
Home Remedies For Rib Pain During Pregnancy in Hindi: प्रेग्नेंसी में जैसे-जैसे भ्रूण का आकार बढ़ता है, वैसे-वैसे पसलियों और मांसपेशियों पर दबाव बढ़ता है। इस कारण से, पसलियों में दर्द महसूस होता है। शिशु के भार का प्रभाव, पेट के आसपास की मांसपेशियों पर पड़ता है। वहीं कुछ अन्य कारण भी हैं, जिनके वजह से पसलियों में दर्द उठ सकता है। अगर आपको कब्ज की समस्या है, तो पसलियों में दर्द महसूस हो सकता है। एसिडिटी या सीने में जलन के कारण भी पसलियों में दर्द महसूस हो सकता है। प्रेग्नेंसी में, इन्फेक्शन की चपेट में आना एक अच्छी स्थिति नहीं होती। प्रेग्नेंसी में साफ-सफाई का ख्याल न रखने के कारण यूटीआई हो सकता है। यूटीआई का इलाज समय पर न किया जाए, तो किडनी और पसलियों में दर्द महसूस हो सकता है। जिन महिलाओं को पथरी की समस्या होती है, उन्हें भी पसलियों में दर्द हो सकता है। दूसरी तिमाही के दौरान, लिगामेंट पेन के कारण भी पसलियों में दर्द उठ सकता है। पसलियों में होने वाले दर्द को दूर करने के लिए, डॉक्टर की सलाह लेंं। इसके अलावा कुछ आसान घरेलू उपाय हैं जिनकी मदद से पसलियों का दर्द दूर सकती हैं। आगे ऐसे 5 उपायों के बारे में बात करेंगे। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के विकास नगर में स्थित प्रांजल आयुर्वेदिक क्लीनिक के डॉ मनीष सिंह से बात की।
1. सरसों के तेल का इस्तेमाल करें
पसलियों का दर्द दूर करने के लिए सरसों के तेल का इस्तेमाल कर सकती हैं। सरसों के तेल में एंटीइंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। दर्द को कम करने के लिए सरसों के तेल को हल्का गरम करें। फिर इस तेल को दर्द वाले हिस्से पर लगाएं। हल्के हाथ से पसलियों के ऊपर मालिश करें। इससे दर्द जल्दी कम होगा। दर्द दूर करने के लिए सरसों के तेल से दिन में 2 बार मालिश करें।
2. लहसुन का इस्तेमाल करें
पसलियों का दर्द दूर करने के लिए, लहसुन का इस्तेमाल करें। लहसुन की कलियों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। फिर उसे सरसों के तेल के साथ गरम कर लें। इस मिश्रण से मालिश करेंगी, तो दर्द से छुटकारा मिलेगा। लहसुन में एलिसिन (Allicin) पाया जाता है। लहसुन की मदद से दर्द को कम करने में मदद मिलती है। लहसुन के अलावा अजवाइन का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।
3. लौंग के तेल का इस्तेमाल करें
प्रेग्नेंसी में पसलियों का दर्द दूर करने के लिए, लौंग के तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं। लौंग की तासीर गरम होती है। अंदरूनी दर्द को कम करने के लिए लौंग का तेल फायदेमंद माना जाता है। अर्थराइटिस में, जोड़ों का दर्द होने पर भी लौंग तेल का इस्तेमाल लाभकारी माना जाता है। लौंग तेल को, बादाम तेल के साथ मिलाएं और प्रभावित हिस्से में लगा लें। रोजाना लौंग तेल की मालिश करने से जल्दी आराम मिलेगा।
इसे भी पढ़ें- प्रेग्नेंसी में थायराइड लेवल कितना होना चाहिए? जानें डॉक्टर से
4. हल्दी का दूध पिएं
प्रेग्नेंसी में पसलियों का दर्द दूर करने के लिए, डाइट टिप्स भी फॉलो कर सकते हैं। इस दौरान हल्दी वाले दूध का सेवन फायदेमंद माना जाता है। हल्दी में एंटीइंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। रोजाना रात को सोने से पहले, एक गिलास गुनगुने दूध में, चुटकी भर हल्दी पाउडर मिलाकर डालें। मांसपेशियों और पसलियों में उठने वाले दर्द को दूर करने के लिए, हल्दी तेल की मालिश भी कर सकती हैं।
5. अदरक से दूर करें दर्द
अदरक में एंटीइंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। हड्डियों में उठने वाले दर्द या पसलियों के दर्द को दूर करने के लिए अदरक का इस्तेमाल करें। अदरक में एनाल्जेसिक यानी दर्दनाशक गुण पाए जाते हैं। पसलियों में दबाव के कारण, आई सूजन और दर्द को कम करने के लिए अदरक को पीसकर रस निकाल लें। इस रस को दर्द वाले हिस्से में लगाने से आराम मिलेगा।
ऊपर बताए 5 उपायों की मदद से पसलियों में होने वाले दर्द से छुटकारा मिलेगा। लेकिन इन उपायों को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह लेना न भूलें।