
हाल ही में हुए एक सर्वे से साफ हुआ है कि गर्भावस्था के दौरान व्यायाम करने से तनाव में कमी आती है और आप खुश रहती हैं। इसके साथ ही एक्सरसाइज करने से थकान भी कम महसूस होती है।
यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्टर्न ओंटारियो में एनका गैस्टन और हैरी प्रापावेसिस द्वारा किए अध्ययन के मुताबिक चार सप्ताह तक व्यायाम करने वाली गर्भवती महिलाएं निष्क्रिय रहने वाली महिलाओं की तुलना में ज्यादा प्रसन्न पाई गई। व्यायाम में भाग लेने वाली गर्भवती महिलाओं ने इस दौरान अपने ज्यादा खुश रहने की बात स्वीकार की।
व्यायाम करने के दिनों के दौरान महिलाओं के तनाव के स्तर में भी कमी आई। शोधकर्ताओं ने सर्वे के आधार पर गर्भवती महिलाओं को नियमित व्यायाम करने की सलाह दी है। शोधकर्ताओं का मानना है कि व्यायाम से महिलाएं शारीरिक रूप से स्वस्थ और खुश रहती है। साथ ही प्रेग्नेंसी के दौरान होने वाली अन्य समस्याओं की भी आशंका कम होती है।
इससे पहले यह माना जाता था कि गर्भावस्था के दौरान कई बार डिप्रेशन के साथ ही तनाव बढ़ जाता है। वैज्ञानिकों के मुताबिक गर्भावस्था के दौरान उदास या चिंतिंत रहने वाली महिलाओं के बच्चों में किशोरावस्था के दौरान कोर्टिसोल हार्मोन बढ़ने की आशंका ज्यादा रहती है। ऐसे बच्चों के मानसिक विकास पर भी असर पड़ता है।
गर्भावस्था के दौरान ज्यादा तनाव में रहने से सीजेरियन डिलीवरी की आशंका भी बढ़ जाती है। इस शोध साइकालजी एंड हेल्थ जर्नल में प्रकाशित किया जा चुका है।
Read More Health News In Hindi