक्चर देती है, जिसकी वजह से हम उठ, बैठ और सो पाते हैं। शरीर के बाकी हिस्सों से कहीं ज्यादा हड्डियों का ख्याल रखना बेहद जरूरी होता है। मेडिकल साइंस की मानें तो हमारे शरीर में लगभग 206 हड्डियां होती हैं। अगर हड्डियां न हो तो एक इंसान के शरीर की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। हड्डियों के कमजोर होने पर फ्रैक्चर का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा हड्डियों की कमजोरी की वजह से बढ़ती उम्र में ऑस्टियोपोरोसिस की बीमारी भी हो जाती है। कई बार कमजोर हड्डियों की वजह से पैर, कमर और शरीर के कई हिस्सों में दर्द की समस्या होती है। इन परेशानियों से बचने के लिए बोन हेल्थ का खास ख्याल रखना बहुत जरूरी है। बोन हेल्थ का ख्याल रखने की जब बात आती है, तो ज्यादातर लोग सर्च इंजन साइट गूगल र जाते हैं और जो जानकारियां वहां मौजूद हैं उस पर आंखें मूंदकर भरोसा कर लेते हैं। हालांकि गूगल पर बोन हेल्थ से जुड़ी सारी जानकारियां सही नहीं है। बोन हेल्थ से जुड़े आम मिथकों के बारे में और उनकी सच्चाई बता रहे हैं, वैशाली के मैक्स हॉस्पिटल के आर्थोपेडिक्स और जॉइंट रिप्लेसमेंट विभाग के एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. अखिलेश यादव।
मिथक 1- हड्डियों की मजबूती के लिए कैल्शियम सिर्फ दूध से मिल सकता है।
सच्चाई- डॉ. अखिलेश यादव के अनुसार यह बात सही है कि दूध में भरपूर मात्रा में कैल्शियम मौजूद होता है। लेकिन रोजाना सिर्फ दूध से कैल्शियम प्राप्त करके हड्डियों को मजबूत बनाया जा सकता है, इस दावे में सच्चाई नहीं है। हड्डियों की मजबूती के लिए कैल्शियम हरी पत्तेदार सब्जियों, पनीर और टोफू से भी प्राप्त किया जा सकता है। डॉक्टर का कहना है कि कुछ लोगों को दूध और दूध से बनें प्रोडक्ट से एलर्जी होती है। ऐसे लोग अक्सर बाजार में मिलने वाले कैल्शियम ड्रिंक और सप्लीमेंट पर भरोसा करते हैं। लेकिन इन सप्लीमेंट्स के साइड इफेक्ट्स भी होते हैं। इस स्थिति में टोफू, बादाम और हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन करके कैल्शियम प्राप्त किया जा सकता है।
मिथक 2- महिलाओं के मुकाबले पुरुषों की हड्डियां कमजोर होती है
सच्चाई- डॉक्टर का कहना है कि पुरुषों के मुकाबले महिलाओं का बोन मास कम होता है। लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल भी नहीं है कि महिलाओं की हड्डियां कमजोर होती है। भारत में महिलाओं की हड्डियों के कमजोर होने का मुख्य कारण खानपान में कभी, अनहेल्दी लाइफस्टाइल, खाने में पोषण की कमी और सही फिजिकल एक्टिविटी नहीं करना है। अगर महिलाएं एक सही लाइफस्टाइल को अपनाती हैं तो उनकी भी हड्डियां मजबूत हो सकती है। हेल्थ एक्सपर्ट के अनुसार महिलाओं को हड्डियां मजबूत बनाने के लिए कैल्शियम के साथ विटामिन डी युक्त आहार लेना चाहिए।
इसे भी पढ़ेंः कंप्यूटर की तरह तेज काम करेगा दिमाग, आज से ही फॉलो करें एक्सपर्ट की ये 4 टिप्स
मिथक 3- बढ़ती उम्र में ऑस्टियोपोरोसिस की प्रॉब्लम सिर्फ महिलाओं को होती है।
सच्चाई- डॉ. अखिलेश यादव के अनुसार बढ़ती उम्र में ऑस्टियोपोरोसिस की प्रॉब्लम महिला और पुरुष दोनों को ही हो सकती है। लेकिन पुरुषों के मुकाबले में बढ़ती उम्र में ऑस्टियोपोरोसिस की प्रॉब्लम महिलाओं को ज्यादा होने के कारण मेनोपॉज है। बढ़ती उम्र में हार्मोनल बदलाव और कम उम्र में मेनोपॉज की वजह से महिलाओं को ऑस्टियोपोरोसिस की प्रॉब्लम होती है। इससे बचाव के लिए सही एक्सरसाइज और पोषण की जरूरत होती है। डॉक्टर की मानें तो बढ़ती उम्र में महिलाओं को कैल्शियम और विटामिन डी का सही मात्रा में सेवन करना चाहिए। इन दोनों ही पोषक तत्वों की सही मात्रा क्या है, इस विषय पर ज्यादा जानकारी के लिए आप डॉक्टर से बात कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ेंः ब्रेस्टफीड कराने वाली ज्यादातर मदर्स करती हैं ये गलतियां, एक्सपर्ट से जानें इसके बारे में
All Image Credit: Freepik.com
With Inputs: Dr. Akhilesh Yadav, Associate Director – Orthopedics and Joint Replacement, Max Hospital Vaishali