आज के समय में जिस तरह से हमारे आसपास बीमारियां बढ़ रही हैं। ऐसे में सबसे ज्यादा चिंता लोगों को अपने स्वास्थ्य की है और जो स्वाभाविक भी है। डायबिटीज, कैंसर, हृदय रोग और अब कोरोना वायरस। ऐसी तमाम गंभीर बीमारियां हैं, जो लोगों को पल भर में अपना शिकार बना लेती हैं। वहीं, दूसरी तरफ लोगों के साथ सबसे ज्यादा देखी जाने वाली दिक्कत है समय की कमी। कई लोग सुबह जल्दी उठ जाते हैं, बावजूद इसके उनके अंदर दिन भर आलस भरा होता है। वो खुद को एनर्जेटिक तो रखना चाहते हैं, लेकिन चाहते हुए भी इसके लिए वो कुछ कर नहीं पाते हैं। अगर आप भी आलस से भरे रहते हैं और चाहते हैं कि खुद को पूरा दिन एनर्जेटिक रख पाएं। तो इसके लिए आप 4 स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज कर सकते हैं और इसमें सबसे खास बात ये है कि इसके लिए आपको ज्यादा कुछ करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि आप इन एक्सरसाइज को लेटे-लेटे ही कर सकते हैं। इन्हें करने के लिए आपको सुबह बिस्तर से भी उठने की जरूरत नहीं है।
इन एक्सरसाइज का रोजाना अभ्यास करने से आपको आलस नहीं होगा और आप पूरे दिन फुर्तीले रहेंगे। तो चलिए सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट रुजुता दिवेकर से जानते हैं इन स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज को करने का तरीका।
1. स्ट्रेट-लेग लोअरिंग को करने का तरीका (Straight-Leg Lowering)
- स्ट्रेट-लेग लोअरिंग एक्सरसाइज को करने के लिए सबसे पहले पीठ के बल लेटें।
- इसके बाद अपने हाथों को बाजुओं पर रखें और पैरों को हिप्स के ऊपर एकदम सीधा रखें।
- पहले एक पैर को सीधा रखें और दूसरे को धीरे-धीरे नीचे की ओर ले जाएं और ये तब तक करें जब तक कि ये पैर बिस्तर के ऊपर न आ जाए।
- अब पुरानी पोजीशन में वापस आएं और फिर इसी प्रक्रिया को दोहराएं।
- इस एक्सरसाइज को करते समय आपकी पीठ बिस्तर से चिपकी हुई होनी चाहिए।
2. सुपाइन ट्विस्ट करने का तरीका (Supine Twist)
- सुपाइन ट्विस्ट एक्सरसाइज को करने के लिए सीधे लेट जाएं।
- इतना करने के बाद आप अपने हाथों को कंधों को बराबर पंखों की तरह फैलाएं।
- इस समय आपका शरीर अंग्रेजी के अक्षर 'टी' के आकार का बनेगा।
- अब अपने दाएं पैर को घुटने से मोड़ें और ऊपर उठाएं।
- सांस छोड़ें और अपने दाएं कूल्हे को उठाकर पीठ को बाईं तरफ मोड़ें।
- इसके बाद अपने सिर को घुमाकर विपरीत दिशा की तरफ देखें।
- इसी पोजीशन में 10 बार गहरी सांस लें।
- दूसरी तरफ से भी इसी प्रोसेस को दोहराएं।

3. नी टू चेस्ट स्ट्रेच को करने का तरीका (Knee To Chest Stretch)
- सीधे लेटकर अपने हाथों की मदद से एक घुटने को मोड़कर छाती के पास लाएं।
- इसी अवस्था में 20 सेकेंड के लिए रहें।
- अब वापस पुरानी पोजीशन में आएं और ऐसा दूसरे पैर से भी करें।
.jpg)
4. फुल-बॉडी स्ट्रेच को करने का तरीका (Full Body Stretch)
- फुल-बॉडी स्ट्रेच को करने के लिए सबसे पहले गहरी सांस लें और अपनी बाजुओं को ऊपर उठाएं।
- बाजुओं को ऊपर उठाकर अपनी उंगलियों को पकड़ें।
- हथेलियों को स्ट्रेच देते हुए सिर के पीछे मोड़ें।
- अब अपने घुटनों को सीधा रखें और पैरों की उंगलियों को उपने बाजुओं से दूर रखें।
- इसी अवस्था में 5 तक की गिनती गिनें।
- अब सांस छोड़ते हुए आरामदायक मुद्रा में आएं।
- इस स्ट्रेच एक्सरसाइज को 3 बार करें।