शरीर का अधिक वजन या मोटापा कई गंभीर बीमारियों के जोखिम को बढ़ाता है। वजन घटाने के लिए संतुलित आहार के साथ वर्कआउट करना भी बहुत जरूरी होता है। वजन घटाने के लिए योग का अभ्यास करना भी फायदेमंद है। लेकिन अक्सर यह देखा जाता है कि मोटापे के कारण या शरीर भारी होने के कारण बहुत से लोगों को योग का अभ्यास करने में काफी कठिनाई होती है। वे किसी भी योगासन को कर पाने में असमर्थ होते हैं। ऐसा होने पर वे काफी निराश महसूस करते हैं और उनका आत्मविश्वास कम होता है। जिससे वे वर्काउट से बचने के लिए तरह-तरह के बनाते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं, कुछ ऐसे योगासन भी हैं जिनका अभ्यास ज्यादा वजन वाले या मोटापे से ग्रस्त लोग भी आसानी से कर सकते हैं? साथ ही ये योगासन आपकी तेजी से वजन घटाने में भी मदद करते हैं। इस लेख में हम आपको ऐसे 3 योगासनों के बारे में बता रहे हैं।
ज्यादा वजन वाले लोगों के लिए 3 योगासन (Easy Yoga poses for Overweight People In Hindi)
1. सर्वांगासन
सर्वांगासन का अभ्यास करने से पाचन को बेहतर बनाने और मेटाबॉलिज्म को तेज करने में मदद मिलती है। जिससे भोजन अच्छी तरह से पचता है और तेजी से कैलोरी बर्न करने में मदद मिलती है।
कैसे करें अभ्यास
- सर्वांगासन करने के लिए सबसे पहले योगा मैट पर पीठ के बल एकदम सीधे लेट जाएं।
- अब अपने पैराें काे धीरे-धीरे 90 डिग्री तक ऊपर उठाएं।
- सिर को आगे लाते हुए ठोड़ी को सीने से सटा लें।
- अपने हाथों से कमर को दाेनाें तरफ से सहारा दें।
- 20-30 सेकेंड तक इस अवस्था में रहने के बाद सामान्य अवस्था में आ जाएं।
- इसके बाद आप इस आसन को 3-5 बार दोबारा कर सकते हैं।
इसे भी पढें: रोज सुबह बच्चों के साथ करें ये 3 आसान योगासन, पूरे दिन रहेंगे एनर्जेटिक और हेल्दी
2. भुजंगासन
शरीर का वजन संतुलित रखने के लिए भुजंगासन का अभ्यास बहुत फायदेमंद माना जाता है। इसके अभ्यास से पेट की मांसपेशियों को खिंचाव मिलता है जिससे आपको पेट कम करने और एक्स्ट्रा चर्बी बर्न करने में फायदा मिलता है।
कैसे करें अभ्यास
- सबसे पहले योगा मैट पर पेट के बल लेट जाएं।
- इसके बाद हाथों को सिर के दोनों तरफ जमीन से टिका कर रखें।
- अब अपनी हथेलियों को अपने कंधों के बराबर ले जाएं।
- इसके बाद गहरी लंबी सांस लेते हुए हाथों को जमीन पर दबाते हुए शरीर को नाभि तक ऊपर की तरफ उठाएं।
- इस क्रम में सबसे सिर, फिर छाती और आखिर में पेट वाले हिस्से को ऊपर उठाएं।
- सिर को ऊपर की तरफ सांप के फन की तरह से खींचे।
- कुछ देर इसी पोजीशन में रहें और वापस शुरुआत की स्थिति में आयें।
- आप एक बार में 3 से 7 बार इसका अभ्यास कर सकते हैं।
3. उत्कटासन
इस योगासन का अभ्यास करने से आपकी पाचन शक्ति बढ़ती है और मेटाबॉलिज्म तेज होता है। आपका पाचन और मेटाबॉलिज्म जितना बेहतर होगा आपका वजन उतना तेजी से कम होगा।
कैसे करें अभ्यास
- उत्कटासन को करने के लिए सबसे पहले आपको ताड़ासन की स्थिति के बारे में पता होना चाहिए।
- सबसे पहले ताड़ासन की अवस्था में खड़े हो जाएं और गहरी लंबी सांस लेकर घुटनों को मोड़ें।
- अपने कूल्हों को नीचे लाकर अपनी रीढ़ की हड्डी को सीधा रखें। अब आप उत्कटासन की अवस्था में आ गए हैं।
- इस अवस्था में जब तक आप संतुलन बना सकते हैं तब तक बनाएं और अपनी क्षमता के अनुसार समय निर्धारित करें।
- इस आसन के दौरान गहरी लंबी सांस लेते रहें।
- अब अपने हाथों को ऊपर की तरफ लेकर जाएं और दोनों को जोड़ें। अब सीधे करने के बाद अपनी दृष्टि को हाथों की तरफ रखें और आपकी रीढ़ की हड्डी सीधी होनी चाहिए।
- कम से कम 5 से 6 बार सांस को अंदर बाहर करें और इस अवस्था में 30 से 40 सेकंड तक रहें। जब आपका संतुलन बिगड़ने लगे तो फिर से अपनी पहली वाली स्थिति में आ जाए।
इसे भी पढें: शरीर और मन को डिटॉक्स करने के लिए करें ये मुद्रा, मिलेगी शांति और रहेंगे स्वस्थ
इन योगासनों का अभ्यास ज्यादा वजन वाले लोगों के लिए बहुत फायदेमंद साबित हो सकता है। नियमित रूप से इनका अभ्यास करने से आपको निश्चित ही वजन घटाने में मदद मिलेगी।
All Image Source: Freepik.com
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version