40 की उम्र के बाद भी मेटाबॉलिज्म को कैसे रखें तेज? जानें 5 आसान उपाय

40 की उम्र के बाद कमजोर हो रहे मेटाबॉलिज्म को इन 5 उपायों से तेज करें। इन टिप्स को फॉलो करके आप 70 साल की उम्र तक स्वस्थ रह सकते हैं।
  • SHARE
  • FOLLOW
40 की उम्र के बाद भी मेटाबॉलिज्म को कैसे रखें तेज? जानें 5 आसान उपाय

जैसे-जैसे आपकी उम्र बढ़ती है, आपका मेटाबॉलिज्म धीमा होता जाता है। कमजोर मेटाबॉलिज्म के कारण कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं शुरू हो जाती हैं और कई रोगों का खतरा बढ़ जाता है। अगर आप अपने मेटाबॉलिज्म को सही रखें, तो आप अपनी जवानी को लंबे समय तक बरकरार रख सकते हैं। तमाम बॉलीवुड सेलेब्स जिन्हें देखने पर आपको लगता है कि इन्होंने उम्र को मात दे दी है, उसका कारण यही है कि ये सेलेब्स अपने मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाने के लिए मेहनत करते हैं।

अगर आप नहीं जानते हैं कि मेटाबॉलिज्म क्या है, तो हम आपको आसान भाषा में बताते हैं। मेटाबॉलिज्म शरीर में होने वाले फंक्शन्स को कहते हैं, जिसके द्वारा आप दिनभर में जो भी खाते-पीते हैं, वो एनर्जी में बदलता है। इसी एनर्जी और भोजन से मिले पोषक तत्वों के इस्तेमाल से शरीर के अंग अपना-अपना फंक्शन करते हैं और विकास करते हैं। आमतौर पर देखा जाता है कि 40 की उम्र के बाद लोगों का मेटाबॉलिज्म कमजोर होने लगता है। मगर कुछ बातों का ध्यान रखें तो आप 40 की उम्र के बाद भी अपना मेटाबॉलिज्म अच्छा रख सकते हैं।

रोज सुबह पिएं एक ग्लास गुनगुना पानी

मेटाबॉलिज्म को दुरुस्त रखने के लिए सबसे जरूरी बात ये है कि आप अपने दिन की शुरूआत एक ग्लास गुनगुने पानी से करें। सुबह खाली पेट गुनगुना पानी पीने से आपके शरीर में मौजूद टॉक्सिन्स (विषाक्त पदार्थ) बाहर निकल जाते हैं और आपका मेटाबॉलिज्म तेज होता है। इसके अलावा पानी पीने से आपका पेट अच्छी तरह साफ होता है और शरीर के अंग लंबी उम्र तक स्वस्थ रहते हैं।

इसके अलावा यह भी ध्यान रखें कि आप पूरे दिन में कम से कम 3 लीटर पानी जरूर पिएं। थोड़े-थोड़े अंतराल पर पानी पीते रहने से आपका शरीर हाइड्रेट रहता है। इससे आपकी त्वचा पर झुर्रियां, मुंहासे, आंखों के नीचे काले घेरे आदि नहीं आते हैं और पेट के आसपास जमा एक्स्ट्रा चर्बी भी बर्न होती है।

इसे भी पढ़ें: पाचन और मेटाबॉलिज्म को रखना है दुरुस्त, तो 10 मिनट में करें ये 3 व्यायाम

सुबह या शाम 30-40 मिनट एक्सरसाइज करें

40 की उम्र के बाद अपने धीमे पड़ रहे मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करने के लिए एक्सरसाइज बहुत जरूरी है। एक्सरसाइज से आपके पूरे शरीर में रक्त प्रवाह (Blood Circulation) तेज होता है और ऑक्सीजन की आपूर्ति अच्छी होती है। इससे आपके शरीर के अंग लंबे समय तक स्वस्थ रहते हैं इसलिए अच्छे से फंक्शन करते रहते हैं। आपको एक्सरसाइज के लिए बहुत ज्यादा समय निकालने की जरूरत नहीं है। रोजाना सिर्फ 30-40 मिनट एक्सरसाइज कर लेंगे, तो ये काफी होगा। ये एक्सरसाइज आप चाहें तो जिम में जाकर करें या घर के आसपास पार्क में या छत पर कर सकते हैं। अगर कुछ भी नहीं कर सकते हैं तो सिर्फ पैदल चलें, साइकिल चलाएं या बच्चों के साथ कोई खेल खेल लें।

खाने में फल-सब्जियों की मात्रा बढ़ा दें

40 की उम्र के बाद आपको अपने खानपान को लेकर थोड़ा सचेत हो जाना चाहिए। इस उम्र में गलत खानपान आपको कई गंभीर बीमारियां दे सकता है। शरीर को बीमारियों से दूर रखने के लिए और अपना मेटाबॉलिज्म अच्छा रखने के लिए रोजाना के खाने में फलों और सब्जियों की मात्रा बढ़ा दें। इसके अलावा रोजाना एक मुट्ठी नट्स (बादाम, अखरोट, काजू, पिस्ता, मूंगफली) आदि खाएं। घर के बाहर का खाना और पैकेटबंद चीजें खाना कम कर दें।

इसे भी पढ़ें: कमजोर मेटाबॉलिज्म कैसे बढ़ाता है आपके शरीर में चर्बी? जानें मोटापे के कुछ छिपे हुए कारण

घर के खाने में इन चीजों की मात्रा बढ़ाएं

घर में आप जो भी खाना बनाते हैं, उसमें कुछ बदलाव करके भी आप अपने मेटाबॉलिज्म को तेज कर सकते हैं। ऐसे बहुत सारे फूड्स हैं, जिनमें प्राकृतिक रूप से पावरफुल एंटीऑक्सीडेंटस पाए जाते हैं। इनके सेवन से आपको फायदा मिलता है। ये फूड्स हैं- लहसुन, अदरक, प्याज, दालचीनी, तेजपत्ता, काली मिर्च, इलायची, साबुत गर्म मसाले, हल्दी, अजवायन, अलसी के बीज, कद्दू के बीज, ऑलिव ऑयल, पनीर, दूध, मछली का तेल आदि।

रोजाना 8-9 घंटे सोएं

मेटाबॉलिज्म कमजोर होने का एक सबसे बड़ा कारण यह है कि आप इस उम्र में अपने शरीर को आराम कर देते हैं। आजकल टीवी, मोबाइल, लैपटॉप और दूसरे गैजेट्स के कारण वैसे ही लोग कम सोने लगे हैं। मगर पर्याप्त नींद न लेना आपके शरीर के लिए खतरनाक हो सकता है। इसलिए रोजाना 8-9 घंटे की नींद जरूर लें। किसी भी स्थिति में 7 घंटे से कम न सोएं।एक अन्य बात जो आपको ध्यान रखनी चाहिए, वो ये कि रात का खाना हमेशा सोने से 2 घंटे पहले खा लें और तनाव-चिंता से बचें।

अगर आप इन 5 टिप्स को फॉलो करते हैं, तो आप अपने मेटाबॉलिज्म को 70 साल की उम्र तक बिल्कुल दुरुस्त रख सकते हैं।

Read more articles on Miscellaneous in Hindi

Read Next

सुबह खाली पेट 1 ग्लास तुलसी का पानी पिएं, दूर होंगी सेहत से जुड़ी आपकी सभी समस्याएं

Disclaimer