
स्वस्थ शरीर के लिए सही पोषण के साथ शारीरिक व्यायाम करना भी जरूरी है। रोज व्यायाम करना शरीर को फिट रखने के साथ एनर्जेटिक रखने में भी मदद कर सकता है। शरीर को सही पोस्चर देने के साथ अंदर से डिटॉक्स करने के लिए भी व्यायाम करना असरदार माना जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं शारीरिक व्यायाम का असर हमारे बालों की ग्रोथ पर भी पड़ता है? जी हां, बालों के लिए भी व्यायाम करना फायदेमंद माना जाता है। इस बारे में और जानने के लिए हमने बात की साहिबाबाद (गाजियाबाद) के स्किन एंड हेयर केयर क्लीनिक की डर्मेटोलॉजिस्ट एंड कॉस्मेटोलॉजिस्ट डॉ कनिका कपूर ( MBBS, DVD) से, जिन्होंने हमें इस विषय पर गहनता से जानकारी दी।
क्या एक्सरसाइज बालों के लिए फायदेमंद है? (Is Exercise Good For Hair Growth)
शारीरिक व्यायाम संपूर्ण स्वास्थ्य को प्रभावित करता है। इससे शरीर अंदर से डिटॉक्स होता है, जो त्वचा और बालों को बेहतर बनाने में मदद करता है। इसके साथ ही एक्सरसाइज करने से ब्लड फ्लो बढ़ता है, जो अप्रत्यक्ष रूप से बालों की ग्रोथ के लिए लाभदायक माना जाता है।
एक्सरसाइज बालों के लिए कैसे फायदेमंद है (How Exercise Is Beneficial for Hair Health)
बालों में नैचुरल ऑयल बढ़ाएं
एक्सरसाइज करने पर बालों में गर्मी पैदा होती है, जिससे पसीना आता है। स्कैल्प में पसीना आने से नैचुरल ऑयल बनता है, जो बालों की ग्रोथ में मदद कर सकता है।
तनाव कर करने में मददगार
बाल झड़ने के अन्य कारणों में तनाव भी शामिल है। एक्सरसाइज करने पर हमारे शरीर में सेरोटोनिन नामक हार्मोन पैदा होता है, जो तनाव कम करने में मदद करता है। वहीं तनाव का स्तर कम होने पर बालों का झड़ना भी कम होता है।
नींद की गुणवत्ता में बढ़ोत्तरी
पर्याप्त आराम करने से शरीर में नए सेल्स बनते हैं, जो हेयर ग्रोथ को बढ़ावा देने में मदद कर सकते हैं। वहीं एक्सरसाइज नींद की गुणवत्ता बढ़ाने में मदद करती है, जिससे नए सेल्स बनने में मदद मिल सकती है।
इसे भी पढ़े- बालों को तेजी से बढ़ाने के लिए क्या करना चाहिए? जानें 4 उपाय
ब्लड सर्कुलेशन बेहतर बनाए
एक्सरसाइज स्कैल्प में बेहतर तरीके से ब्लड सर्कुलेशन करने में भी मदद करती है। इससे नए सेल्स बनते हैं और हेयर ग्रोथ में मदद मिल पाती है।
बालों के लिए योगासन (Yogasan For Hair Growth)
शीर्षासन
शीर्षासन करने से स्कैल्प में बेहतर ब्लड सर्कुलेशन होता है, जो बालों का झड़ना रोक कर बालों को मजबूती देने में मदद करता है।
वज्रासन
वज्रासन करने से पेट की समस्याओं में जल्द राहत मिलती है, जो कमजोर बालों का सबसे बड़ा कारण होता है। वज्रासन करने से बालों को प्राकृतिक रूप से बढ़ने में मदद मिलती है।
इसे भी पढ़े- गर्मियों में जल्दी बाल कैसे बढ़ाएं? जानें 5 तरीके और पाएं लंबे-घने बाल
बालासन
बालासन का अभ्यास तनाव कम करने में मदद करता है, जो बालों के झड़ने का बड़ा कारण माना जाता है। इसका अभ्यास बालों की हेल्दी ग्रोथ में मदद कर सकता है।
इन सभी योगासन के अभ्यास से बालों की हेल्दी ग्रोथ में मदद मिल सकती है। एक्सरसाइज बालों की ग्रोथ में मदद करने के साथ स्कैल्प को रिलैक्स रखने में भी मदद कर सकती है।