
How To Eat Akhrot In Summer In Hindi: नट्स और ड्राई फ्रूट्स का सेवन तो हम सभी खूब करते हैं। लेकिन गर्मियों में कुछ नट्स की तासीर गर्म होने की वजह से इनका सेवन करने से बचते हैं, क्योंकि इसके कारण उन्हें गर्मियों के दौरान कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसा ही एक नट है, अखरोट। सर्दियों के मौसम में तो हम सभी खूब अखरोट का सेवन करते हैं, लेकिन गर्मियों में खाने से कतराते हैं। जबकि यह सेहत के लिए बहुत लाभकारी होता है। यह ओमेगा-3 फैटी एसिड, आयरन, कैल्शियम, पोटेशियम, मैग्नीशियम, फोलेट, प्रोटीन, डाइट्री फाइबर आदि का बेहतरीन स्रोत है, जो शरीर के लिए बहुत आवश्यक होते हैं। साथ ही इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स गुण भी होते हैं, जो फ्री-रेडिकल्स से लड़ने और कई गंभीर बीमारियों को आपसे दूर रखने में मदद करते हैं।
क्लीनिकल न्यूट्रिशनिस्ट और डायटीशियन गरिमा गोयल की मानें, तो भले ही अखरोट तासीर में गर्म होता है। लेकिन अगर सही तरीके से इसका सेवन करते हैं, तो यह शरीर की गर्मी नहीं बढ़ाता है। आप सीमित मात्रा में गर्मियों में भी इसका सेवन कर सकते हैं। इस लेख में हम आपको गर्मियों में अखरोट खाने के कुछ आसान तरीके बता रहे हैं।
गर्मी में अखरोट खाने का तरीका- Best Way To Eat Akhrot In Summer In Hindi
1. अखरोट को भिगोकर खाएं: आप रात में सोने से पहले 2 अखरोट की गिरी पानी में भिगोकर रख सकते हैं। फिर सुबह खाली पेट इसका सेवन कर सकते हैं। इससे अखरोट तासीर को ठंडा करने में मदद मिलेगी, साथ ही पचाने में भी आसानी होगी।
इसे भी पढें: महिलाओं में अंडों की क्वालिटी बेहतर बनाने के लिए जरूरी हैं ये 5 पोषक तत्व, जानें किन फूड्स में होते हैं मौजूद
2. दूध के साथ लें: आप रात को सोने से पहले दूध में अखरोट उबालकर या भीगे अखरोट गुनगुने के दूध के साथ ले सकते हैं। इससे भी अखरोट की गर्मी कम करने और अधिकतम स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
3. शेक और स्मूदी पर डालकर खाएं: आप अपने शेक और स्मूदी को अखरोट के टुकड़ों से गार्निश कर सकते हैं। यह गर्मियों में अखरोट के सेवन का एक बहुत ही स्वादिष्ट और हेल्दी तरीका है।
4. पकवानों में शामिल करें: आप हलवा, खीर या अन्य मीठे पकवानों में अन्य ड्राई फ्रूट्स की तरह अखरोट भी डाल सकते हैं। इससे उन्हें स्वस्थ और अधिक स्वादिष्ट बनाने में मदद मिलेगी। इससे सेहत को कई लाभ भी मिलेंगे।
इसे भी पढें: गर्मी में अंजीर कैसे खाएं? जानें तरीका और इससे सेहत को मिलने वाले फायदे
यह भी ध्यान रखें
एक दिन में एक औंस (लगभग 28 ग्राम) अखरोट खाने की सलाह दी जाती है। लेकिन इससे अधिक अखरोट खाने से सेहत को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए कोशिश करें, कि आप अधिक मात्रा में इसका सेवन न करें। इससे सेहत को फायदे के बजाए नुकसान पहुंच सकता है।
All Image Source: Freepik