प्लास्टिक सर्जरी के बारे में अगर हम कुछ दशक पहले तक किसी आम आदमी से बात करते, तो उसकी जानकारी के दो ही स्रोत नजर आते थे- पहला फिल्मों में दिखाई गई प्लास्टिक सर्जरी, जिसमें सर्जरी के द्वारा व्यक्ति का रूप पूरी तरह बदल दिया जाता था और दूसरा एक्टर्स और सेलिब्रिटीज के बारे में गाहे-ब-गाहे आने वाली खबरें, जिनमें वे अपने आप को ज्यादा सुंदर और जवान दिखाने के लिए प्लास्टिक या कॉस्मेटिक सर्जरी का सहारा लेते। लेकिन हाल के कुछ सालों में प्लास्टिक और कॉस्मेटिक सर्जरी भारत के बड़े शहरों में काफी तेजी से पॉपुलर हुई हैं और इनकी डिमांड काफी बढ़ी है।
आपको जानकर हैरानी हो सकती है कि International Society of Aesthetic Plastic Surgery (ISAPS) द्वारा किए गए ग्लोबल सर्वे के अनुसार भारत में हर साल लगभग 8-10 लाख कॉस्मेटिक सर्जरी होती हैं, जो दुनिया में होने वाली कुल कॉस्मेटिक सर्जरी का लगभग 4.3% है। यही नहीं, भारत में की जाने वाली कुल कॉस्मेटिक सर्जरी में से लगभग 12% सर्जरी विदेशियों द्वारा कराई गई होती हैं। इसका बड़ा कारण यह है कि दुनिया के दूसरे देशों के मुकाबले भारत में प्लास्टिक और कॉस्मेटिक सर्जरी का खर्च काफी कम आता है। इंटरनेट पर इन सर्जरीज के बारे में लोगों ने बहुत सारे सवाल पूछे हैं और कुछ शंकाएं जताई हैं। आज के इस लेख में ओनलीमायहेल्थ अपने पाठकों के लिए प्लास्टिक और कॉस्मेटिक सर्जरी से जुड़े ऐसे ही 10 सवालों के जवाब लाया है, जो गूगल पर सबसे ज्यादा पूछे गए हैं। इन सवालों का जवाब जानने के लिए हमने बात की है नोएडा के श्री राम सिंह हॉस्पिटल (SRS Hospital) की एमडी डॉ ऋतु सिंह से, जिन्हें इस क्षेत्र में 15 सालों से ज्यादा का अनुभव है।
1. क्या प्लास्टिक सर्जरी में वाकई प्लास्टिक का इस्तेमाल किया जाता है?
इस सवाल के जवाब में डॉ ऋतु कहती हैं, "जी नहीं, प्लास्टिक सर्जरी के नाम से कुछ लोगों के मन में ये ख्याल आता है कि इस प्रोसीजर में प्लास्टिक (पॉलीथीन) का इस्तेमाल किया जाता होगा, मगर ऐसा नहीं है। दरअसल अंग्रेजी का प्लास्टिक (Plastic) शब्द ग्रीक भाषा के प्लास्टिकोज (plastikos) शब्द से लिया गया है, जिसका अर्थ होता है, एक ऐसी चीज जिसे आसानी से मोड़ा (To mould) जा सकेयानी जिसमें लचीलापन हो। चूंकि त्वचा लचीली होती है इसलिए इसे प्लास्टिक सर्जरी कहा जाने लगा।"
2. क्या प्लास्टिक सर्जरी से व्यक्ति की त्वचा का नेचुरल रंग और रूप बदला जा सकता है?
जी हां, आज ऐसी कुछ दवाइयां और प्रोसीजर मौजूद हैं, जिनसे त्वचा का नेचुरल कलर बदला जा सकता है। मगर इन्हें इस्तेमाल करने की सलाह सिर्फ डर्मेटोलॉजिस्ट या प्लास्टिक सर्जन ही दे सकते हैं। हालांकि, प्लास्टिक सर्जरी से किसी व्यक्ति के रूप को पूरी तरह नहीं बदला जा सकता। इससे व्यक्ति की सुंदरता को बढ़ाया जा सकता है और जरूरत के अनुसार उसके बॉडी फीचर्स में थोड़े या ज्यादा बदलाव किए जा सकते हैं।
3. क्या एसिड अटैक के बाद स्किन को प्लास्टिक सर्जरी से पूरी तरह ठीक किया जा सकता है?
जी हां, सिर्फ एसिड अटैक ही नहीं, किसी भी तरह से स्किन के जल जाने पर इसको सिर्फ प्लास्टिक सर्जरी से ही ठीक किया जा सकता है। हालांकि इससे व्यक्ति को उसका पहले जैसा नेचुरल लुक मिलना थोड़ा मुश्किल है, लेकिन उसे काफी हद तक सुधारा जा सकता है।
4. क्या प्लास्टिक या कॉस्मेटिक सर्जरी के बाद मिला रिजल्ट हमेशा वैसा ही बना रहता है या समय के साथ ये बदल सकता है?
इस दुनिया में कुछ भी परमानेंट नहीं है। इसलिए प्लास्टिक सर्जरी से मिले रिजल्ट भी हर मरीज के लिए अलग-अलग हो सकते हैं। इसके अलावा सर्जरी के बाद की जाने वाली देखभाल का भी इसके रिजल्ट पर प्रभाव पड़ता है।
इसे भी पढ़ें: कैसे की जाती है प्लास्टिक सर्जरी और कब पड़ती है जरूरत? प्लास्टिक सर्जन से जानें इससे जुड़ी सभी जरूरी बातें
5. प्लास्टिक या कॉस्मेटिक सर्जरी कराने की न्यूनतम उम्र क्या है? क्या टीनएज में भी इसे कराया जा सकता है?
प्लास्टिक सर्जरी की बहुत सारी शाखाएं हैं। अगर मुख्य रूप से प्लास्टिक सर्जरी की बात करें, तो जी हां, इसे किसी भी व्यक्ति के उम्र द्वारा कराया जा सकता है। लेकिन कॉस्मेटिक सर्जरी की बात करें, तो आमतौर पर इसे वयस्क या वृद्ध लोगों को ही कराने की सलाह दी जाती है।
6. कई बार ऐसी खबरें आती हैं कि किसी सेलिब्रिटी ने प्लास्टिक सर्जरी कराई और कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई? तो क्या ये सर्जरी वाकई बहुत खतरनाक होती हैं?
सभी तरह के सर्जिकल प्रोसीजर में कुछ न कुछ खतरा तो होता ही है। मैं अक्सर अपने मरीजों को ये बात एक उदाहरण के साथ समझाती हूं। मैं उन्हें बताती हूं कि रोड पर चलना खतरनाक होता है, ऐसा हमारा अनुभव और आए दिन होने वाले रोड एक्सिडेंट के आंकड़े बताते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि आप रोड पर चलना ही छोड़ देंगे। खतरे की संभावना तब ज्यादा होती है जब आप किसी अयोग्य डॉक्टर से इसे कराते हैं। अगर इन सर्जरीज को अच्छे डॉक्टर द्वारा अच्छे और सुविधासंपन्न अस्पताल में किया जाए, तो खतरा न के बराबर होता है।
7. भारत में लोग किस प्रकार की सर्जरी सबसे ज्यादा कराते हैं?
भारत में कॉस्मेटिक सर्जरी सबसे ज्यादा पॉपुलर है। इनमें भी नोज़ जॉब (Nose Job) या राइनोप्लास्टी (Rhinoplasty) और लिपोसक्शन (Liposuction) सबसे ज्यादा लोग चुनते हैं। यहां हम अपने पाठकों को बता दें कि लिपोसक्शन के द्वारा शरीर के अतिरिक्त फैट को निकाल दिया जाता है, जिससे शरीर को अच्छा शेप दिया जा सकता है।
8. प्लास्टिक सर्जरी कॉस्मेटिक सर्जरी से कितनी अलग होती है?
प्लास्टिक सर्जरी आमतौर पर मेडिकल जरूरतों के लिए की जाती है, जैसे- जल जाने पर, किसी अंग के कटने पर आदि। जबकि कॉस्मेटिक सर्जरी मुख्य रूप से इंसान के रूप-रंग को संवारने के लिए की जाती है। कॉस्मेटिक सर्जरी प्लास्टिक सर्जरी की ही एक शाखा है।
इसे भी पढ़ें: एक्सपर्ट से जानें कॉस्मेटिक सर्जरी से जुड़ी भ्रामक बातें (मिथक) और उनकी सच्चाई
9. क्या कॉस्मेटिक सर्जरी से स्ट्रेच मार्क्स और त्वचा के निशानों को पूरी तरह हटाया जा सकता है?
जी नहीं, इन्हें पूरी तरह मिटाकर त्वचा को पहले जैसा नेचुरल लुक नहीं दिया जा सकता है। लेकिन हां, इन्हें बहुत हद तक सुधारा जा सकता है।
10. क्या प्लास्टिक सर्जरी कराने से कैंसर का खतरा बढ़ जाता है?
जी नहीं, ये पूरी तरह एक मिथक है। प्लास्टिक सर्जरी कराने से किसी भी तरह के कैंसर का खतरा नहीं बढ़ता है।
इन सवालों के अलावा एक सवाल जो गूगल पर सबसे ज्यादा पूछा गया है कि- प्लास्टिक सर्जरी कराने में कितना खर्च आता है?- इसके जवाब में डॉ ऋतु कहती हैं कि इसका कोई सटीक जवाब नहीं दिया जा सकता है। ये सर्जरी के प्रकार और अस्पताल की लोकेशन पर निर्भर करता है।
उम्मीद है प्लास्टिक और कॉस्मेटिक सर्जरी से जुड़े आपके मन में उठने वाले कुछ सवालों के जवाब आपको इस लेख में जरूर मिले होंगे। अगर आपके मन में अभी भी कोई सवाल है, तो आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल्स पर हमें अपने सवाल भेज सकते हैं। सेहत और स्वास्थ्य से जुड़े लेख और जानकारियों के लिए जुड़े रहें ओनलीमायहेल्थ के साथ।