Full Body Check Up: सेहतमंद रहने के लिए फुल बॉडी चेकअप जरूरी है। गंभीर बीमारियां किसी भी उम्र में हो सकती हैं।आजकल हर उम्र का शख्स हार्ट की समस्याओं का शिकार हो रहा है जिसमें युवा वर्ग भी शामिल है। ऐसे में आपके लिए यह अंदाजा लगा पाना मुश्किल है कि कहीं आपके शरीर में किसी तरह की बीमारी, तो नहीं पनप रही है। फुल बॉडी चेकअप करवाने से आप किसी गंभीर बीमारी के महंगे इलाज और कॉम्प्लेक्स प्रोसेस से भी बच सकते हैं। कई डॉक्टरों का मानना है कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का इलाज भी अगर अर्ली स्टेज पर कर लिया जाए, तो व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। ऐसे में आपको फुल बॉडी चेकअप जरूर करवाना चाहिए। इस लेख में जानेंगे कि फुल बॉडी चेकअप को कितनी बार करवाना चाहिए। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
फुल बॉडी चेकअप कितनी बार करवाना चाहिए?- How Often To Go For Full Body Checkup
डॉ सीमा ने बताया कि फुल बॉडी को कितनी बार करवाना है, यह आपकी उम्र, जेंडर और हेल्थ कंडीशन पर निर्भर करता है। जिनकी उम्र 50 साल से कम है और सेहतमंद है, तो हर 3 साल में 1 बार फुल बॉडी चेकअप करवाना चाहिए। वहीं बुजुर्गों को हर साल फुल बॉडी चेकअप करवाना चाहिए। जिन लोगों को क्रॉनिक डिजीज है या डायबिटीज है, उनमें अन्य बीमारियां होने की आशंका ज्यादा रहती है। ऐसे लोगों को भी साल में एक बार फुल बॉडी चेकअप करवा लेना चाहिए। महिलाओं को फुल बॉडी चेकअप के साथ पैप स्मीयर टेस्ट, पेल्विक एग्जाम, ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग, सर्विकल कैंसर स्क्रीनिंग आदि भी करवाना चाहिए। वहीं पुरुषों को प्रोस्टेट चेकअप, बुजुर्गों को ऑस्टियोपोरोसिस टेस्ट करवाना चाहिए।
इसे भी पढ़ें- किस बीमारी में कौन से डॉक्टर के पास जाएं? जानें बीमारियां और उनके स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स की पूरी लिस्ट
फुल बॉडी चेकअप में कौन से टेस्ट किए जाते हैं?- Tests Under Full Body Checkup
फुल बॉडी चैकअप में डॉक्टर सबसे पहले व्यक्ति का वजन और कद नापते हैं। फिर ब्लड प्रेशर चेक किया जाता है। इसके अलावा कुछ टेस्ट हैं जो आप हॉस्पिटल या घर बैठे भी करवा सकते हैं-
- कंप्लीट ब्लड काउंट टेस्ट
- हीमोग्लोबिन टेस्ट
- थायराइड फंक्शन टेस्ट
- लिपिड पैनल टेस्ट
- किडनी फंक्शन टेस्ट
- ग्लूकोज की जांच
- लिवर फंक्शन टेस्ट
- यूरिन की जांच
फुल बॉडी चेकअप में कितना पैसा लगता है?- Cost of Full Body Checkup
कई लोगों के मन में यह सवाल होता है कि फुल बॉडी चेकअप में कितना पैसा खर्च होता है। आपको बता दें कि आजकल घर बैठे टैक्नीशियन ब्लड सैंपल ले जाते हैं जिसकी मदद से कई ब्लड टेस्ट हो जाते हैं। इसमें 4 से 5 हजार रूपए लग सकते हैं। वहीं प्राइवेट हॉस्पिटल में ईसीजी, बीएमआई आदि जांचें भी होती हैं जिसका खर्चा 7 से 8 हजार रूपयों तक हो सकता है।
उम्मीद करते हैं आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।