शरीर, मन और आत्मा सभी स्तरों पर स्वस्थ बने रहने के लिए योग और आसनों का अपना महत्व है। कई ऐसे योगसन हैं, जिनके नियमित अभ्यास से शरीर फिट और स्वस्थ रहता है साथ ही ये कई तरह के रोगों को भी आसानी से ठीक कर सकते हैं। ऐसा ही एक योगासन है गोरक्षासन, जिसके नियमित अभ्यास से किडनी और पैरों के रोगों में आराम मिलता है और वजन घटने में भी मदद मिलती है। गोरक्षासन के अभ्यास से बवासीर और पेट के रोगों में भी लाभ मिलता है। आइए आपको बताते हैं गोरक्षासन के सभी लाभ और करने की सही विधि।
अद्भुत है गोरक्षासन योग
गोरक्षासन का नाम महान योगी गोरक्षनाख के नाम पर पड़ा है। योगी गोरक्षनाथ अक्सर इसी आसन में बैठा करते थे। उनका मानना था कि चित्त की चंचलता कम करने और बौद्धिक स्तर को बढ़ाने में ये योगासन बहुत फायदेमंद है। इस अभ्यास से शरीर की जड़ता खत्म होती है और नियमित अभ्यास से मोटापा जैसी बीमारियां दूर हो जाती है, जिससे आदमी पूरी तरह तंदुरुस्त रह सकता है।
इसे भी पढ़ें:- सिर्फ इस 1 योगासन से भाग जाती हैं 5 बीमारियां, पांचवी से हर कोई है परेशान
टॉप स्टोरीज़
कैसे करें गोरक्षासन
गोरक्षासन करना बहुत आसान है। इसे किसी भी उम्र के लोग कर सकते हैं। ये है गोरक्षासन की आसान विधि-
- सबसे पहले आप जमीन पर बैठकर पांव सामने फैलाएं।
- पांवों को घुटनों से मोड़ें और अब दोनों पैरों की एड़ियां एक साथ ले आएं।
- आगे बढ़ें और शरीर को ऊपर उठाकर एड़ियों पर बैठ जाएं। ध्यान रहे छाती न मुड़े।
- दोनों घुटने जमीन से सटा हुआ रहना चाहिए।
- हाथ घुटनों पर रखें।
- रीढ़ और गर्दन सीधी रखें।
- जब तक संभव हो इसी मुद्रा में रहें और उसके बाद आरंभिक अवस्था में लौट आएं।
- यह एक चक्र हुआ।
- इस तरह आप 3 से 5 चक्र करें।
किडनी के लिए फायदेमंद गोरक्षासन
गोरक्षासन किडनी के लिए बहुत फायदेमंद है। दरअसल गोरक्षासन करते समय आपके शरीर के पिछले हिस्से पर दबाव पड़ता है, जिससे वहां का ब्लड सर्कुलेशन अच्छा हो जाता है। इसके अलावा गोरक्षासन के नियमित अभ्यास से बवासीर में भी आराम मिलता है। यह योगासन शरीर का संतुलन बनाए रखने में मदद करता है।
इसे भी पढ़ें:- रीढ़ की हड्डी के लिए वरदान है कश्यपासन, मिलते हैं ये जबरदस्त लाभ
घुटने बनेंगे मजबूत
गोरक्षासन घुटनों और जंघा के लिए भी बहुत फायदेमंद है। इसके नियमित अभ्यास से घुटनों के जोड़ों, कूल्हे, टखने, हिप्स और कमर को आराम मिलता है। इसके साथ ही ये शरीर की चर्बी घटाकर शरीर को सही आकार में लाने में भी कारगर योगासन है।
पाचन क्रिया रहेगी ठीक
अगर आपको पाचन संबंधी परेशानी है या पेट में गैस बनती है, तो रोजाना गोरक्षासन का 10 मिनट अभ्यास करें। इसके अभ्यास से आंतों और लिवर की गंदगी शरीर से बाहर निकल जाती है और पेट के सभी रोग दूर होते हैं।
किन्हें नहीं करना चाहिए गोरक्षासन
- जिन लोगों के घुटनों में दर्द की समस्या है उन्हें गोरक्षासन नहीं करना चाहिए।
- अगर एड़ी में दर्द की समस्या है, तो ये योगासन न करें।
- आंतों के रोगों और थायरॉइड के कारण मोटापा है, तो ये योगासन न करें।
ऐसे अन्य स्टोरीज के लिए डाउनलोड करें: ओनलीमायहेल्थ ऐप
Read More Articles On Benefits Of Yoga In Hindi